रविवार, 20 सितंबर 2026

दस लक्षण पर्व पर एस.एस.डी. जैन पब्लिक स्कूल में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम मे एम एल सी दिनेश गोयल हुए उपस्थित

 






मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । दस लक्षण पर्व के पावन अवसर पर एस.एस.डी. जैन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि दिनेश गोयल एम एल सी गाजियाबाद द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।उनके साथ समिति के अध्यक्ष जे.पी. जैन,मंत्री अजय जैन, सुनील जैन, प्रधानाचार्या श्रीमती लता चंद्रा साधना जैन,प्रदीप जैन,डी के जैन,सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि दिनेश गोयल एम एल सी का स्वागत स्कूल के अध्यक्ष जम्बू प्रसाद जैन व मंत्री अजय जैन ने पटका,माला,व स्मृति चिह्न भेंट करके किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की कोऑर्डिनेटर श्रीमती परिना जैन द्वारा मंगलाचरण से किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम की अगली प्रस्तुति ‘णमोकार महामंत्र’ रही, जिसमें छात्र-छात्राओं ने णमोकार महामंत्र के महत्व एवं उसकी महत्ता को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इसके बाद ‘हम जैन हैं’ प्रस्तुति के माध्यम से छोटे-छोटे बच्चों द्वारा जैन धर्म को अपनाने और जैन होने के महत्व को दर्शाया गया। अगली प्रस्तुति ‘आओ पधारो हे जिनवर’ गीत पर मनमोहक नृत्य रहा, जिसने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में ‘षट्लेश्या’ विषय पर आधारित प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें लेश्या क्या है, उसके विभिन्न स्वरूप तथा नकारात्मक भावों से बचने का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इसके पश्चात सुंदर नृत्य-नाटिका ‘आओ मिलकर पाठशाला आएँ’ प्रस्तुत की गई। इसके माध्यम से बताया गया कि जैन पाठशाला में जाकर बच्चों को किस प्रकार धार्मिक एवं नैतिक संस्कार प्राप्त होते हैं तथा एक अच्छे और संस्कारी व्यक्ति के रूप में उनका चरित्र निर्माण कैसे होता है।

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए ‘नगरी आज सजाओ’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद शिक्षाप्रद नाटक ‘पूजा का फल’ का सजीव मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से पूजा और धार्मिक आस्था के महत्व को दर्शाते हुए संदेश दिया गया कि सच्चे मन से की गई पूजा और दृढ़ धार्मिक भावना व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों में भी सकारात्मक शक्ति प्रदान करती है तथा उसे सुमार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम की अंतिम एवं विशेष प्रस्तुति ‘मैडले’ रही, जिसमें सात गीतों का समावेश किया गया। विभिन्न गीतों के माध्यम से गुरुभक्ति को अलग-अलग भावों और प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया गया। प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यार्थियों की सजीव एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के मंत्री अजय जैन ने छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों, अध्यापिकाओं एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण एवं उनमें नैतिक तथा धार्मिक संस्कार विकसित करने के लिए इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती लता चंद्रा ने भी सभी आगंतुकों, गणमान्य अतिथियों एवं विद्यालय की अध्यापिकाओं का धन्यवाद किया। उन्होंने अध्यापिकाओं की लगन एवं निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से विद्यार्थियों ने इतनी सुंदर एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया और अपनी उपस्थिति से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विद्यालय समिति के अध्यक्ष जे.पी. जैन, मंत्री अजय जैन, सुनील जैन ,परम संघरक्षक अजय जैन विजय जैन ,अंकित जैन सदस्य प्रदीप जैन ,सुभाष जैन तथा प्रधानाचार्या श्रीमती लता चंद्रा,साधना जैन आदि का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमान दिनेश गोयल एम एल सी ने कहा की जैन समाज हमेशा से धर्म के सिद्धांत पर आधारित है और उसी के आधार पर कार्य करता है (जियो और जीने दो )अहिंसा परमो धर्मः के आधार पर समाज चलता है पूरे विश्व को इसे अपना करके इसे पालन करना चाहिए।बच्चों ने जो यहाँ कार्यक्रम प्रस्तुत किया वो धर्म पर आधारित है इस तरह के कार्यक्रम होने से बच्चों समाज और देश में धर्म की प्रभावना बढ़ता है और देश आगे बढ़ता है मुझे इस अवसर पर बुलाया इसके लिए में एस एस डी जैन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक वह समस्त टीम का आभारी हूँ और मुझे आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है। इस स्कूल के बच्चे धर्म को जीवन में आचरण करते हुए आगे बढ़ेंगे आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं।में स्कूल की प्रिंसिपल एवं समस्त अध्यापिकाओं का आभार प्रकट करता हूँ की उन्होंने इतनी मेहनत करके इतना सुंदर प्रोग्राम बच्चों धारा प्रस्तुत करवाया।

मंच का सफल संचालन विद्यालय की कोऑर्डिनेटर श्रीमती परिना जैन द्वारा किया गया।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के सचिव अजय जैन,प्रतिभा,अंजली,रचना,अल्का,नीतू,पायल,सीमा ,विधि,दीक्षा,मुस्कान,निशा,आरूषी,मीनाक्षी,शिल्पी,कृतिका,अंशिका आदि का विशेष सहयोग रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें