सम्बंधित अधिकारी ग्रामों में जाकर किसानों की समस्याओं को सुनें और करायें गुणवत्तापूर्ण निस्तारण: जिलाधिकारी
किसानों को आश्वस्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा—प्रत्येक समस्या का कराया जायेगा शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
गाजियाबाद । जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में विकास खण्ड भोजपुर की ग्राम पंचायत औरंगाबाद फजलगढ़ में किसान जन चौपाल का आयोजन किया गया। किसान जन चौपाल में जिलाधिकारी ने किसानों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी नियमित रूप से ग्रामों में जाकर किसानों से संवाद करें और उनकी समस्याओं को मौके पर सुनते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती कोमल द्वारा ग्राम की विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। ग्राम प्रधान ने ग्राम की सड़कों के जीर्णोद्धार, तालाब उपलब्ध कराने, विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा विद्युत सप्लाई को सुचारु रूप से संचालित किए जाने सहित अन्य मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसानों से संबंधित प्रत्येक समस्या का नियमानुसार शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं सुझावों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। किसान जन चौपाल के दौरान किसानों द्वारा विभिन्न विषयों पर अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किसानों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी गई और किसानों की आय में अधिक बढ़ोतरी कराने हेतु भी जानकारी प्रदान की गयी। किसान जन चौपाल शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर प्रशासन की ओर से परियोजना निदेशक, नायब तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, मैनेजर जिला सहकारी बैंक, ग्राम प्रधान श्रीमती कोमल सहित किसानों में बिजेन्द्र सिंह, राम कुमार, हरेन्द्र सिंह, राजवीर सिंह, धर्मपाल, सतीश, सोमेश, कामेश, सोबरन सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य किसान उपस्थित रहे।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें