शुक्रवार, 25 सितंबर 2026

भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन ने टैक्स ऑडिट की तिथि 31 अक्टूबर तक बढ़ाने की मांग; सीबीडीटी को सौंपा ज्ञापन


मुकेश गुप्ता

गाज़ियाबाद, 25 सितंबर 2026। भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन ने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) से धारा 44AB के अंतर्गत कर निर्धारण वर्ष 2026-27 की टैक्स ऑडिट रिपोर्ट एवं अन्य ऑडिट रिपोर्टों (फॉर्म 10B, 10BB सहित) की अंतिम तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026, तथा ऑडिट मामलों में रिटर्न की तिथि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 करने की मांग की है। फाउंडेशन ने सीए एसोसिएशन जालंधर, राजस्थान टैक्स कंसल्टेंट्स एसोसिएशन और AIMTPA सहित अन्य संगठनों के ज्ञापनों का भी समर्थन किया है।

फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए डॉ. विनय मित्तल ने बताया कि इस वर्ष ऑडिट का समय कई कारणों से अत्यंत सीमित रहा. उन्होंने बताया कि आईसीएआई ने गैर-कॉर्पोरेट इकाइयों (₹5 करोड़ से अधिक टर्नओवर) के लिए नया लेखा प्रारूप 31 मार्च 2026 को, वर्ष के अंतिम दिन, अनिवार्य किया।

आईटीआर फॉर्म और यूटिलिटी देर से आए और बार-बार बदले; आईटीआर-6 की यूटिलिटी 20 अगस्त को आई तथा आईटीआर-3/5 की यूटिलिटी 1 सितंबर को फिर संशोधित हुई।

गैर-ऑडिट रिटर्न की तिथि 31 अगस्त होने से ऑडिट के लिए केवल एक माह बचा

एमसीए की CCFS-2026 योजना 15 सितंबर तक चली, जिसके फॉर्म भी इन्हीं सीए को तैयार करने पड़े।

पर्युषण एवं दशलक्षण पर्व (8–25 सितंबर) ऑडिट माह के 18 दिनों में पड़े।

दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान आदि में भारी वर्षा व जलभराव से कामकाज बाधित रहा।

पोर्टल पर लॉगिन, ओटीपी, डीएससी और फॉर्म 3CD वैलिडेशन की समस्याएँ बनी रहीं।

सितंबर में जीएसटी, टीडीएस, अग्रिम कर, ईपीएफ/ईएसआई जैसी अन्य देयताएँ रहीं; साथ ही यह पहला सितंबर है जिसमें आयकर अधिनियम 1961 और 2025, दोनों के अनुपालन साथ-साथ करने पड़े।

बैंक हड़ताल: 11 सितंबर 2026 को एक दिवसीय हड़ताल हो चुकी है और 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है, जो ठीक अंतिम तिथि के सप्ताह में है। इससे बैंक स्टेटमेंट, बैलेंस कन्फर्मेशन व कर भुगतान प्रभावित होने की आशंका है। 

फाउंडेशन ने कहा कि तिथि बढ़ाने से राजस्व की कोई हानि नहीं होगी, क्योंकि कर अग्रिम कर व स्व-निर्धारण कर से जमा होता है; आवश्यकता हो तो धारा 234A का ब्याज जारी रखा जा सकता है। इसके विपरीत, जल्दबाज़ी के ऑडिट से संशोधित रिपोर्ट, नोटिस और मुकदमेबाज़ी बढ़ती है। बोर्ड ने पिछले वर्ष भी यह तिथि 31 अक्टूबर 2025 तक बढ़ाई थी।

फाउंडेशन ने यह भी मांग की है कि निर्णय तुरंत आधिकारिक आदेश से घोषित किया जाए, फॉर्म 3CEB/ट्रांसफर प्राइसिंग मामलों को भी राहत मिले, अगले वर्ष से सभी आईटीआर फॉर्म व यूटिलिटी 30 अप्रैल तक जारी कर स्थिर किए जाएँ, तथा ऑडिट रिपोर्ट हेतु 31 अक्टूबर और रिटर्न हेतु 30 नवंबर की तिथि स्थायी रूप से तय की जाए।

सीए डॉ. विनय मित्तल ने कहा, "करदाताओं को धार्मिक आस्था और अनुपालन के बीच चुनाव के लिए विवश नहीं किया जाना चाहिए। अंतिम सप्ताह में बैंक बंद रहने की आशंका के बीच समयसीमा पर अड़े रहना व्यावहारिक नहीं है। हमें विश्वास है कि बोर्ड लाखों ईमानदार करदाताओं के हित में शीघ्र निर्णय लेगा।"

संपर्क:

सीए डॉ. विनय मित्तल, राष्ट्रीय अध्यक्ष

भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन, गाज़ियाबाद

मोबाइल: 9310556351

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें