रिपोर्ट-मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । पूर्व पार्षद ललित कश्यप ने दिल्ली पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और विशेष रूप से एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान को लेकर काफी देर तक सार्थक चर्चा हुई।
ललित कश्यप ने प्रदेश अध्यक्ष को क्षेत्रीय स्तर पर चल रहे एसआईआर अभियान की जमीनी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका, आम जनता की भागीदारी और आ रही चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एसआईआर अभियान को लोकतंत्र को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता से ही भाजपा को मजबूती मिलती है।
बैठक के दौरान आगामी चुनावी तैयारियों, संगठन विस्तार और जनसंपर्क कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और दोनों नेताओं ने मिलकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें