मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी), गाजियाबाद के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा 24 फरवरी को एफडीएम तकनीक आधारित 3डी प्रिंटिंग विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में डिप्लोमा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 3डी प्रिंटिंग तकनीक का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों को 3डी प्रिंटर के प्रमुख भागों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही 3डी प्रिंटिंग में उपयोग होने वाले विभिन्न प्रकार के फिलामेंट एवं उनके गुणों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में 3डी प्रिंटिंग के विभिन्न क्षेत्रों जैसे शिक्षा, डिजाइन, उत्पाद विकास, विनिर्माण तथा अन्य औद्योगिक अनुप्रयोगों में इसके महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
विभागाध्यक्ष (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) डॉ. पंकज कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान औद्योगिक परिदृश्य में 3डी प्रिंटिंग जैसी उन्नत तकनीकों का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपने कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के निदेशक डॉ. बी. सी. शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल, नवाचार क्षमता एवं उद्योगोन्मुख दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल ने भी विभाग के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण और तकनीकी समझ ही विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है।
कार्यशाला का समन्वय मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री अंकित द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्रों ने, कार्यशाला को अत्यंत ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें