रविवार, 4 जून 2023

उत्थान समिति द्वारा प्लास्टिक प्रदूषण पर बच्चों के मध्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन 5 जून को


                मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद। "विश्व पर्यावरण दिवस"- 2023 के अवसर पर 5 जून को उत्थान समिति द्वारा प्लास्टिक प्रदूषण पर जागरूक किया जायेगा एवं बच्चों के मध्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण के सहयोग से किया जायेगा। 

उत्थान समिति एवं ग़ाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण के द्वारा "विश्व पर्यावरण दिवस" के मौक़े पर 5 जून 2023 को सिटी फारेस्ट राजनगर एक्सटेंशन ग़ाज़ियाबाद में विभिन्न स्कूलों के बच्चों के मध्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 

सत्येन्द्र सिंह (पर्यावरणविद) एवं चेयरमैन उत्थान समिति ने कहा है कि "विश्व पर्यावरण दिवस"- 2023 पूरी दुनिया में 5 जून को मनाया जाएगा। इस दिन को मनाने के पीछे का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण रक्षा के प्रति जागरुक करना है। विश्व पर्यावरण दिवस UNEP (संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम) द्वारा आयोजित एक वैश्विक कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूरे विश्व में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। विश्व पर्यावरण दिवस पहली बार 1974 में मनाया गया था और तभी से हम इसे हर साल 5 जून को मनाते हैं। यह अभियान दुनिया की आबादी तक पहुंचने और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्रवाई करने के लिए प्रोत्साहित करने का एक उत्कृष्ट मंच है। विश्व पर्यावरण दिवस पर्यावरणीय समस्याओं और पर्यावरणीय स्थिरता के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान है। धरती माता की रक्षा के लिए इस महत्वपूर्ण पर्यावरणीय आयोजन में सभी को भाग लेना चाहिए।

हर साल, संयुक्त राष्ट्र एक नई विश्व पर्यावरण दिवस थीम की घोषणा करता है। सेमिनार और सम्मेलन जैसे जश्न मनाने वाले कार्यक्रम वर्ष की चुनी हुई थीम के इर्द-गिर्द घूमते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस 2023 की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण का समाधान” है। थीम के साथ हैशटैग #BeatPlasticPollution का इस्तेमाल किया जाएगा।इस वर्ष की थीम लोगों को प्लास्टिक के उपयोग को छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने और इसे पर्यावरणीय गिरावट के स्रोत के रूप में पहचानने पर केंद्रित है। इस मौके पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्लास्टिक के उपयोग के कारण पर्यावरण को हो रहे नुकसान के विषय में जागरूक किया जायेगा। "द्रौपदी एक आवाज" एवं "भागीरथ पब्लिक स्कूल" के बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की जाएगी। सत्येन्द्र सिंह (पर्यावरणविद) एवं चेयरमैन उत्थान समिति ने कहा है कि इस अवसर पर "फ़ायब्रोस" एवं "संघवी श्रीमती मोहनदेवी सोवलचंद जैन फाउंडेशन" एवं "भागीरथ पब्लिक स्कूल" के सहयोग से हिण्डन के किनारे सफाई अभियान, एवं वृक्षारोपण का कार्यक्रम सिटी फारेस्ट में किया जायेगा। इस अवसर पर लोगों को सैप्लिंग्स एवं कॉटन बैग का वितरण किया जायेगा ताकि लोगों के मध्य प्लास्टिक का उपयोग न करने हेतु जागरूकता फैलाई जा सके। और “पर्यावरण के लिए प्लास्टिक है खतरनाक, फिर भी हम नहीं करते इसका विनाश” विषय के में जानकारी दी जाएगी।  

इसमें भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतियोगी को सहभागिता प्रमाण पत्र दिए जाएँगे । तथा स्कूलों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले ३ स्कूलों को भी अवार्ड मिलेगा । 

सत्येन्द्र सिंह (पर्यावरणविद) एवं चेयरमैन उत्थान समिति ने कहा है कि जो भी स्कूल इस प्रतियोगिता में भाग लेना चाहते हैं वे अविलंब अपने बच्चों की संख्या के साथ व्हाट्स एप न - 9818697406 या ई मेल - utthanindiagzb@gmail.com पर अपनी डिटेल भेजें । यदि कोई स्कूल नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन करना चाहता है तो उसका भी स्वागत है । 




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें