गाजियाबाद, 27 नवंबर 2026: सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित सहायता एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत बनाने तथा सुरक्षित सड़क व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के संयुक्त तत्वावधान में ‘सड़क सुरक्षा संकल्प – क्षमता निर्माण कार्यशाला’ का आयोजन 27 नवंबर 2026 को Hi-Tech Institute of Engineering & Technology (HIET), गाजियाबाद परिसर में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजकरन नैय्यर, अपर पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद, अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक, NHAI तथा आनंद प्रकाश,चेयरमैन, हाई-टेक ग्रुप की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा के सामूहिक संकल्प की भावना को और मजबूत किया।
इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में लगभग 1,000 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इनमें पुलिसकर्मी, हाईवे विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, NDRF के प्रतिनिधि, चिकित्सा विशेषज्ञ, डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल रहे।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों द्वारा सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन प्रतिक्रिया, प्राथमिक चिकित्सा, बचाव एवं राहत कार्य तथा दुर्घटनाओं के समय विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक एवं जानकारीपूर्ण व्याख्यान दिए गए।
विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि सड़क दुर्घटनाओं के दौरान शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। समय पर चिकित्सा सहायता, प्रशिक्षित प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता (First Responders), पुलिस एवं चिकित्सा सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय और आम नागरिकों में जागरूकता अनेक बहुमूल्य जीवन बचा सकती है।
कार्यक्रम में एक विशेष इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की तथा विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस संवादात्मक सत्र ने प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने और प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।
राजकरन नैय्यर, अपर पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जागरूकता, अनुशासन, यातायात नियमों का पालन तथा दुर्घटना के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय को भी महत्वपूर्ण बताया।
अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक, NHAI ने राजमार्गों की सुरक्षा, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षित हाईवे व्यवस्था विकसित करने में विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त भूमिका पर प्रकाश डाला।
हाई-टेक ग्रुप के चैयरमैन आनंद प्रकाश ने गाजियाबाद पुलिस एवं NHAI की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि HIET के लिए यह गौरव का विषय है कि संस्थान को इतने महत्वपूर्ण सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक सामाजिक दायित्व है। जागरूकता, प्रशिक्षण और जिम्मेदार व्यवहार अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है तथा अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं।
कार्यशाला का समापन सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता, बेहतर आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली विकसित करने तथा सुरक्षित सड़कों के निर्माण में सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के निरंतर सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।
यह कार्यक्रम ‘Journey Towards Safer Roads’ पहल के अंतर्गत Cube Highways Roots Foundation के सहयोग से आयोजित किया गया। इस पहल का मुख्य संदेश है कि प्रत्येक जीवन अनमोल है और हमारी एक जिम्मेदार पहल किसी बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है।
Hi-Tech Institute of Engineering & Technology, Ghaziabad शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, जनहितकारी गतिविधियों, कौशल विकास एवं सरकारी पहलों में सक्रिय सहभागिता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें