गाजियाबाद । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समरकूल के चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता को भाजपा उत्तर प्रदेश के लघु उद्योग प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा शनिवार को जारी सूची में लघु उद्योग प्रकोष्ठ के संयोजक के रूप में संजीव गुप्ता के नाम की घोषणा की गई।
प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी मिलने के बाद संजीव कुमार गुप्ता अपने छोटे भाई राजीव कुमार गुप्ता के साथ अपने पैतृक गांव सपनावत स्थित माता रानी के मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
मंदिर प्रांगण में ही स्थापित अपने पूज्य माता-पिता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्होंने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भावुक क्षण के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। स्वयं संजीव गुप्ता और राजीव गुप्ता ने अपने हाथों से भंडारा परोसा।
इस अवसर पर संजीव गुप्ता ने कहा कि "यह दायित्व मेरे लिए गर्व का विषय है। माता रानी और अपने माता-पिता के आशीर्वाद से मैं लघु उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा। भाजपा ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।"



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें