गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026

आईपीईसी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के सहयोग से रोपे पौधे

 





मुकेश गुप्ता

पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का दिया संदेश, छात्र-शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

साहिबाबाद। इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी) में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के सहयोग से आयोजित अभियान में कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के एजीएम फाइनेंस राजेन्द्रन श्रीनिवास, सीनियर डीजीएम क्यूएस सुभाष नायक, आईपीईसी के वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, निदेशक आकांक्षा अग्रवाल, आईसीएआई के वाइस प्रेसिडेंट मनोज कुमार आनंद, सीएमए शिवम शर्मा, कैंपस डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) डीके शर्मा और डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) अमित जैन ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

अभियान के तहत कॉलेज परिसर के विभिन्न निर्धारित क्षेत्रों में देशज प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विभागाध्यक्षों, फैकल्टी सदस्यों, संस्थागत कर्मचारियों और इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण और देखभाल का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी या संस्थागत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधारोपण जैसे अभियान आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की संयुक्त पहल ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए उन्हें सतत विकास और हरित भविष्य के प्रति जागरूक किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें