वृक्ष धरती के आभूषण एवं मानव जीवन के आधार स्तंभ: जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़
*वृक्षारोपण से हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी: विधायक सदर संजीव शर्मा
*डीएफओ ने किया पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाने का अनुरोध*
गाजियाबाद । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश एवं मार्गदर्शन में प्रदेशव्यापी “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” के अंतर्गत जनपद गाजियाबाद में “सबका साथ, वनों का विकास” तथा “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में विजयनगर स्थित रक्षा भूमि राइफल रेंज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, नरेंद्र कश्यप रहे। अतिथियों को पौधा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आयना डांस एकेडमी द्वारा गणेश वंदना कर किया गया, इस दौरान उनके द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विधायक सदर संजीव शर्मा, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़, डीएफओ श्रीमती ईशा तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, एसडीएम अरुण दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव, स्थानीय पार्षद संतराम यादव, समाजसेवी सुभाष गुप्ता एवं उप विभागीय वनाधिकारी डा.सलोनी,क्षेत्रिय वनाधिकारी निमि कुचिया, क्षेत्रिय वनाधिकारी मोदीनगर अमित सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने तथा भावी पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को देवतुल्य माना गया है तथा इनके संरक्षण में ही मानवता का कल्याण निहित है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत करते हुए कहा कि वृक्ष धरती के आभूषण हैं तथा मानव जीवन के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में अनेक वृक्षों को पूजनीय माना गया है और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जब हम वृक्षों की रक्षा करेंगे, तभी वृक्ष हमारी रक्षा कर सकेंगे। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण संबंध संचालित कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
विधायक सदर संजीव शर्मा ने कहा कि जिस क्षेत्र में आज वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, वहां 2025 से पूर्व में अवैध अतिक्रमण, गंदगी एवं असामाजिक गतिविधियों की स्थिति थी। जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र का कायाकल्प हुआ है और आज यहां हरित एवं स्वच्छ वातावरण विकसित हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में किए जा रहे वृक्षारोपण से हरियाली और अधिक बढ़ेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने की अपील की।
डीएफओ श्रीमती ईशा तिवारी ने बताया कि जनपद को इस वर्ष 1022300 पौधारोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है तथा जनपद द्वारा निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधारोपण किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर दो भागों में 50 हजार पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही अन्य चिन्हित 2100 स्थलों पर शेष पौधों का रोपण किया जाएगा। डीएफओ महोदया ने बताया कि मंत्री जी द्वारा पाकड़/पिलखन, विधायक द्वारा पीपल एवं जिलाधिकारी द्वारा बरगद/वट पौधा रोपण किया गया। इस प्रकार तीनों अतिथियों द्वारा हरिशंकरी स्थापित की गई। इस प्रकार कार्यक्रम स्थल पर दो हरिशंकरी स्थापित करते हुए अन्य हजारों पौधों का रोपण किया गया। डीएफओ महोदया ने नीम एवं सीडीओ महोदय ने महोगनी के पौधे का रोपण किया गया। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें