मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने घर से करीब 25 से 30 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी की वारदात का मात्र 12 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी किराएदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने और हीरे के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल के बताया कि सुदामापुरी निवासी रीता गोयल ने 25 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 18 जुलाई को अपने पति और छोटे बेटे के साथ खाटू श्याम जी के दर्शन करने गई थीं। इसी दौरान उनके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच की। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुदामापुरी बिजलीघर के पास से आरोपी अनंत मिश्रा (25) निवासी ग्राम जादलपुर, थाना अलीगंज, जिला एटा को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी प्रियाशील पाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से पीड़िता के मकान में किराए पर रह रहा था। मकान मालिक का उस पर पूरा भरोसा था। परिवार के खाटू श्याम जाने की जानकारी होने पर उसने रात में मौका पाकर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सभी कीमती आभूषण चोरी कर लिए। उसे विश्वास था कि किसी को उस पर शक नहीं होगा, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन सोने के हार, दो डायमंड सेट, पांच जोड़ी सोने की झुमकियां, दो सोने की लटकन तथा चार सोने के कंगन बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें