मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची को सशक्त एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में भाजपा महानगर कार्यालय, नेहरू नगर पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी तीन दिनों में अभियान को और अधिक प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने हेतु बूथ स्तर पर घर-घर जाकर फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि “लोकतंत्र की मजबूती मतदाता सूची की शुद्धता से जुड़ी है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान में राष्ट्रसेवक की भूमिका निभा रहा है। आने वाले तीन दिन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, अतः सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु सक्रिय सहयोग प्रदान करें।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि युवाओं, नवविवाहितों, नए स्थान पर आए नागरिकों तथा अब तक सूची से वंचित पात्र मतदाताओं तक पहुँच बनाकर उन्हें फार्म-6 भरवाने में पूर्ण सहायता दी जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।
मयंक गोयल ने आगे कहा कि “भारतीय जनता पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षक रही है। संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर समन्वय, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सशक्त करने का संकल्प है।”
बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर महामंत्री पप्पू पहलवान, राजेश त्यागी, उपाध्यक्ष बॉबी त्यागी, रनिता सिंह , अभियान महानगर संयोजक सुभाष चंद्र शर्मा, महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी सहित भाजपा महानगर के अन्य पदाधिकारी एवं SIR अभियान से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने हेतु पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें