रविवार, 20 सितंबर 2026

कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश लेकर हिंदी भवन में हुआ विशाल रागिनी कार्यक्रम,सासंद, विधायक, मंत्री हुए उपस्थित




मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद। लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में “कन्या भ्रूण हत्या क्यों” विषय पर विशाल रागिनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में कन्या भ्रूण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के प्रति जनजागरूकता पैदा करना तथा बेटियों के संरक्षण, सम्मान और शिक्षा के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय अतुल गर्ग तथा शहर विधायक संजीव शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दूधेश्वरनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरी महाराज द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं शंखनाद के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।





इस अवसर पर वृंदावन से पधारे बिहारी जी के मुख्य पुजारी राहुल गोस्वामी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की आध्यात्मिक एवं सामाजिक भावना को और अधिक प्रभावशाली बनाया। रागिनी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या के दुष्परिणामों, बेटियों के महत्व तथा समाज में समानता और सम्मान की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेटी परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या केवल एक सामाजिक समस्या नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक संतुलन से जुड़ा गंभीर विषय है। बेटियों को जन्म लेने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिलना चाहिए। समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर ऐसी कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के पीठाधीश्वर ब्रह्मऋषि विभूति बीके शर्मा हनुमान ने किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों, संत-महात्माओं, कलाकारों एवं समाज के गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से जनमानस तक सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सकता है।आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, धर्माचार्य एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बेटियों के सम्मान, संरक्षण एवं सुरक्षित भविष्य के लिए सामाजिक जागरूकता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें