गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव तथा आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजेश गुप्ता, राष्ट्रीय सह प्रभारी, नीति एवं शोध विभाग, ओबीसी मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी ने ADCP ट्रैफिक श्री वरुण सिंह जी से मुलाकात की। इस दौरान सिद्धार्थ विहार पुलिस चौकी चौराहे सहित क्षेत्र की यातायात व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यक सुधारों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान स्पीड ब्रेकर/रम्बल स्ट्रिप की व्यवस्था, गोलचक्कर (राउंडअबाउट) के विस्तार तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरा एवं स्वचालित चालान व्यवस्था की आवश्यकता का विषय प्रमुखता से रखा गया।
राजेश गुप्ता ने बताया कि सिद्धार्थ विहार में यातायात व्यवस्था से संबंधित आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए उनके द्वारा नगर निगम एवं आवास विकास परिषद को पत्र भी लिखा गया है। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर क्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत कराया तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि सिद्धार्थ विहार क्षेत्र में यातायात से संबंधित जो भी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जानी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
ADCP ट्रैफिक श्री वरुण सिंह जी ने प्रस्तुत समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय की दिशा में पहल की। उन्होंने आवास विकास परिषद एवं नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र जारी करने की पहल की है।
इस अवसर पर राजेश गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सेवा, क्षेत्र के विकास और राष्ट्र के बेहतर निर्माण के लिए जमीन पर उतरकर कार्य करना, जनता की समस्याओं को समझना, उनका वास्तविक समाधान कराना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना ही उनका परम कर्तव्य है और सदैव रहेगा।
इसी क्रम में गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस की “दो गज पीछे” पहल को भी सिद्धार्थ विहार क्षेत्र में संचालित किया जाएगा। राजेश गुप्ता के आग्रह पर इस अभियान के माध्यम से सड़क किनारे संचालित दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को निर्धारित सीमा के भीतर रहने के लिए जागरूक किया जाएगा तथा यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को व्यवस्थित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
राजेश गुप्ता ने क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर निर्धारित सीमा से बाहर अतिक्रमण न करें, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।



















































