शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2026

गोदान’ फिल्म का विरोध कट्टरपंथी और आतंकी सोच का प्रदर्शन, नंद किशोर गुर्जर

 


                             मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद। लोनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने फिल्म ‘गोदान’ के विरोध को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। जारी एक प्रेस रिलीज में उन्होंने कहा कि यह बयान उनकी निजी हैसियत में है। वह इसे एक गौभक्त के रूप में रख रहे हैं। विधायक ने फिल्म को भारतीय संस्कृति में गाय और पंचगव्य के महत्व को रेखांकित करने वाली बताते हुए कहा कि इसमें गो-संरक्षण का वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया है, जो समय की जरूरत है।

नंद किशोर गुर्जर ने फिल्म के विरोध को “कट्टरपंथी मानसिकता” का परिणाम बताते हुए कहा कि यह न तो संवैधानिक मूल्यों में आस्था रखने वालों का विरोध है और न ही लोकतांत्रिक सोच का। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। विधायक ने यह भी दावा किया कि ऐसे संगठनों की भूमिका गौ-तस्करी और देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े मामलों में पहले भी विवादों में रही है।

प्रेस विज्ञप्ति में विधायक ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि पार्टी का इतिहास ऐसे मुद्दों पर विवादास्पद रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें परोक्ष रूप से उन समूहों का समर्थन करती रही हैं, जो हिंदू समाज की आवाज दबाने की कोशिश करते हैं।

विधायक ने स्पष्ट किया कि संविधान सभी को अपनी बात रखने का अधिकार देता है, लेकिन धमकी और दबाव के जरिए विरोध करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सिनेमा घरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और फिल्म के विरोध के नाम पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि यदि फिल्म ‘गोदान’ के प्रदर्शन के दौरान जबरन हंगामा या डर का माहौल बनाया गया, तो हिंदू संगठन और उनके समर्थक शांतिपूर्ण तरीके से इसका विरोध करेंगे। उन्होंने फिल्म निर्माता विनोद चौधरी और उनकी टीम की सराहना करते हुए लोगों से अपील की कि वे फिल्म देखें और दूसरों को भी देखने के लिए प्रेरित करें।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें