गाजियाबाद, 14 नवंबर 2026: बाल दिवस के शुभ अवसर पर आज शनिवार को विजयनगर स्थित रोज़ बेल पब्लिक स्कूल में एक भव्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सरदार जोगेंद्र सिंह एवं प्रधानाचार्या श्रीमती धरमजीत कौर द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक (डायरेक्टर) सरदार बलप्रीत सिंह भी विशेष रूप से बताया की मेले में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने फैशन शो, डांस, हेलोवीन डिस्को, मैशअप, सोलो सॉन्ग तथा पंजाबी व हरियाणवी लोक नृत्य सहित अनेक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें सभी ने खूब सराहा।
इस आयोजन की मुख्य विशेषता विद्यार्थियों द्वारा स्वयं लगाए गए फूड और खेलों के स्टॉल्स रहे। बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल्स के साथ-साथ वीआर (VR) गेम्स और 'इलेक्ट्रिक वायर गेम' जैसे रचनात्मक खेल खुद तैयार किए। विद्यालय के निदेशक सरदार बलप्रीत सिंह ने बताया कि बच्चों द्वारा स्वयं फूड आइटम्स और ये तकनीकी खेल बनाने से उनमें आत्मनिर्भरता, टीम वर्क और व्यावहारिक कौशल (स्किल्स) विकसित होते हैं। इसके अतिरिक्त, मेले में 'हॉन्टेड हाउस' मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसका रोमांच लेने के लिए बड़ी संख्या में बच्चों ने टिकट खरीदे और भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में लकी ड्रॉ के माध्यम से विजेताओं का चयन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं और लकी ड्रॉ में विजेता रहे अभिभावकों को प्रधानाचार्या श्रीमती धरमजीत कौर द्वारा उपहार (गिफ्ट्स) भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं। हर्षोल्लास और उत्साह से भरा यह भव्य आयोजन सभी के लिए अत्यंत यादगार बन गया।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें