शनिवार, 17 सितंबर 2022

हनी ट्रैप में लोगों को फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन युवती गिरफ्तार, ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहा था धंधा, सरगना युवक और पार्लर संचालिका फरार

 

गाजियाबाद। ब्यूटी पार्लर की आड़ में लोगों को हनीट्रैप में फंसा कर उनके साथ ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी करने के बाद ब्यूटी पार्लर से तीन युवतियों को गिरफ्तार किया, जबकि सरगना युवक और ब्यूटी पार्लर संचालिका फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगी है। पकड़ी गई युवतियां वीडियो कॉल कर लोगों को अपने जाल में फंसाकर निर्वस्त्र होकर उन्हें भी नग्न करवाकर फोटो क्लिक कर लिया करती थी और इसके बाद उनसे सौदेबाजी कर रकम ऐंठी जाती थी।

एस पी सिटी निपुण अग्रवाल व क्षेत्राधिकारी प्रथम अंशु  जैन ने बताया कि गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि प्रताप विहार में स्थित एक ब्यूटी पार्लर में मौजूद युवतियां लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर रकम ऐंठने का धंधा करती हैं। अब तक यह बहुत से लोगों को अपना निशाना बना चुकी हैं। धंधे में ब्यूटी पार्लर संचालिका और सरगना आकाश भी शामिल है। युवतियों को सैलरी बेस पर रखा गया है, जो लोगों को व्हाट्सएप कॉल करती है और उन्हें अपनी मीठी मीठी बातों में फंसाकर निर्वस्त्र हो जाती हैं और उन्हें भी नग्न करने के लिए मजबूर करती हैं। बातों में आकर सामने वाला व्यक्ति उनके कहने में आ जाता है और इसके बाद उनके जाल में फंस जाता है। जिसके बाद उनकी बिना कपड़ों के फोटो क्लिक कर ली जाती है एवं इनके बाद धन की मांग की जाती है। न देने पर फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी दी जाती है। 

थानाध्यक्ष योगेन्द्र मलिक ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने बताए हुए स्थान पर छापेमारी कर दी। जहां से तीन लड़कियों को पकड़ा गया। थाने लाकर पूछताछ करने पर मामला सही पाया गया। युक्तियों ने बताया कि रैकेट का सरगना आकाश नाम का युवक है, जबकि ब्यूटी पार्लर संचालिका रेनू गौतम भी इसमें शामिल है। उन्हें इस धंधे के लिए सैलरी बेस पर  युवतियों को रखा गया था। सीओ ने बताया कि गैंग के सरगना आकाश और ब्यूटी पार्लर संचालिका की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।


मोटी मछलियों को जाल में फंसाते थे


पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़ी गई युवतियों ने बताया कि वह आकाश और ब्यूटी पार्लर संचालिका के कहने पर लोगों को वीडियो कॉल करते थे। उन लोगों को कॉल किया जाता था, जो धन्ना सेठ होते थे। ताकि आसानी से उनसे रकम ऐंठी जा सके। इसके बाद उनके कहने अनुसार लोगों को मीठी-मीठी बातें कर निर्वस्त्र करने के बाद जाल में फंसा लिया जाता था और इसके बाद शुरू होती थी डीलिंग। जो आकाश और ब्यूटी पार्लर संचालिका करती थी। उन्हें तो सिर्फ महीने के हिसाब से सैलरी दी जाती थी।


तेजी के साथ फैल रहा जाल


लोगों को वीडियो कॉल कर इसी तरीके से अपने जाल में फंसाकर उनसे रकम हड़पने वाले गिरोह का जाल तेजी के साथ खेल रहा है। समय-समय पर कार्रवाई भी होती रहती है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीते दिनों पूर्व साइबर सेल की टीम ने इसी तरह के का धंधा करने वाली कई लड़कियों को पकड़कर जेल भेजा था। यह लड़कियां नंदग्राम की रहने वाली थी।


खातों की खंगाली जा रही डिटेल


पुलिस टीम का नेतृत्व करने वाली क्षेत्राधिकारी अंशु जैन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही पकड़ी गई लड़कियों की खातों की डिटेल भी खंगाली जा रही है। पूछताछ में लड़कियों का कहना है कि वह कुछ महीनों से ही इस धंधे को अंजाम दे रही थी। पूरी छानबीन होने पर पूरी सच्चाई उजागर हो सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें