गाजियाबाद 26 सितंबर। जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम के परिसर में शनिवार को बाल वाटिका (कक्षा नर्सरी, एल.के.जी. एवं यू.के.जी.) के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा ’ग्रांड पेरेंट्स डे’ बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों के दादा-दादी/नाना-नानी को कार्यक्रम में शामिल होकर भाग लेने के लिए सादर आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन जे. के. गौड़, एवं प्रधानाचार्या श्रीमती निधि गौड़ के करकमलों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके किया| तदोपरांत नन्हें-मुन्नों ने अपने दादा-दादी/नाना-नानी एवं सभी गणमान्य अतिथियों का ‘सरस्वती वंदना’ के द्वारा अभिनंदन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अनेक रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें सभी ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों एवं उनके दादा-दादी/नाना-नानी के लिए अनेक मनोरंजक गतिविधियाँ एवं खेल भी आयोजित किए गए, जिनमें सभी ने बड़े उत्साह से भाग लिया। मन की बात के माध्यम से विद्यालय के चेयरमैन श्री जे. के. गौड़ ने कहा कि आज के दौर में जब संयुक्त परिवारों का विघटन हो रहा है, ऐसे में बच्चे अपने बुजुर्ग अभिभावकों के प्यार एवं देखभाल से वंचित होने लगे हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को अपने दादा-दादी/नाना-नानी के निकट लाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यही वह अवस्था है जब हम बच्चों को अच्छे संस्कार दे सकते हैं और यह आदान-प्रदान बड़ों के सहयोग के बिना पूर्ण नहीं हो सकता। अंत में उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम विद्यालय में निरंतर आयोजित होते रहेंगे। कार्यक्रम के पश्चात सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें