नई दिल्ली । हिन्दू संघर्ष समिति द्वारा 10 जुलाई 2026 को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में विश्वविख्यात वैज्ञानिक निकोला टेस्ला की 170वीं जयंती के अवसर पर “टेस्ला विवेकानन्द फ्रेंडशिप फोरम” का शुभारम्भ किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए हिन्दू संघर्ष समिति के राष्ट्रीय सचिव मोहित माधव ने कहा कि यह केवल एक स्मृति समारोह नहीं, बल्कि विज्ञान, अध्यात्म, संस्कृति और वैश्विक सहयोग को समर्पित एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द और निकोला टेस्ला के विचार आज भी विश्व को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं तथा यह फोरम उन्हीं आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बनेगा।
मोहित माधव ने देशभर के युवाओं, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उद्योग जगत, नीति निर्माताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से इस ऐतिहासिक अवसर पर सहभागिता का आग्रह करते हुए कहा—
“भारत ने सदैव ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश दिया है। ‘टेस्ला विवेकानन्द फ्रेंडशिप फोरम’ विज्ञान और आध्यात्मिक चेतना के समन्वय के माध्यम से विश्व बंधुत्व, नवाचार, ज्ञान-विनिमय और सांस्कृतिक सहयोग को नई गति प्रदान करेगा। यह मंच आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण एवं मानव कल्याण के लिए प्रेरित करेगा।”
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य भारत और विश्व के बीच ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार, सांस्कृतिक संवाद एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित सहयोग को सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर हिन्दू संघर्ष समिति के राष्ट्रीय महामंत्री श्री अनुप पाण्डेय ने कहा कि समिति राष्ट्रहित, सांस्कृतिक जागरण एवं वैश्विक समन्वय के ऐसे रचनात्मक प्रयासों के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने सभी राष्ट्रप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें