सत्ता बन्धु संवाददाता
मोदीनगर । डॉ. केएन मोदी विश्वविद्यालय, मोदीनगर ने छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और आधुनिक प्रबंधन कौशल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हार्वर्ड बिजनेस इम्पैक्ट के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय के एमबीए पाठ्यक्रम में हार्वर्ड बिजनेस इम्पैक्ट के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस पहल के अंतर्गत एमबीए के विद्यार्थियों को एक वर्ष के दौरान 12 हार्वर्ड बिजनेस इम्पैक्ट सर्टिफिकेट प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को वैश्विक व्यापार, प्रबंधन और नेतृत्व कौशल की बेहतर समझ विकसित करने में सहायता मिलेगी तथा वे आधुनिक कॉरपोरेट जगत की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकेंगे।
बताया गया कि यह कार्यक्रम सेल्फ-पेस्ड लर्निंग प्रणाली पर आधारित होगा, जिसमें विद्यार्थियों को अपनी गति के अनुसार अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही उनकी प्रगति की नियमित निगरानी भी की जाएगी, जिससे उन्हें प्रबंधन और नेतृत्व के नवीनतम सिद्धांतों से अवगत कराया जा सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह पहल छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यावसायिक समझ प्रदान करने के साथ-साथ उनके करियर को नई दिशा देने में भी सहायक सिद्ध होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सहयोग से विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण मिलता है और उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में भी वृद्धि होती है। विश्वविद्यालय का यह कदम छात्रों को पेशेवर रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें