गुरुवार, 19 मार्च 2026

जल्द ही मिलेगा गंगा जल गौर सिद्धार्थम,सिद्धार्थ विहार में — विधायक संजीव शर्मा

 


मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । शहर विधायक संजीव शर्मा ज़ी ने सिद्धार्थ विहार स्थित गौर सिद्धार्थम सोसाइटी के हजारों निवासियों की पेयजल समस्या को लेकर बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने जिलाधिकारी महोदय गाजियाबाद से आज निवास पर मुलाक़ात कर सोसाइटी में गंगा जल आपूर्ति शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।

गौरतलब है कि सोसाइटी में करीब 2400 से अधिक परिवार और 10,000 से ज्यादा लोग निवास करते हैं, जो लंबे समय से खराब पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। यहां पानी का टीडीएस स्तर लगभग 2500 होने के कारण यह स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ है।

विधायक ने स्पष्ट किया कि सिद्धार्थ विहार गंगनहर के पास स्थित है, जिससे यहां गंगाजल की आपूर्ति करना संभव है, लेकिन अब तक सोसाइटी को गंगा जल सप्लाई से नहीं जोड़ा गया है।

उन्होंने मांग की है कि तुरंत कार्रवाई करते हुए सोसाइटी को गंगा जल लाइन से जोड़ा जाए, ताकि हजारों लोगों को राहत मिल सके।

मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने कहा कि यह जनता से जुड़ा बड़ा मुद्दा है और विधायक संजीव शर्मा लगातार इसके समाधान के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही क्षेत्रवासियों को स्वच्छ गंगाजल उपलब्ध होगा और यह समस्या समाप्त होगी।

उन्होंने कहा कि जनता की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाना और उसका समाधान कराना ही विधायक ज़ी का संकल्प है।

इस अवसर सोसाइटी से राम बाबू शर्मा, पार्षद संतोष राणा,प्रमोद गर्ग, अमित सिंह,रवि गुप्ता, रविकांत,मोहर सिंह, रवि गुप्ता, शिवकुमार सहित अनेक प्रबुद्ध व्यक्ति मौजूद रहे..

                    


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में की श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना, अब नए वर्ष पर परिवार के साथ मंदिर जाते हैं लोग: मुख्यमंत्री

 





संवाददाता

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम यंत्र प्रतिष्ठापना कार्यक्रम

सनातन विरोध वाले स्थानों पर नहीं जाती वर्तमान पीढ़ी: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा, दुनिया में युद्ध चल रहे और हम कर रहे रामराज्य की अनुभूति

अयोध्या/लखनऊ, 19 मार्च । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना की। इस अवसर पर राष्ट्रपति की उपस्थिति में गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने सबसे पहले प्रदेशवासियों को भारतीय नवसंवत्सर की शुभकामना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू मैया अयोध्या धाम को पवित्र करते हुए अपने निर्मल जल से पूरे क्षेत्र को पवित्र करती हैं। रामराज्य की अनुभूति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में युद्ध चल रहे हैं और हम श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना कार्यक्रम में सहभागी बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने वर्तमान पीढ़ी की प्रशंसा की और कहा कि यह पीढ़ी नववर्ष पर ऐसे किसी टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर नहीं जाती, जहां सनातन के विरोध में कोई कार्य हो रहा है। वह नए वर्ष पर परिवार के साथ मंदिर जाती है।

हर सनातन धर्मावलंबी व सच्चा भारतीय आनंदित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व-मार्गदर्शन में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन, श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा, रामदरबार के पवित्र विग्रह की स्थापना, ध्वजा आरोहण और आज श्रीराम यंत्र की स्थापना का कार्यक्रम हर सनातन धर्मावलंबी व सच्चे भारतीय को आनंद से विभोर कर देता है और यही भारत की आस्था है। 

राम मंदिर को अंधविश्वास बताने वाले सत्ता बचाने के लिए नोएडा नहीं जाते थे

सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा, कहा कि आस्था को अंधविश्वास कहकर अपमानित किया गया था। इसे अपमानित करने वाले वही लोग हैं, जो सत्ता बचाने के लिए नोएडा नहीं जाते थे। नोएडा न जाना उनके लिए अंधविश्वास नहीं था, लेकिन राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, कृष्ण-कन्हैया के मथुरा-वृंदावन की बात करना अंधविश्वास का पर्याय था। लेकिन जो आस्था 500 वर्ष तक निरंतर बनी रही, संघर्षों का मुकाबला करती रही, वह न रुकी, न डिगी और न झुकी। आस्था को अपमानित करने वाली सत्ता के खिलाफ संघर्ष निरंतर जारी रहा। अंततः वह दिन आया, जब अयोध्या इस रूप में सबके सामने है। 

श्रीराम मंदिर भारत के राष्ट्र मंदिर का बना प्रतीक

सीएम योगी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर भारत के राष्ट्र मंदिर का प्रतीक बन गया है। यह रामराज्य की आधारशिला भी है। दुनिया में तमाम युद्ध चल रहे हैं, अव्यवस्था, आर्थिक अराजकता, भय-आतंक है और अयोध्याधाम में हजारों की संख्या में उपस्थित हम लोग भयमुक्त होकर राष्ट्रपति जी के अभिवादन और श्रीराम यंत्र की स्थापना कार्यक्रम में सहभागी बनकर रामराज्य की अनुभूति कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि भारत इसलिए भारत बना है, क्योंकि इसे ऋषि-मुनियों की तपस्या, अन्नदाता किसानों के परिश्रम, कारीगरों की उद्यमिता और भारत की आस्था ने सदैव ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के रूप में बनाए रखा। श्रीराम जन्मभूमि यज्ञ की पूर्णाहुति कार्यक्रम के साथ जुड़कर न केवल प्रदेशवासी, बल्कि देश-दुनिया के सनातन धर्मावलंबी के मन में भी आनंद की अनुभूति हो रही है।

2025 में 156 करोड़ श्रद्धालु आए उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2025 में 156 करोड़ श्रद्धालु-पर्यटक धार्मिक व आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा करने उत्तर प्रदेश आए। अयोध्या, काशी, प्रयागराज महाकुम्भ, मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने जितने लोग आए, उतनी आबादी कई देशों की नहीं है। यह नया और बदलता भारत है। वर्तमान पीढ़ी अब दिग्भ्रमित नहीं है, वह सही दिशा में जा रही है। वह नए वर्ष पर परिवार के साथ मंदिर जाती है। लोग किसी ऐसे टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर नहीं जाते, जहां सनातन के विरोध में कोई कार्य हो रहा है।

सीएम योगी ने बलिदान देने वाले रामभक्तों, संतों को किया नमन

सीएम ने राम मंदिर निर्माण यज्ञ में योगदान देने वाले संतों, रामभक्तों, कारीगरों/श्रमिकों का अभिनंदन किया। उन्होंने आंदोलन के दौरान बलिदान देने वाले रामभक्तों के साथ ही संतों व दिवंगत विहिप नेता अशोक सिंहल आदि को नमन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को स्मृति चिह्न प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने किया।

इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मां अमृतानंदमयी (अम्मा), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक भैया जी, श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, ट्रस्टी अनिल मिश्रा, मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले कारीगरों के पारिवारिक सदस्यों समेत हजारों रामभक्त मौजूद रहे।

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी : जितेन्द्र बच्चन



संवाददाता

ग्रेटर नोएडा । पत्रकार वेलफेयर एसोएिशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने कहा है कि सरकार यह तो मानती है कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और स्वतंत्र पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। लेकिन लोकतंत्र के चौथे स्तंभ (प्रेस) को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी है, इस पर वह कभी गंभीर नहीं दिखती। जबकि एक स्वतंत्र और निष्पक्ष मीडिया, पत्रकारिता की सुरक्षा व प्रेस की स्वतंत्रता का सम्मान करके ही सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रख सकती है।

वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन बुधवार को अखिल भारतीय गूर्जर महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बीएस रावत से देश में पत्रकारों पर हो रहे हमले व उनकी समस्याओं पर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों को चाहिए कि वे जनप्रतिनिधियों, विधायकों और सांसदों के साथ मिलकर सरकार के समक्ष पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्रता और उनकी मूलभूत समस्यों का मुद्दा उठाएं। क्योंकि पत्रकार जनता और सरकार के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करता है। एक जीवंत और स्वतंत्र पत्रकार सत्ता को जवाबदेह ठहराकर और हाशिए पर पड़े लोगों की आवाज बनकर लोकतंत्र को मजबूत करता है। इसलिए उनके अधिकारों, समस्याओं और जरूरतों के लिए सामाजिक संगठनों को भी मीडिया के लिए संघर्ष करना चाहिए।

बच्चन ने कहा है कि जब एक पत्रकार समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने में पीछे नहीं रहता तो देश के सामाजसेवी, बुद्धिजीवी और सामाजिक संगठनों क्यों पत्रकार हितों के लिए आगे नहीं आते? ऐसे तमाम सामाजिक संगठनों को यह समझना होगा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारों की गरिमा का सम्मान होना चाहिए। आखिर एक पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी मेहनत और समर्पण के साथ निरंतर कार्य करता है तो क्या आम लोगों का यह फर्ज नहीं बनता कि वह विधायकों, सांसदों और मंत्रियों को सरकार के समक्ष पत्रकारों का मुद्दा उठाने के लिए उन पर दबाव बनाए। उन्हें प्रेरित करे कि सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और उनके हितों के लिए प्रतिबद्ध हो।

अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने अपने एक्स हैडिंल के जरिए सरकार से भी मांग की है कि वह पूरे देश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करे। एक पत्रकार को 20 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा दी जाए। युवा पत्रकारों को 10 हजार और वरिष्ठ पत्रकारों को 25 हजार रुपये प्रति माह गुजारा भत्ता मिलना चाहिए। साथ ही आवास विकास एवं विकास प्राधिकरण के माध्यम से पत्रकारों को रहने के लिए भवन उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

22 मार्च को रामलीला मैदान कवि नगर मे होगा डॉग शो का आयोजन-डा० दीपक चौधरी



मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । कल्याणी चैरिटेबल ट्रस्ट, गाज़ियाबाद द्वारा दिनांक 22 मार्च 2026 (रविवार) को रामलीला मैदान, कवि नगर, गाज़ियाबाद में सायं 4:30 बजे से एक डॉग शो का आयोजन किया जा रहा है। 

डॉग शो  आयोजन समिति के प्रेजिडेंट डॉ दीपक चौधरी ने बताया कि डॉग शो रामलीला मैदान कवि नगर में आयोजित किया जा रहा है .डॉग शो का उद्घाटन गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष   श्री नन्द किशोर कलाल द्वारा तथा स्मारिका विमोचन  श्री विक्रमादित्य मलिक नगर आयुक्त , नगर निगम गाज़ियाबाद द्वारा किया जायेगा ।

डॉग शो  आयोजन समिति  के सचिव डॉ राहुल ने बताया की शो के आयोजन का समय, मौसम को देखते हुए , 4.30 शाम से रात 9 बजे तक रखा गया है, उसके उपरांत पुरूस्कार वितरण होगा ।

आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष  डॉ हिमांशु बंसल ने जानकारी दी की अब तक लगभग 200 प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी है और लगभग 30 प्रजातियों के डॉग्स का जजमेंट किया जायेगा ।

डॉ दर्पण गोयल ने बताया की डॉग शो का जजमेंट पंजाब से आये हुए जाने माने जज श्री कोमल धनोआ करेंगे। 

डॉग शो  के इवेंट मैनेजर सुयश भाटिया ने जानकारी दी  कि  प्रत्येक डॉग एवं कैट एंट्री का शुल्क 1000 रुपया है , इसके साथ ही एक पैट  फैशन शो भी आयोजित किया जायेगा ।

डॉ अभिषेक  ने बताया कि डॉग्स के उत्पाद , फ़ूड , स्नैक्स, दवाई बनाने वाली लगभग 30 कंपनी आये हुए डॉग लवर्स को अपने उत्पादों की जानकारी देंगी ।

डॉग शो  के इवेंट मैनेजर अजय पाठक ने बताया की दर्शकों का प्रवेश   एकदम निशुल्क है , डॉग  लवर्स  को  लालन  पालन  तथा  रखरखाव  के बारे  में जानकरी भी दी जाएगी ।

मीडिया प्रभारी  अजय जैन ने जानकारी दी  की ग़ाज़ियाबाद का डॉग शो  का एक जाना माना शो है और आस पास के जिलों और राज्यों जैसे दिल्ली, हरियाणा , उत्तराखंड आदि    से भी एंट्री प्राप्त हुई हैं । 

ग़ाज़ियाबाद के वरिष्ठ पैट  विशेषज्ञ डॉ D P सिंह तथा डॉ विजय पाठक ने आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में आकर डॉग शो  में जानकरी प्राप्त करने का आह्वान किया ।

Dog शो के आयोजन में ललित जयसवाल और संजीव गुप्ता summercool का योगदान उल्लेखनीय रहेगा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अवसर पैर डॉ दीपक चौधरी , डॉ राहुल , डॉ दर्पण गोयल , डॉ हिमांशु बंसल, डॉ अभिषेक  ,डॉ अनिल सिंह , सुयश भाटिया , अजय पाठक, अजय जैन , हरजीत खुराना इत्यादि उपस्थित रहे ।  

                                                             

श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य में सिद्धपीठ प्राचीन श्री बाला सुंदरी चतुर्भुजी देवी मंदिर में हुई कलश स्थापना, महाराजश्री ने मां शैलपुत्री कीपूजा-अर्चना कर नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ किया






मुकेश गुप्ता

गाजियाबादःसिद्धपीठ प्राचीन श्री बाला सुंदरी चतुर्भुजी देवी मंदिर द्वारका पुरी दिल्ली गेट में कलश स्थापना के साथ ही नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ हो गया। सभी स्थानों पर सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य में कलश स्थापना हुई। कलश स्थापना के बाद महाराजश्री ने मां के पहले स्वरूप शै पुत्री की पूजा-अर्चना की। सभी स्थानों पर महाराजश्री से आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए भक्तों का तांता लग रहा है। गिरि महाराज के पावन सानिघ्य प्राचीन श्री बाला सुंदरी चतुर्भुजी देवी मंदिर द्वारका पुरी दिल्ली गेट में श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ले प्रातः 9 बजे कलश स्थापना कर व मां की पूजा-अर्चना कर मंदिर के 9 दिवसीय चौत्र नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ किया। मंदिर के महंत गिरिशानंद गिरि महाराज,महंत विजय गिरि जी ने श्रीमहंत जी का स्वागत अभिनंदन किया।

 मीडिया प्रभारी एस आर सुथार कहा कि माँ शैलपुत्री देवी दुर्गा का प्रथम स्वरूप हैं और  नवरात्रि के पहले दिन इनकी पूजा-अर्चना की जाती है। हिमालयराज की पुत्री होने के कारण ही इन्हें शैलपुत्री कहा जाता है। इन्हें भगवान शिव की पत्नी सती का पुनर्जन्म माना जाता है। श्वेत वस्त्र धारण किए और नंदी बैल पर सवार माँ के दाएँ हाथ में त्रिशूल और बाएँ हाथ में कमल का फूल है। इन्हें स्थिरता, शक्ति और मूलाधार चक्र की देवी माना जाता है। ये शांति, समृद्धि और सफलता की देवी हैं। इनकी पूजा में सफेद फूलों का उपयोग करना और गाय के घी या दूध से बनी मिठाई का भोग लगाना शुभ माना जाता है। सेवा मे उपस्थित रहे   श्री महंत  गिरिजा नंदनी गिरी, महंत शैलेंद्र गिरी, रूप गिरी,रजनीश गर्ग ,सतवीर चौधरी, विजय गुप्ता, राहुल पवार, सुनील नगर, जोगिंदर नगर पंडित नरेंद्र,पंडित अरविंद, पंडित विनोद,पंडित महेंद्र, मां शैलपुत्री की पूजा का मूल मंत्र ऊँ देवी शैलपुत्र्यै नमः व ध्यान मंत्र वन्देवाञ्छितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम्। वृषारुढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्॥ है। नवरात्र के अवसर सैकड़ों भक्तों ने माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंगलवार, 17 मार्च 2026

परमार्थ विद्या मन्दिर एवं परमार्थ नारी शक्ति व्यवसायिक प्रशिक्षण केन्द्र के शिक्षकों व शिक्षिकाओं को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से किया सम्मानित



                              सत्ता बन्धु संवाददाता

 *💫परमार्थ विद्या मन्दिर में मनाया सेवा महोत्सव*

*✨परम पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती, पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी, महंत गिरि जी और  उद्योगपति व समाज सेवी श्री दिनेश शाहरा जी ने नन्हें नन्हें बच्चों के साथ  पौधा रोपण कर मनाया ग्रीन गोल्ड डे*

*✨विद्यार्थियों को वर्ष 2025-2026 सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु छात्रवृति व पुरस्कार प्रदान किये गये*

*🌟विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी, महंत गिरि जी और  दिनेश शाहरा का मनाया जन्मदिवस*

*✨पूज्य स्वामीजी, पूज्य साध्वी जी, श्री दिनेश शाहरा जी और अनेक देशों से आये अतिथियों को अपने बीच पाकर गद्गद हुये विद्यार्थी*

*🌟विशाल भंडारा का आयोजन*

*✨परमार्थ विद्या मन्दिर में सेवा, संस्कार और समर्पण का भव्य उत्सव*

ऋषिकेश, 17 मार्च। परमार्थ निकेतन परिवार के लिये आज महत्वपूर्ण अवसर है जब परमार्थ विद्या मन्दिर में आज सेवा, संस्कार और समर्पण से ओत-प्रोत “सेवा महोत्सव” अत्यंत भावपूर्ण और प्रेरणादायक वातावरण में मनाया गया। यह आयोजन बच्चों के भीतर छिपी दिव्यता को जागृत करने, उनके मन में सेवा, पर्यावरण संरक्षण और उत्कृष्टता के संस्कारों को प्रज्वलित करने का एक सशक्त माध्यम है।

इस पावन अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष, परम पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी, पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी, महंत गिरि जी तथा समाजसेवी दिनेश शाहरा की गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रेरणा से भर दिया।

सेवा महोत्सव की शुरुआत “ग्रीन गोल्ड डे” के रूप में पौधारोपण से हुई, जहाँ नन्हें-नन्हें बच्चों ने पूज्य संतों और अतिथियों के साथ मिलकर पौधों का रोपण किया। बच्चों के मन में यह भाव स्थापित करने का प्रयास है कि “प्रकृति हमारी माँ है, और उसकी सेवा ही सच्ची सेवा है।” 

पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि प्यारे बच्चों, तुम केवल भविष्य नहीं, वर्तमान की उज्ज्वल रोशनी हो। अपने सपनों को बड़े रखो, लेकिन अपने संस्कारों को उससे भी बड़ा बनाओ। रोज थोड़ा सीखो, थोड़ी सेवा करो और हमेशा सत्य के मार्ग पर चलो। याद रखो, जब तुम्हारा मन निर्मल, लक्ष्य स्पष्ट और हृदय सेवा से भरा होता है, तब तुम न केवल सफल बनते हो, बल्कि इस दुनिया को भी एक सुंदर स्थान बना देते हो।”

पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन निर्माण की पवित्र प्रक्रिया है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे समर्पित भाव से अध्ययन करें, एकाग्रता और अनुशासन को अपना साथी बनायें। साथ ही माता-पिता और शिक्षकों की आज्ञा का पालन करें, क्योंकि वही उनके सच्चे मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी श्रद्धा, परिश्रम और विनम्रता को अपनाते हैं, वे न केवल अपने जीवन में सफल होते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी प्रेरणा बनते हैं।

पूज्य महंत गिरि जी ने कहा कि बच्चों, आप सब ईश्वर की सबसे सुंदर रचना हो। आप पढ़ाई को बोझ नहीं, अपने सपनों तक पहुँचने का पवित्र साधन समझो। जब कभी जीवन में कठिनाई आये, तो घबराना नहीं, वह तुम्हें और मजबूत बनाने आई है। सेवा को अपना स्वभाव बनाओ और मुस्कान को अपनी पहचान। याद रखो, तुममें से हर एक बच्चा इस दुनिया को उजाला देने वाला दीप है। 

दिनेश शाहरा ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि आज मुझे बच्चों के बीच आकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि बच्चों की मासूम मुस्कान, उनकी ऊर्जा और सीखने की लगन देखकर मन आनंद से भर जाता है। आप सभी देश का उज्ज्वल भविष्य हैं, इसलिए अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को अपनाइए। जब बच्चे अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ते हैं, तब समाज और राष्ट्र दोनों सशक्त और समृद्ध बनते हैं।

इस अवसर पर परमार्थ नारी शक्ति व्यवसायिक प्रशिक्षण केन्द्र एवं परमार्थ विद्या मन्दिर के शिक्षकों और शिक्षिकाओं को “उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान” से सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के उत्साह को और प्रोत्साहित करते हुए सत्र 2025-2026 के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। 

महोत्सव का एक अत्यंत भावुक और आनंदमयी क्षण तब आया, जब विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी एवं श्री दिनेश शाहरा जी का जन्मदिवस बड़े प्रेम और उत्साह के साथ मनाया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत, शुभकामनाएँ और स्नेह से भरे भावों ने पूरे वातावरण को पारिवारिक और आत्मीय बना दिया।

इस अवसर पर अनेक देशों से आए अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। 

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। पूज्य स्वामीजी, पूज्य साध्वी जी, श्री दिनेश शाहरा जी ने स्वयं अपने हाथों से बच्चों को भोजन कराया।

परमार्थ विद्या मन्दिर के बच्चों ने मनमोहक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का हृदय जीत लिया। विज्ञान प्रदर्शनी में उनके नवाचार और जिज्ञासा झलक थी, परमार्थ नारी शक्ति व्यवसायिक प्रशिक्षण केन्द्र के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ और समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

कविनगर रेज़िडेंटस फेडरेशन रजिस्टर्ड ग़ाज़ियाबाद कई गुना बढ़े हुए हाउस टैक्स के विरोध में मेयर साहिबा को ज्ञापन सौंपा



मुकेश गुप्ता

 गाजियाबाद । गाज़ियाबाद की जनता हमेशा से भाजपा की फ़ॉलोअर रही है इसके बावजूद जनता हाउस टैक्स का दंश झेल रही है क्योंकि नगर निगम के अधिकारियों ने हाउस टैक्स को कई गुना बढ़ा दिया है जिसका विरोध पिछले वर्ष से जनता लगातार कर रही है जिसमें गाज़ियाबाद के सभी आर डबल्यू ए और सामाजिक संस्थाएं शामिल हैं क्योंकि यह आम जनता की समस्या है लेकिन जनता को कहीं से कोई राहत नहीं मिल रही है।

कविनगर रेज़िडेंटस फेडरेशन रजिस्टर्ड ग़ाज़ियाबाद मेयर साहिबा जो कि जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझती है से अपील करती है कि जनता को बड़े हुए टैक्स से छुटकारा दिलाया जाए साथ ही जब तक कोई निर्णय न हो जाए तब तक टैक्स जमा न कर पाने की स्थिति में 20 पर्सेंट की छूट लागू रहे तथा जनता पर किसी भी प्रकार की पैनल्टी न लगायी जाए।हम सभी को विश्वास है कि आप शहरवासियों को हाउस टैक्स की समस्या को संकटमोचक बनकर सुलझा सकती है।यहाँ पर बैठे अधिकारी जनता पर कई गुना हाउस टैक्स लगाकर जनता को भाजपा से विमुख करना चाहते हैं कृपया जल्द ही इस समस्या से जनता को छुटकारा दिलाकर पूर्व की भाँति हाउस टैक्स नियमानुसार लगाकर राहत देने की कृपा करें।क्योंकि नियमानुसार नगर आयुक्त को नगर निगम बोर्ड द्वारा पास गए किए गए निर्णय के अनुसार कार्य करना आवश्यक है।कविनगर रेजीडेंट फेडरेशन के समस्त सम्मानित पदाधिकारी,कार्यकारिणी सदस्य व मनोनीत सदस्य आज 17 मार्च दिन मंगलवार को मेयर साहिबा सुनीता दयाल के निवास पर पहुँचें। मेयर साहिबा से मुलाक़ात के बाद कविनगर रेजीडेंट फेडरेशन के द्वारा एक ज्ञापन माननीय मेयर साहिबा को पढ़कर दिया गया उसके उपरांत बढ़े हुए हाउस टैक्स को लेकर काफ़ी चर्चा हुई तब मेयर साहिबा ने आश्वासन दिया कि जो लोग मार्च माह तक हाउस टैक्स जमा नहीं कर पा रहे हैं उन सभी को अगले साल भी 20 पर्सेंट की छूट मिलेगी तथा किसी भी तरह की कोई पेनल्टी नहीं लगेगी।उनके इस आश्वासन से फेडरेशन के सभी पदाधिकारी काफ़ी प्रसन्न नज़र आए।मेयर साहिबा ने पूर्ण रूप से आश्वासन दिया कि वे शहर की जनता के साथ हैं तथा किसी भी तरह का ग़लत टैक्स जनता के ऊपर नहीं लगने दिया जाएगा।उसके लिए उन्हें चाहे जो भी करना पड़े उन्होंने सभी को पूर्ण रूप से आश्वस्त किया कि ना तो 20 पर्सेंट की छूट हटेगी न ही हाउस टैक्स जमा न करने वालों पर कोई पेनल्टी लगेगी जब तक कि कोई निर्णय नहीं हो जाता।निर्णय के उपरांत जनता को सभी हाउस टैक्स देने होंगे उन्होंने यह भी कहा कि जो ठीक  टैक्स जमा कर रहे हैं उनकी हर तरह से सहायता की जाएगी तथा जो लोग बिचौलियों के माध्यम से पूरा टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं जबकि उन पर ज़्यादा टैक्स बनता है उनके ख़िलाफ़ सख़्त क़दम उठाए जाएंगे तथा उनसे पूरा टैक्स वसूला जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि जो कॉमर्शियल कार्य कर रहे हैं और घरेलू टैक्स दे रहे हैं उनसे भी कमर्शियल टैक्स वसूला जाएगा। फेडरेशन के पदाधिकारियों की शहर में और नगर निगम की ज़मीनों पर हो रहे कब्जों पर भी बातचीत हुई तथा अवैध कब्जों को हटाने की फेडरेशन ने माँग की।तब उन्होंने बताया कि मेरे कार्यकाल में बहुत अधिक क़ब्ज़े की हुई ज़मीनों को ख़ाली कराया कराया गया है।उन्होंने बताया कि आप लोग मुझे बतायें जहाँ पर भी निगम की ज़मीन पर अवैध क़ब्ज़ा होगा उसे नगर निगम क़ानूनी कार्रवाई करते हुए अवैध क़ब्ज़े को हटाएगा।उन्होने ये भी आश्वस्त किया कि आप लोगों की कोई भी समस्या हो तो आप लोग हमें बता सकते हैं उस समस्या का समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा

इस अवसर पर अध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल,वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय जैन,महामंत्री लाल चंद शर्मा, अजय गुप्ता,वाई के जैन,सुभाष शर्मा विनोद शर्मा, शिवकुमार गुप्ता, अमित गुप्ता,विवेक मित्तल, मनीष जैन,अजय टंडन, अश्वनी मित्तल इसमें भारी संख्या में कविनगर फेडरेशन के लोग शामिल थे।

सीडीओ अभिनव गोपाल ने किया वार्षिक ऋण योजना का शुभारंभ

 




                            मुकेश गुप्ता

जिलास्तरीय बैंकिंग समन्वय समिति एवं बैंकिंग समीक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

जिले के समग्र आर्थिक विकास को गति देना हमारा लक्ष्य: सीडीओ अभिनव गोपाल

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन पर महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में मुख्य विकास अधिकारी श् अभिनव गोपाल, आई.ए.एस. की अध्यक्षता में जिलास्तरीय बैंकिंग समन्वय समिति एवं बैंकिंग समीक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी  ने जनपद के सभी बैंकों को विकास योजनाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। 

अग्रणी जिला प्रबंधक बुद्ध राम ने दिसंबर तिमाही 2025 तक की बैंकिंग उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा प्रस्तुत की। इस दौरान सभी बैंकों की उपलब्धियों की क्रमवार समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी जिला समन्वयकों को जिले में साख-जमा अनुपात बढ़ाने तथा सभी लंबित पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अध्यक्ष ने साख-जमा अनुपात की गहन समीक्षा की तथा आगामी तिमाही में उन बैंकों के साख-जमा अनुपात को बढ़ाने के लिए बैंकवार रणनीति बनाने को कहा जिनका अनुपात 60% से कम है।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए वार्षिक ऋण योजना (Annual Credit Plan – ACP) का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य जिले के समग्र आर्थिक विकास को गति देना है।  

इस अवसर पर एलडीओ आरबीआई प्रथिबा इन्दोरिया, नाबार्ड डी.डी.एम. कुमारी अलका, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री बुद्ध राम, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं जिला समन्वयक सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

लोहा विक्रेता मंडल की क्रिकेट लीग अप्रैल में प्रारंभ होगी-खिलाड़ियों की आक्शन द्वारा चयन प्रक्रिया संपन्न हुई-- अतुल जैन

 




                            मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंडल के तत्वावधान में गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंडल क्रिकेट लीग का शुभारंभ अप्रैल माह में प्रारंभ होगा और नेहरू नगर स्थित वीवीआईपी  क्रिकेट स्टेडियम में दिन रात्रि के मैच खेले जाएंगे। वर्ष 2017 से इस तरह के क्रिकेट मैच लोहा व्यापारियों के युवा खिलाड़ियों के मध्य खेलने प्रारंभ हुए थे तभी से प्रत्येक वर्ष आपस में टीम बनाकर के क्रिकेट लीग का आयोजन किया जाता रहा है इस वर्ष जीएलवीएम क्रिकेट लीग 2026 का आयोजन भी आयोजन समिति के सदस्यों आशीष गोयल, दीपक गुप्ता, कपिल जैन, हर्ष गोयल, आदित्य गर्ग और आकाश दलानिया द्वारा किया जा रहा है। लोहा व्यापारियों के परिवारों के युवा खिलाड़ियों में से 65 खिलाड़ियों का चयन किया गया है और 13-13 खिलाड़ियों की पांच टीमें बनाई जा रही हैं। 

अध्यक्ष डा० अतुल जैन ने बताया कि प्रत्येक टीम को चार-चार मैच खेलने हैं सेमीफाइनल और फाइनल मैच के उपरांत विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया जाएगा। 

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। 


उन्होंने बताया कि जगदीश प्रसाद रतनलाल एंड सन के अंकित जैन और पंकज मित्तल आयोजन के प्रायोजक हैं ।

5 टीमें बनाई गई है इसमें बीएससी योद्धा के मालिक राजीव अग्रवाल हैं जिंदल सूर्या स्ट्राइकर के मालिक राजीव गुप्ता और मनन जिंदल हैं ए एस बी एस सुपर किंग्स के मालिक अमित सिंघल हैं रेनबो रॉयल्स टीम के मालिक अनुराग अग्रवाल है और डी एन एम रुंगटा लीजेंड्स के मालिक पंकज मित्तल हैं। 

डा० जैन ने बताया कि सभी के सक्रिय योगदान से गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंडल के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट लीग बहुत ही भव्य रूप में आयोजित की जाती है काफी बड़ी संख्या में लोहा व्यापारी और उनके परिवारों के साथ-साथ आमंत्रित अतिथि मैच को देखने के लिए उपस्थित रहते हैं। निर्णायक मंडल स्टेडियम की तरफ से ही निष्पक्ष रखे जाते हैं जिनका निर्णय अंतिम होता है। 

गाजियाबाद के एक बैंक्विट हॉल में शानदार आयोजन में खिलाड़ियों का विभिन्न टीमों में ऑक्शन द्वारा चयन प्रक्रिया पूर्ण हुई है जिसका शुभारंभ गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंडल के अध्यक्ष डॉ.अतुल कुमार जैन और प्रायोजक के साथ-साथ आयोजन समिति और सभी टीम मालिकों द्वारा दीप प्रज्वलन करके किया गया, डॉ.अतुल जैन ने इस अवसर पर आयोजन समिति, टीम मालिकों और सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं और आशा व्यक्त की है कि यह इस वर्ष भी पूर्व की भांति एक सफल आयोजन होगा और इससे सभी लोहा व्यापारियों और उनके परिवारों के मध्य तालमेल और मजबूत होगा मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ भी होगा तथा आने वाली पीढियां को भी प्रेरणा मिलेगी। 

डॉ.अतुल कुमार जैन अध्यक्ष गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंडल द्वारा आयोजन समिति के सदस्यों के सहयोग से इस अवसर पर प्रायोजक तथा सभी टीम मालिकों को सम्मान स्वरूप प्रतीक चिन्ह भेंट किये गये।

गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंडल की ओर से अतुल कुमार जैन, महेश गुप्ता वाइस चेयरमैन, अमरीश जैन महामंत्री के साथ-साथ काफी बड़ी संख्या में लोहा व्यापारी उपस्थित रहे।

सांसद अतुल गर्ग ने लोकसभा में भारतीय रेल से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए,बिहार, उत्तर प्रदेश में जाने वाली ट्रेन गाजियाबाद से चलाने की मांग की

 

                                 मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद। आज सांसद अतुल गर्ग ने लोकसभा में भारतीय रेल से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए कहा कि कुंभ के दौरान भारतीय रेल ने उत्कृष्ट प्रबंधन का परिचय दिया है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रबंधन मॉडल का अध्ययन विद्यार्थियों को भी कराया जाना चाहिए, ताकि वे बड़े आयोजनों के कुशल संचालन की समझ विकसित कर सकें।

उन्होंने बताया कि आनंद विहार, सराय रोहिल्ला, निज़ामुद्दीन स्टेशन रेलवे स्टेशन वर्तमान में नई दिल्ली स्टेशन के सैटेलाइट केंद्रों की तरह कार्य कर रहे हैं, जहां से पूरे देश के लिए रेलगाड़ियों का संचालन होता है।इसके बावजूद इन स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

सांसद अतुल गर्ग ने सुझाव दिया कि उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली कुछ रेलगाड़ियों का संचालन यदि ग़ाज़ियाबाद रेलवे स्टेशन से प्रारंभ किया जाए और इसे सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जाए, तो सैकड़ों यात्रियों को दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे दिल्ली के स्टेशनों पर भीड़ कम होगी और यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास रक्षा विभाग की खाली पड़ी जमीन उपलब्ध है। यदि रक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इस भूमि का उपयोग किया जाए, तो स्टेशन के विस्तार के साथ-साथ यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।

प्राचीन श्री बाला सुंदरी चतुर्भुजी देवी मंदिर में श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावनद सानिध्य में 19 मार्च से 26 मार्च तक चेत्र नवरात्रि महोत्सव मनाया जाएगा

 

                           मुकेश गुप्ता

मंदिर के महंत गिरिशानंद गिरि महाराज के नेतृत्व में प्रतिदिन सप्तशती पाठ, हवन होगा

26 मार्च को पंखा शोभा यात्रा निकाली जाएगी

गाजियाबादः द्वारकापुरी, दिल्ली गेट स्थित प्राचीन श्री बाला सुंदरी चतुर्भुजी देवी मंदिर में चेत्र नवरात्रि महोत्सव 19 मार्च से 26 मार्च तक मनाया जाएगा। महोत्सव सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य व अध्यक्षता तथा मंदिर के महंत गिरिशानंद गिरि महाराज के नेतृत्व में होगा। 19 मार्च को चैत्र नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज मां की पूजा-अर्चना करके करेंगे। महाराजश्री का महंत गिरिशानंद गिरि महाराज द्वारा स्वागत अभिनंदन किया जाएगा। मंदिर में 19 मार्च से 27 मार्च तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्री सप्तशती पाठ होगा। श्री सप्तशती पाठ आचार्य राम मनोहर अग्निहोत्री व 11 आचार्यो द्वारा कराया जाएगा। रात्रि में प्रतिदिन रात्रि 7 बजे से मां का हवन होगा। 26 मार्च को दोपहर 2 बजे से पंखा शोभा-यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख बाजारों से होकर निकलेगी और जगह-जगह भक्तों द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा।  27 मार्च को नवमी पर कन्या पूजन के बाद प्रातः 11 बजे से भंडारे का आयोजन होगा। 27 मार्च को रामनवमी का पर्व भी धूमधाम से मनाया जाएगा। महंत गिरिशानंद गिरि महाराज मां सि़िद्धदात्री व भगवान राम की पूजा-अर्चना कर भक्तों को रामनवमी पर्व की बधाई देंगे।


सोमवार, 16 मार्च 2026

डॉ. केएन मोदी विश्वविद्यालय और हार्वर्ड बिजनेस इम्पैक्ट के बीच एमओयू, छात्रों को मिलेगा वैश्विक प्रबंधन कौशल का प्रशिक्षण

 


                           सत्ता बन्धु संवाददाता

मोदीनगर । डॉ. केएन मोदी विश्वविद्यालय, मोदीनगर ने छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और आधुनिक प्रबंधन कौशल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हार्वर्ड बिजनेस इम्पैक्ट के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय के एमबीए पाठ्यक्रम में हार्वर्ड बिजनेस इम्पैक्ट के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस पहल के अंतर्गत एमबीए के विद्यार्थियों को एक वर्ष के दौरान 12 हार्वर्ड बिजनेस इम्पैक्ट सर्टिफिकेट प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को वैश्विक व्यापार, प्रबंधन और नेतृत्व कौशल की बेहतर समझ विकसित करने में सहायता मिलेगी तथा वे आधुनिक कॉरपोरेट जगत की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकेंगे।

बताया गया कि यह कार्यक्रम सेल्फ-पेस्ड लर्निंग प्रणाली पर आधारित होगा, जिसमें विद्यार्थियों को अपनी गति के अनुसार अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही उनकी प्रगति की नियमित निगरानी भी की जाएगी, जिससे उन्हें प्रबंधन और नेतृत्व के नवीनतम सिद्धांतों से अवगत कराया जा सके।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह पहल छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यावसायिक समझ प्रदान करने के साथ-साथ उनके करियर को नई दिशा देने में भी सहायक सिद्ध होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सहयोग से विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण मिलता है और उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में भी वृद्धि होती है। विश्वविद्यालय का यह कदम छात्रों को पेशेवर रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

शनिवार, 14 मार्च 2026

पद्मश्री श्री कैलाश खेर जी का कैलासा बैंड के साथ परमार्थ निकेतन में में आगमन

 



सत्ता बन्धु संवाददाता

*💫अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव, परमार्थ निकेतन के पावन अवसर पर आज कैलासा बैंड का मंत्रमुग्ध कर देने वाला कॉन्सर्ट*

*✨परमार्थ निकेतन में योग व संगीत का अद्भुत संगम*

*✨मां गंगा की लहरों के साथ स्वर लहरों का जादू*

ऋषिकेश, 13 मार्च। आज पद्मश्री श्री कैलाश खेर जी अपने प्रसिद्ध कैलासा बैंड के साथ परमार्थ निकेतन पहुँचे, उन्होंने पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी और डा साध्वी भगवती सरस्वती जी से भेंट कर पूज्य स्वामीजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। 

परमार्थ निकेतन में इन दिनों योग, भक्ति, संगीत और अध्यात्म का एक दिव्य उत्सव साकार हो रहा है, जिसमें विश्व के अनेक देशों से आये योग साधक भारतीय  संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा की दिव्यता का अनुभव कर रहे हैं। इसी पावन वातावरण में आज सायंकाल श्री कैलाश खेर जी की मधुर, ओजस्वी और भावपूर्ण आवाज गंगा तट पर गूँजेगी और पूरा परिसर भक्ति और संगीत की दिव्य तरंगों से सराबोर हो उठेगा।

माँ गंगा की शांत, पवित्र और कल-कल करती लहरों के बीच जब कैलासा बैंड की स्वर लहरियाँ वातावरण में प्रवाहित होंगी, तब यह दृश्य मानो प्रकृति और संगीत का एक अद्भुत संगम बन जाएगा। गंगा आरती के पश्चात होने वाला यह विशेष कॉन्सर्ट देश-विदेश से आये योगियों और श्रद्धालुओं के लिये एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बनेगा, जहाँ भारतीय संगीत की मधुरता और भक्ति की गहराई एक साथ अनुभव की जा सकेगी।

श्री कैलाश खेर जी की आवाज में संगीत की मधुरता के साथ भक्ति, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना की गहराई भी झलकती है। उनके गीतों में वह शक्ति है जो सीधे हृदय को स्पर्श करती है और श्रोताओं को भीतर तक भाव-विभोर कर देती है।

इस अवसर पर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने पद्मश्री कैलाश खेर जी और कैलासा बैंड का अभिनन्दन करते हुए कहा कि संगीत वह दिव्य माध्यम है जो हृदय को स्पर्श कर हमें ईश्वर के और निकट ले जाता है। उन्होंने कहा कि कैलाश खेर जी अपने संगीत के माध्यम से वर्षों से भक्ति, प्रेम, सकारात्मकता और भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति का संदेश विश्वभर में पहुँचा रहे हैं।

आज की यह संध्या केवल एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि माँ गंगा के पावन सान्निध्य में संगीत, भक्ति और योग की दिव्य अनुभूति का उत्सव है, एक ऐसा क्षण जहाँ स्वर, साधना और श्रद्धा का दिव्य संगम होगा, आइए इस क्षण के साक्षी बनें।

शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गाजियाबाद का विश्व स्तर पर बढ़ा सम्मान, पार्षदों ने नगर आयुक्त को दी बधाई

 

मुकेश गुप्ता

*ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज 2025 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाजियाबाद टॉप 24 में शामिल, शहर वासियों के लिए हर्ष का विषय--पार्षद राजीव शर्मा*

*प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिली अलग पहचान--पार्षद शीतल देओल*

*गाजियाबाद नगर निगम को बेहतर कार्य करने के लिए मिलेगी 1 मिलियन डॉलर की अवार्ड मनी,शहर को मिलेगा लाभ---पार्षद राजकुमार*

*प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट के विश्व स्तर पर सफल होने से रोजगार के बढ़ेंगे अवसर ---पार्षद नितिन*          

गाजियाबाद । ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज 2025 में गाजियाबाद विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है विश्व के 24 शहरों में गाजियाबाद को भी शामिल किया गया है, प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट को ओर अधिक बढ़ावा देने के लिए यूनाइटेड नेशन डेवलपमेंट प्रोग्राम से 1 मिलियन डॉलर की अवार्ड मनी गाजियाबाद नगर निगम को मिलेगी, प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का भी योगदान लिया जा रहा है जो की सराहनीय है, गाजियाबाद भारत का दूसरा शहर है जिसके द्वारा ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज में अपनी अलग पहचान बनाई है नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का पार्षदों द्वारा पुष्प गुच्छ और प्लांट भेट  कर बधाई दी गई l 


पार्षद राजीव शर्मा, पार्षद शीतल देओल, पार्षद देवनारायण शर्मा, पार्षद वीरेंद्र त्यागी, पार्षद नितिन, पार्षद नीरज गोयल, पार्षद राजकुमार नागर द्वारा नगर आयुक्त तथा निगम अधिकारियों का सम्मान किया गया साथ ही शहर को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के लिए भी शुभकामनाएं दी गई गोबर की समस्या का निस्तारण तथा प्राकृतिक पेंट की शुरुआत हेतु बनाई जा रही योजना की भी सराहना की गई l 


गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर जहां पार्षदों द्वारा हर्ष के साथ नगर निगम अधिकारियों तथा नगर आयुक्त को शुभकामनाएं दी गई वहीं प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट को लेकर अपने विचार भी प्रकट किए गए, पार्षद राजीव शर्मा द्वारा बताया गया ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज 2025 में विश्व स्तर पर सफलता पाना शहर के लिए हर्ष का विषय है, पार्षद शीतल द्वारा बताया गया प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का भी मनोबल बढ़ा है, पार्षद नितिन द्वारा बताया गया कि प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट के विश्व स्तर पर सफल होने से शहर वासियों के लिए भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, राजकुमार नागर पार्षद द्वारा बताया गया कि 1 मिलियन डॉलर अवार्ड मनी से शहर वासियों को भी लाभ होगा गोबर की समस्या के समाधान में योजना बनेगी, अन्य पार्षदों द्वारा भी गाजियाबाद नगर निगम के बेहतर कार्य करने पर प्रसन्नता जाहिर की गई, महापौर तथा नगर आयुक्त के नेतृत्व में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज 2025 में सफलता हासिल की है जो की सराहनीय है, मौके पर शहर के कई नागरिक गण भी उपस्थित रहेl

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक सम्पन्न


मुकेश गुप्ता

गौतमबुद्धनगर 13 मार्च, 2026 । जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आज सीएम डैशबोर्ड पर विभागों की प्रगति की समीक्षा हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन के प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए, ताकि विभागों की कार्यप्रणाली में और अधिक गतिशीलता लाई जा सके तथा योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सके।

      समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अतिरिक्त ऊर्जा, ग्रामीण विकास, ग्रामीण जलापूर्ति, पंचायती राज, प्राथमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण सहित अन्य संबंधित विभागों की सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप विभागीय लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए तथा नियमित रूप से डैशबोर्ड पर प्रविष्टियां अद्यतन की जाएं।

      जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी विकास कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभागों की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।

      बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर सी एवं डी श्रेणी में आने वाले विभागों को विशेष रूप से सख्त निर्देश दिए कि वे तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए अनुकूल प्रविष्टियां उपलब्ध कराएं। साथ ही बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।

      इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अपूर्ण परियोजनाओं की भी समीक्षा की एवं निर्देश दिए की सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। 

      जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे सीएम डैशबोर्ड पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

       बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

      

गुरुवार, 12 मार्च 2026

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर में लगभग 6 करोड़ रुपये की धनराशि से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया

 



मुकेश गुप्ता

 गाजियाबाद ।जयवीर सिंह (पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार) के कर कमलों द्वारा दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर में लगभग 6 करोड़ रुपये की धनराशि से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।


इस अवसर पर मंत्री  ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर की आस्था पूरे क्षेत्र से जुड़ी है और इसके विकास से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि मंदिर परिसर में किसी प्रकार के विकास कार्य की आवश्यकता होगी तो अवश्य बताइए, सरकार हर संभव प्रयास कर उन कार्यों को पूरा कराएगी।


कार्यक्रम में सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर का विकास गाजियाबाद के लिए गर्व की बात है और इससे शहर की धार्मिक पहचान और भी मजबूत होगी।


इस अवसर पर विधायक संजीव शर्मा ने मंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मंदिर के विकास के लिए दी गई यह धनराशि क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं होंगी और आने वाले समय में यह स्थल धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। विधायक जी ने कहा कि प्रदेश की सरकार आस्था और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है।

इस कार्यक्रम में श्री महंत नारायण गिरी जी महाराज, श्री महंत गिरीशआनंद जी महाराज, पंडित महेश वशिष्ठ,पप्पू पहलवान गोपाल अग्रवाल,राजेश शर्मा,महिम गुप्ता, धर्मेंद्र चौधरी, वरुण नागर, हेमराज माहौर, पवन शर्मा बड़ी संख्या में पार्षद , भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



यशोदा मेडिसिटी ने वर्ल्ड किडनी डे पर रीनल केयर और किडनी ट्रांसप्लांटेशन में विशेष पहल के साथ कार्यक्रम आयोजित किया

 





मुकेश गुप्ता

इस पहल में मरीज-केंद्रित रीनल केयर, किडनी डोनर सम्मान और CKD ट्रांसप्लांट क्लिनिक का उद्घाटन शामिल है।

दिल्ली एनसीआर, 12 मार्च 2026: दिल्ली एनसीआर के प्रमुख अस्पतालों में से एक, यशोदा मेडिसिटी ने वर्ल्ड किडनी डे के अवसर पर “रीनल केयर और किडनी ट्रांसप्लांटेशन में उन्नति” शीर्षक से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य किडनी स्वास्थ्य, क्रॉनिक किडनी डिज़ीज़ (CKD) और किडनी ट्रांसप्लांटेशन की जीवनरक्षक संभावनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर यशोदा मेडिसिटी के CKD मरीजों के लिए समर्पित ट्रांसप्लांट क्लिनिक का भी उद्घाटन किया गया, जो एक ही छत के नीचे व्यापक देखभाल और उन्नत उपचार समाधान प्रदान करता है।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अखिलेश मोहन, चीफ मेडिकल ऑफिसर, गाजियाबाद उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि, मरीज, डोनर और चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हुए, ताकि किडनी स्वास्थ्य का जश्न मनाया जा सके और प्रारंभिक हस्तक्षेप और रोकथाम की देखभाल के महत्व को उजागर किया जा सके। कार्यक्रम की शुरुआत इस वर्ष के वर्ल्ड किडनी डे थीम “किडनी हेल्थ फॉर ऑल: केयरिंग फॉर पीपल, प्रोटेक्टिंग द प्लैनेट” पर विचारों के साथ हुई, जिसमें समुदाय को किडनी स्वास्थ्य की सुरक्षा में भाग लेने और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। अस्पताल नेतृत्व ने उन्नत रीनल केयर, आधुनिक डायलिसिस तकनीक और समय पर किडनी ट्रांसप्लांटेशन के मरीज परिणामों में परिवर्तनकारी महत्व को रेखांकित किया।


कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण किडनी डोनर्स, सर्वाइवर्स और मरीजों का सम्मान था, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से जीवन का उपहार दिया या अपनी किडनी रोग यात्रा में असाधारण साहस दिखाया। ट्रांसप्लांट प्राप्तकर्ताओं और CKD मरीजों की कहानियों ने इन जीवनरक्षक उपचारों के परिवर्तनकारी प्रभाव को दिखाया, और दृढ़ता, आशा व नई ताकत की यात्रा को उजागर किया। यशोदा मेडिसिटी की टीम के विशेषज्ञों, डॉ. मीनू बाजपेयी, डॉ. एल. के. झा, डॉ. वैभव सक्सेना, डॉ. अमित कुमार गुप्ता, डॉ. कुलदीप अग्रवाल, डॉ. प्रजीत मजूमदार, डॉ. इंद्रजीत जी. मोमिन, डॉ. प्रणव त्यागी और डॉ. संगीता, ने CKD के प्रबंधन पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया, किडनी ट्रांसप्लांट से जुड़ी आम भ्रांतियों को दूर किया और वयस्कों तथा बच्चों दोनों के लिए उपचार के विकसित होते तरीकों पर प्रकाश डाला।

उत्सव को और समृद्ध बनाने के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुफ्त स्क्रीनिंग और परामर्श की सुविधा प्रदान की गई। यह यशोदा मेडिसिटी की किडनी स्वास्थ्य, रोकथाम और समुदाय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

डॉ. पी. एन. अरोड़ा, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स ने कहा, "जागरूकता, समय पर हस्तक्षेप और उचित उपचार किडनी स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। यशोदा मेडिसिटी में हम रीनल केयर को उन्नत करने, मरीजों को हर चरण में समर्थन देने और एक ऐसे समुदाय का निर्माण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो किडनी स्वास्थ्य को प्राथमिकता देता है।"

डॉ. उपासना अरोड़ा, मैनेजिंग डायरेक्टर, यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स ने कहा, "किडनी ट्रांसप्लांटेशन और डायलिसिस में हुई प्रगति ने CKD मरीजों के परिणामों को पूरी तरह बदल दिया है। जो कभी असंभव लगता था, अब नई आशा और जीवन का दूसरा अवसर बन गया है। समुदाय को शिक्षित करके, डोनर्स का सम्मान करके और गलत धारणाओं को दूर करके, हम जीवनरक्षक उपचार को सुलभ बनाना और हर मरीज को अपनी किडनी स्वास्थ्य पर नियंत्रण लेने में सक्षम बनाना चाहते हैं।"

इस कार्यक्रम के माध्यम से यशोदा मेडिसिटी ने मरीज-केंद्रित देखभाल के अपने दृष्टिकोण को पुनः पुष्टि की, जिसमें चिकित्सा उत्कृष्टता, सामुदायिक जागरूकता और नवाचारपूर्ण रीनल सेवाओं को मिलाकर CKD मरीजों और उनके परिवारों के लिए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना शामिल है।

मोदीनगर में कौशल विकास व उद्यमिता को मिला नया आयाम, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने किया केंद्र का उद्घाटन

 





गाजियाबाद/मोदीनगर । डॉ के. एन. मोदी फाउंडेशन के तत्वावधान में गुरुवार को आशीर्वादम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के माननीय मंत्री जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ राजकुमार सांगवान, मोदीनगर विधायक डॉ मंजू सिवाच तथा मोदीनगर नगर पालिका के अध्यक्ष विनोद वैशाली विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। डॉ के. एन. मोदी फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. डॉ डी. के. मोदी ने अपने स्वागत संबोधन में मुख्य अतिथि जयंत चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि डॉ के. एन. मोदी विश्वविद्यालय, मोदीनगर में वर्ष 2025-26 से शैक्षणिक सत्र प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने संस्थान में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रों के कौशल विकास तथा रोजगारपरक शिक्षा के विभिन्न प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि डॉ के. एन. मोदी फाउंडेशन के अंतर्गत आने वाले संस्थानों का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण अंचल एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य से वर्ष 2015 में डॉ के. एन. मोदी सेंटर फॉर स्किल डेवलपमेंट की स्थापना की गई, जहां 22 से अधिक जॉब रोल्स में प्रशिक्षण दिया जाता है। अब तक 10,000 से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट उपलब्ध कराया जा चुका है। संस्थान NSDC का ट्रेनिंग पार्टनर भी है।

कार्यक्रम में सत्र 2024-25 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 26 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने डॉ के. एन. मोदी फाउंडेशन एवं विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है, इसलिए विद्यार्थियों को अपनी कार्यकुशलता और प्रतिभा को इस स्तर तक विकसित करना चाहिए कि विश्व में उनका कोई मुकाबला न हो सके।

इस अवसर पर डॉ के. एन. मोदी विश्वविद्यालय, मोदीनगर के “कौशल विकास एवं उद्यमिता केंद्र” का उद्घाटन भी किया गया।

सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने विद्यार्थियों को समाज, प्रकृति और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया, जबकि विधायक डॉ मंजू सिवाच ने मोदीनगर में विश्वस्तरीय शिक्षा, युवा विकास एवं खेलों के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में मानव मोदी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रेनू मोदी, मानव मोदी, निधि मोदी, नव्या मोदी एवं वेधा मोदी सहित संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के वाइस प्रेसिडेंट कैप्टन राजीव सक्सेना ने किया।

इस मौके पर डॉ शशि कुमार नायर, डॉ संजय गुप्ता, यू. एन. मिश्रा सहित शहर की अनेक प्रमुख हस्तियां, डॉ के. एन. मोदी फाउंडेशन से जुड़े विभिन्न संस्थानों के कुलपति, डायरेक्टर, प्रिंसिपल, शिक्षक, रजिस्ट्रार तथा मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।