सोमवार, 27 जुलाई 2026

बिराज फाउंडेशन के सहयोग से गणेश अस्पताल ने नंदग्राम में लगाया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 200 लोगों ने उठाया लाभ

 



मुकेश गुप्ता

ईडब्ल्यूएस वर्ग के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह

भविष्य में भी जारी रहेंगे ऐसे जनसेवा अभियान

गाजियाबाद। स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिराज फाउंडेशन के सहयोग से गणेश अस्पताल द्वारा नंदग्राम ई-ब्लॉक में निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 200 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।

बिराज फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ डॉ. बिराज सिंह ने बताया कि नंदग्राम क्षेत्र में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के परिवार निवास करते हैं, जिनके लिए इस प्रकार के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर बेहद उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।  

गणेश अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. प्रतीक शर्मा ने कहा कि अस्पताल सामाजिक दायित्व के तहत समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा परामर्श और जांच की सुविधा मिल सके। 

शिविर में मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए तथा चिकित्सकों ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया। आयोजन को सफल बनाने में विमल कुमार यादव एवं डॉ. रामोद यादव का विशेष सहयोग रहा। वहीं गणेश अस्पताल की ओर से डॉ. ललित, डॉ. नमरीन, योगेश, निधि, राहुल और मोहन सहित चिकित्सा एवं सहयोगी स्टाफ ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर लगाए जाने की मांग की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें