गाजियाबाद। महिलाओं के स्वास्थ्य और मातृत्व से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु गणेश अस्पताल द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति उत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर तीन दिवसीय विशेष इंफर्टिलिटी (बांझपन) कैंप का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि एसीपी उपासना पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान डॉ. रंजना शर्मा, डॉ. निधि वर्मा, डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. मोनिशा शर्मा और डॉ. प्रतीक शर्मा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसीपी उपासना पांडेय ने कहा कि समाज में महिलाओं का स्वास्थ्य सर्वोपरि है और चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार उत्तर प्रदेश पुलिस जनसेवा में दिन-रात तत्पर रहती है, उसी प्रकार चिकित्सक भी मरीजों की सेवा में निरंतर समर्पित रहते हैं। ऐसे स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।
अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना शर्मा ने बताया कि इस तीन दिवसीय कैंप के दौरान महिलाओं को इंफर्टिलिटी से संबंधित परामर्श, जांच और उपचार की सुविधाएं विशेष रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। कई महत्वपूर्ण जांचें नि:शुल्क की जा रही हैं तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा नि:शुल्क परामर्श भी दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के कारण कई महिलाएं मातृत्व संबंधी समस्याओं का सामना कर रही हैं, ऐसे में यह कैंप उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि नारी शक्ति उत्सव का उद्देश्य महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस आयोजन के माध्यम से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और परिजनों ने अस्पताल की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। अस्पताल प्रशासन ने अधिक से अधिक महिलाओं से इस कैंप का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि समय रहते स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान किया जा सके और मातृत्व का सुख प्राप्त किया जा सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में हॉस्पिटल प्रशासक डॉ संजय केशरवानी और
जीएम एच आर डॉ बिराज सिंह का सहयोग रहा।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें