रविवार, 8 मार्च 2026

चार दिवसीय राष्ट्रीय CSSR प्रतियोगिता का हुआ शुभारम्भ

 





मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । गाजियाबाद स्थित 8वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) में दिनांक 08 मार्च 2026 से 11 मार्च 2026 तक चार दिवसीय राष्ट्रीय CSSR  प्रतियोगिता का  आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ श्री सुदेश कुमार, कमांडेंट, 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ द्वारा किया गया।

इस अवसर पर श्री सुदेश कुमार ने विभिन्न राज्यों से चयनित होकर प्रतियोगिता में भाग लेने वाली एसडीआरएफ टीमों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के दौरान एसडीआरएफ एवं डॉग स्क्वॉड टीमें खोज एवं बचाव अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ टीमों की दक्षता] समन्वय तथा आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाती हैं।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए टीमों का चयन एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया। एनडीआरएफ द्वारा देश के चार जोनों के अनुसार विभिन्न राज्यों की एसडीआरएफ टीमों को पूर्व प्रशिक्षण (प्री-ट्रेनिंग) प्रदान किया गया। इसके पश्चात क्षेत्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त टीमों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 07 राज्यों की एसडीआरएफ टीमों के कुल 166 प्रतिभागी तथा 08 डॉग स्क्वॉड भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश,आंध्र प्रदेश, बिहार, ओडिश, गुजरात तथा दमन और दीव की टीमें शामिल हैं।

इस प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 11 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम] द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को उचित पारितोषिक, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

यह प्रतियोगिता आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एसडीआरएफ टीमों की खोज एवं बचाव क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने, विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा अनुभवों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें