गाजियाबाद । राजनगर स्थित इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी जोरों पर हैं। इस्कॉन मंदिर को फूल बंगले में तब्दील किया जाएगा, साथ ही 24 घंटे अखंड हरिनाम संकीर्तन होगा तो वहीं रात्रि 12 बजे महाआरती विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेगी। 4 सितंबर जन्माष्टमी पर इस बार वीवीआईपी भक्तजनो के लिए डिजिटल पास कयूआर कोड बनाएं जाएंगे। जो भी भक्त पखस बनाना चाहे अपने मोबाइल से बना लेगा।
यह जानकारी मंगलवार को प्रेसवार्ता में इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष आदिकर्ता प्रभु ने दी। उन्होंने बताया कि बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर प्रशासन एवं सभी सेवकों द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। जन्माष्टमी केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के साथ अपने शाश्वत संबंध को पुनः जागृत करने और उनके चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करने का पावन अवसर है। अखंड संकीर्तन के साथ ही हरे कृष्ण, हरे राम महामंत्र का नृत्य एवं संकीर्तन भी आयोजित होगा। मंदिर के उपाध्यक्ष धनंजय जगन्नाथ प्रभु ने बताया कि जन्माष्टमी पर सैंकड़ों की संख्या में भक्त दर्शनो के लिए पहुंचते हैं। इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। चार सितम्बर को श्रीकृष्ण के लिए मंदिर को फूल बंगले में तब्दील किया जाएगा जिसमें देशी-विदेशी फूलों से सजावट की जाएगी। भगवान को 108 व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा व प्रकाट्य उत्सव के दौरान दिव्य अभिषेक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के पूरे दिन भगवान के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे।
नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि पर्व के अवसर पर निगम की ओर से पेयजल, सफाई व स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जा रही है। जन्माष्टमी पर मंदिर बंद होने तक निगम के कर्मचारियों की डयूटी लगाई जाएगी ताकि सफाई को लेकर कोई अव्यवस्था न हो।
मंदिर प्रबंधक सुरेश्वरदास प्रभु ने बताया कि इस पर्व पर शहर के गणमान्य लोग भी श्रीकृष्ण के दर्शन व आर्शीवाद प्राप्त करेंगे। मंदिर में एक से तीन सितम्बर तक श्रीकृष्ण कथा का आयोजन सुंदर गोपाल प्रभु द्वारा किया जा रहा है। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, उनके संदेश एवं भक्ति के महत्व को सरल एवं भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर जोनल सुपरवाइजर सुंदर गोपाल दास, सौरभजायसवाल मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें