रविवार, 15 नवंबर 2026

श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में प्रभात फेरी का भव्य आयोजन

 







मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सिमरन सभा, भूड़ भारत नगर, गाजियाबाद द्वारा आयोजित प्रभात फेरी श्रद्धा, उत्साह एवं भक्ति भाव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

प्रभात फेरी का उद्देश्य 24 नवंबर को आयोजित होने वाले श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के प्रति क्षेत्रवासियों एवं साध-संगत में जागरूकता और उत्साह उत्पन्न करना था। प्रातःकाल गुरुद्वारा साहिब में अरदास के पश्चात प्रभात फेरी आरंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में साध-संगत ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गुरबाणी एवं शबद-कीर्तन के माध्यम से समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रभात फेरी के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर संगत द्वारा श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया तथा जलपान एवं अन्य सेवा के स्टॉल लगाए गए।

इस अवसर पर गाजियाबाद के विधायक संजीव शर्मा जी भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने साध-संगत से मुलाकात की, सभी का कुशलक्षेम जाना तथा संगत के सदस्यों से आत्मीयता के साथ भेंट एवं अभिवादन किया। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की समस्त संगत को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सरदार जोगेंद्र सिंह जी ने प्रभात फेरी को सफल बनाने में सहयोग देने वाली समस्त साध-संगत, क्षेत्रवासियों, सेवादारों एवं स्टॉल लगाकर सेवा करने वाले सभी परिवारों का हार्दिक धन्यवाद किया। सेवा में योगदान देने वाले परिवारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।


24 नवंबर को होगा मुख्य प्रकाश पर्व समारोह

गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सिमरन सभा द्वारा आगामी मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व एवं भव्य कीर्तन दरबार श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे श्री सुखमनी साहिब के पाठ से होगा। इसके पश्चात सहज पाठ का भोग, चाय का लंगर तथा भाई अमरजीत सिंह जी (हजूरी रागी), भाई गुरदीप सिंह जी एवं भाई करणवीर सिंह जी (यूके वाले) द्वारा गुरबाणी कीर्तन किया जाएगा। कार्यक्रम की समाप्ति अरदास एवं गुरु के अटूट लंगर के साथ होगी।

गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने समस्त साध-संगत एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने एवं गुरु घर की खुशियों में शामिल होने की विनम्र अपील की है।




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें