गाजियाबाद, 17 सितंबर 2026। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर, गाजियाबाद में आयोजित भव्य श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव के समापन अवसर पर गुरुवार को भगवान श्री गणपति की भव्य एवं दिव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, भक्तों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा का आयोजन एवं समस्त व्यवस्थाएं परम पूज्य श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज के पावन सानिध्य में की गईं। इस अवसर पर देवी मंदिर के महंत गिरिशानंद गिरि जी महाराज, महंत महेश दास जी, श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के मुख्य आयोजक अनुज धर्म गर्ग, कार्यक्रम व्यवस्थापक विजय मित्तल सहित सभी कार्यकर्ताओं और श्रृंगार समिति के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गणपति बप्पा की प्रतिमा को भव्य रूप से सजाए गए रथ पर विराजमान किया गया। शोभायात्रा में रंग-बिरंगी आकर्षक झांकियां, राजस्थान के प्रसिद्ध डांडिया नृत्य, डीजे-बैंड, घोड़े और विभिन्न प्रकार के रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। झांकियों और डांडिया नृत्य को देखने के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय संगीत के बीच श्रद्धालु “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष करते हुए आगे बढ़े।
शोभायात्रा श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर गाजियाबाद के पुराने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों से होती हुई मुरादनगर स्थित गंग नहर के छोटा हरिद्वार पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर गणपति बप्पा का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान भक्तों को भगवान श्री गणपति का प्रसाद भी वितरित किया गया।
छोटा हरिद्वार, मुरादनगर पहुंचने के बाद विधि-विधान और पूर्ण श्रद्धा के साथ भगवान श्री गणपति की प्रतिमा का गंग नहर में विसर्जन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा से सभी के सुख, समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।
मुख्य आयोजक अनुज धर्म गर्ग ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणपति महोत्सव के माध्यम से समाज में धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव का संदेश भी दिया गया। उन्होंने शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज ने सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए भगवान श्री गणेश की कृपा सभी पर बनी रहने की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान गणपति सभी के जीवन से विघ्न दूर करें और प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल प्रदान करें।
मीडिया प्रभारी पिंटू सुथार ने बताया कि शोभायात्रा में मंदिर विकास समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, आचार्य, विद्यार्थी, संत-महात्मा, गणपति भक्त और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह, भक्ति और सामाजिक एकता का वातावरण बना रहा। श्रद्धालु लगातार “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष करते रहे।
शोभायात्रा में विजय सिंघल, आचार्य लक्ष्मीकांत, तोयराज, नित्यानंद, अमित शर्मा (मंदिर मैनेजर), पुनीत पावा, संजीव वर्मा, सुशील शर्मा सहित सैकड़ों साधु-संत और हजारों भक्त उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने आरती-पूजन में भाग लिया और भव्य शोभायात्रा के माध्यम से भगवान श्री गणपति को भावपूर्ण विदाई दी।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें