गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित प्रदेश के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से संचालित 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' के अंतर्गत दिनांक 12 जुलाई, 2026 को पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधों के रोपण का महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस महाभियान में जनसहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक नागरिक से "एक पेड़ माँ के नाम" लगाने का आह्वान किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जा सके।
इसी क्रम में पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा भी इस महाभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए वर्ष 2026 के लिए 12,000 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लक्ष्य की प्रभावी पूर्ति के लिए पुलिस लाइन्स, समस्त थाना परिसरों एवं विभिन्न पुलिस कार्यालयों को आवश्यकतानुसार पौधों का आवंटन पूर्व में ही किया गया था।
इस अवसर पर पुलिस लाइन्स गाजियाबाद के परेड ग्राउंड में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस आयुक्त द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध), समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिकाधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा पुलिस लाइन्स, सभी थाना परिसरों तथा विभिन्न पुलिस कार्यालयों में एक साथ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए छायादार, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित रख-रखाव का भी संकल्प लिया गया, जिससे लगाए गए पौधे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को सार्थक बना सकें।
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद का यह प्रयास न केवल उत्तर प्रदेश सरकार के 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' अभियान को सफल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति पुलिस एवं समाज की साझा जिम्मेदारी और जनभागीदारी का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएँ, उनका संरक्षण करें तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाते हुए हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें