गाजियाबाद । राजनगर एक्सटेंशन स्थित श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल में गणेश हॉस्पिटल की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिराज फाउंडेशन तथा उज्जवल भारत मिशन के संयुक्त संयोजन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान गणेश हॉस्पिटल की सीईओ डॉ मोनिशा शर्मा एवं उज्जवल भारत मिशन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी भारद्वाज ने बच्चों को ह्यगुड टच-बैड टचह्ण, व्यक्तिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, संतुलित खानपान तथा सोशल मीडिया के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों ने इन महत्वपूर्ण विषयों को गंभीरता से सुना और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। साथ ही हॉस्पिटल की मेडिकल टीम द्वारा सभी बच्चों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
बिराज फाउंडेशन की ओर से डॉ निशा ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में प्रेरित किया और जीवन में शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। विद्यालय की प्रिंसिपल प्रीति तिवारी ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
बिराज फाउंडेशन के संस्थापक एवं गणेश हॉस्पिटल के जनरल मैनेजर डॉ बिराज ने कहा कि उनकी संस्था सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहेगी। वहीं उज्जवल भारत मिशन के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने बताया कि उनकी संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, बाल अधिकार एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।
इस अवसर पर उज्जवल भारत मिशन के संस्थापक अध्यक्ष उमेश शर्मा, विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी दिलीप जी सहित स्कूल प्रबंधन, समस्त स्टाफ, गणेश हॉस्पिटल की मेडिकल टीम और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें