सोमवार, 14 सितंबर 2026

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव का शुभारंभ, विधायक संजीव शर्मा ने जन्मदिन पर किया गणपति पूजन, प्रतिदिन लगेगा 2100 लड्डुओं का भोग,

 










मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद, 14 सितंबर 2026। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर, गाजियाबाद में सोमवार को भव्य “दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव–2026” का शुभारंभ श्रद्धा, उल्लास एवं वैदिक विधि-विधान के साथ हुआ। कार्यक्रम मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहन्त नारायण गिरि जी महाराज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

प्रातः 10:30 बजे श्री गणपति महाराज की प्रतिमा के समक्ष गणेश पूजन, अभिषेक एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार, गणपति स्तुति एवं सहस्रनाम पाठ के साथ विधिवत पूजन कराया। भगवान गणपति को प्रिय मोदक एवं लड्डुओं का भोग लगाया गया तथा दूर्वा अर्पित कर सुख-समृद्धि, शांति एवं लोककल्याण की कामना की गई।

अनुज धर्म गर्ग एवं परिवार रहे मुख्य यजमान

महोत्सव के मुख्य यजमान श्री अनुज धर्म गर्ग जी, अध्यक्ष, श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर विकास समिति, एवं उनके परिवारजन रहे। उन्होंने विधिवत संकल्प लेकर भगवान गणपति का पूजन किया तथा दूर्वा, पुष्प, मोदक एवं लड्डू अर्पित किए। पूजन में श्री विजय मित्तल जी एवं श्री बी.के. शर्मा जी ने भी सहभागिता कर भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गाजियाबाद के लोकप्रिय विधायक संजीव शर्मा अपने जन्मदिन के अवसर पर सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान दूधेश्वर एवं गणपति महाराज के दर्शन-पूजन कर विधि-विधान से श्री गणेश की आराधना की तथा गाजियाबाद सहित क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं सर्वांगीण विकास की प्रार्थना की।

इस अवसर पर श्रीमहन्त नारायण गिरि जी महाराज ने विधायक श्री संजीव शर्मा जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगलमय, यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।

इसी अवसर पर हिमांशु शर्मा जी का भी जन्मदिन मनाया गया। श्रीमहन्त नारायण गिरि जी महाराज ने उन्हें सम्मानित करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं एवं मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्य लक्ष्मीकांत जी, आचार्य नित्यानंद जी, आचार्य रोहित त्रिपाठी जी, आचार्य अजय दाधीच जी एवं साध्वी विष्णुप्रिया गिरि जी के साथ महंत महेश दास जी, बाबा लाल मंदिर ने विभिन्न वेदियों एवं देवताओं का विधिवत पूजन कराया।

वैदिक मंत्रोच्चार, गणपति स्तुति एवं सहस्रनाम पाठ से संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। स्थापना एवं पूजन के अवसर पर विजय मित्तल, अध्यक्ष, श्रृंगार सेवा समिति, विजय सिंगल, सुनील शर्मा, बी.के. शर्मा हनुमान, पुनीत पाहवा, अमित शर्मा, सचिन, पिंटू , संजीव वर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान गणपति की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।

भगवान गणेश की आराधना से दूर होते हैं सभी विघ्न : श्रीमहन्त नारायण गिरि

श्रीमहन्त नारायण गिरि जी महाराज ने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक, ज्ञान, समृद्धि एवं शुभता के अधिष्ठाता हैं। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणपति के पूजन से की जाती है। सच्ची श्रद्धा एवं भक्ति से गणपति महाराज की आराधना करने वाले भक्तों के जीवन के विघ्न दूर होते हैं तथा उनके मनोरथ पूर्ण होते हैं।

प्रतिदिन 2100 लड्डुओं का लगेगा भोग

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव के दौरान भगवान गणपति को प्रतिदिन 2100 लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। महोत्सव के दौरान कुल 11 हजार लड्डू भगवान गणपति को अर्पित करने का संकल्प लिया गया है।

महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा सायं 4:00 बजे से 6:00 बजे तक विशेष पूजा-अर्चना होगी। सायंकालीन पूजन के पश्चात भगवान गणपति की भव्य आरती एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

17 सितंबर को निकलेगी भव्य गणपति शोभायात्रा

पिंटू सुथार ने बताया कि दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव का भव्य समापन 17 सितंबर 2026 को विशाल गणपति शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा प्रातः 9:30 बजे सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर से प्रारंभ होगी और गाजियाबाद के प्रमुख बाजारों एवं विभिन्न मार्गों से होते हुए मुरादनगर स्थित दूधेश्वर घाट पहुंचेगी।

दूधेश्वर घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान गणपति की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।

मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त करने एवं धर्म-अध्यात्म के इस पावन आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें