मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद। प्रताप विहार सेक्टर-11 क्षेत्र में संस्था संचालन को लेकर लंबे समय से चल रहे असंतोष के बीच क्षेत्रवासियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाते हुए नई रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) का गठन किया है। शीर्ष नेतृत्व के कथित मनमाने एवं निरंकुश व्यवहार से असंतुष्ट अधिकांश निवासियों ने बैठक कर नई कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव पारित किया।
बैठक में सर्वसम्मति से “प्रताप विहार सेक्टर 11 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन” के गठन का निर्णय लिया गया। इसके बाद संस्था के पदाधिकारियों ने अधिनियम संख्या 21, 1860 (सोसायटी पंजीकरण अधिनियम) के तहत आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करते हुए विधिवत पंजीकरण के लिए आवेदन किया।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के उपरांत 25 फरवरी 2026 को डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स कार्यालय द्वारा संस्था को पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। प्रमाणपत्र प्राप्त होने के साथ ही नई आरडब्ल्यूए को आधिकारिक मान्यता मिल गई है।
संस्था के संरक्षक सलेक चंद शर्मा और सुंदर लाल भाटी ने बताया कि नई आरडब्ल्यूए का गठन पूर्ण पारदर्शिता, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों को आधार बनाकर किया गया है। संस्था का उद्देश्य किसी भी प्रकार के विवाद से बचते हुए आपसी समन्वय के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना तथा सभी निवासियों को सदस्य बनने का अवसर प्रदान करना है।
पंजीकरण प्रमाणपत्र मिलने के बाद सेक्टर-11 के ए, बी, सी, डी, ई, एफ एवं जी ब्लॉकों के सामाजिक एवं गणमान्य लोगों की एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, कार्ययोजना एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से विश्वास जताया कि संस्था अपने घोषित उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करते हुए सभी ब्लॉकों में स्वच्छता, सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देगी।
संस्था नवनिर्वाचित अध्यक्ष तेजेश चौहान एवं अन्य सभी पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही प्रताप विहार सेक्टर-11 को एक आदर्श आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें