शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

आईपीईसी में एआई आधारित 21वीं सदी के रोजगार कौशल पर तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम संपन्न

 



मुकेश गुप्ता

वाधवानी फाउंडेशन के सहयोग से शिक्षकों को मिला एआई-सक्षम शिक्षण एवं उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण

साहिबाबाद। इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी), गाजियाबाद के स्किल डेवलपमेंट सेल एवं वाधवानी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 8 से 10 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को एआई आधारित 21वीं सदी के रोजगार कौशल, आधुनिक शिक्षण तकनीकों एवं उद्योगोन्मुख दक्षताओं से सशक्त बनाना था, ताकि वे विद्यार्थियों को भविष्य की कार्य चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार कर सकें।

कार्यक्रम का आयोजन वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, कैंपस निदेशक प्रो. (डॉ.) डी.के. शर्मा, डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) अमित जैन तथा स्किल डेवलपमेंट सेल के एसपीओसी रॉकी सचान के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ एआई आधारित रोजगार कौशल का समावेश समय की आवश्यकता है।

वाधवानी फाउंडेशन की सीनियर मास्टर ट्रेनर शिप्रा थप्पा ने प्रभावी संचार, समय प्रबंधन, आत्म-जागरूकता, नेतृत्व, पब्लिक स्पीकिंग, टीम बिल्डिंग, समस्या समाधान, प्रोफेशनल एटीकेट, एआई-संचालित रोजगार कौशल तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों पर व्यावहारिक एवं सहभागितापूर्ण सत्र आयोजित किए। शिक्षकों ने केस स्टडी, समूह गतिविधियों और प्रायोगिक अभ्यासों में सक्रिय भागीदारी की।

ट्रेन-द-ट्रेनर मॉडल पर आधारित इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों में क्रिटिकल थिंकिंग, कम्युनिकेशन, कोलैबोरेशन, क्रिएटिविटी और प्रॉब्लम-सॉल्विंग जैसे आवश्यक कौशल विकसित कर उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाना है। संस्थान ने इसे अकादमिक जगत और उद्योग के बीच की दूरी कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें