शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2026

8 फरवरी को कवि नगर रामलीला मैदान में होगा विराट हिंदू सम्मेलन--डा० अतुल जैन



                           मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शताब्दी वर्ष के अवसर पर हिंदू जागरण, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 8 फरवरी 2026 को कवि नगर के रामलीला मैदान में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे से शुरू होकर शाम 5:00 बजे तक चलेगा। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया गया है और हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

इस संबंध में हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष ललित जायसवाल की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। श्री जायसवाल ने इस मौके पर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा मीडिया के साथ साझा की और उन्होंने आह्वान किया  कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इस भव्य और सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। 

सचिव डॉ. अतुल कुमार जैन ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में स्वामी दीपांकर, पवन सिन्हा , जीवन ऋषि महाराज, अरविंद भाई ओझा और नवनीत प्रिय दास की उपस्थिति रहेगी, जो हिंदुत्व, सनातन धर्म, संस्कार और राष्ट्र प्रेम पर अपने विचार रखेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समूह गान, देशभक्ति नृत्य, शिव तांडव और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि-कवयित्रियों द्वारा सनातन धर्म, राष्ट्र प्रेम और भारतीय संस्कृति पर काव्य पाठ भी किया जाएगा। लखनऊ के कवि कमल आग्नेय और गाजियाबाद की कवयित्री अंजू जैन का विशेष काव्य पाठ रहेगा। आयोजन समिति और स्थानीय निवासियों द्वारा सम्मेलन की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। विभिन्न ब्लॉकों में प्रभात फेरी, निमंत्रण पत्र वितरण और होर्डिंग्स व पोस्टर लगाए गए हैं। कार्यक्रम के अंत में जलपान की व्यवस्था भी की गई है। प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें