एन.आई.टी.टी.टी.आर. चंडीगढ़ के सहयोग एवं इंटेल के तकनीकी सहयोग से शिक्षकों को ए.आई. तकनीक से सशक्त बनाने की पहल
गाजियाबाद । राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आर.के.जी.आई.टी.), गाजियाबाद के एम.सी.ए. विभाग द्वारा एन.आई.टी.टी.टी.आर., चंडीगढ़ के सहयोग एवं इंटेल के तकनीकी सहयोग से ‘ए.आई. फॉर फ्यूचर वर्कफोर्स’ विषय पर पांच दिवसीय शॉर्ट-टर्म फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफ.डी.पी.) का आयोजन 20 से 24 जुलाई 2026 तक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) एवं मशीन लर्निंग (एम.एल.) की नवीनतम अवधारणाओं और व्यावहारिक अनुप्रयोगों से अवगत कराना तथा उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करना था।
यह कार्यक्रम एम.सी.ए. विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शिवा गर्ग के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जबकि असिस्टेंट प्रोफेसर शैलेंद्र सिंह चौहान ने प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी एवं प्रबंधन संस्थानों के फैकल्टी सदस्यों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ वक्ताओं ने स्मार्ट फ्रेमवर्क के माध्यम से एक्शन प्लान तैयार करने, न्यूरल नेटवर्क मॉडल के विभिन्न प्रकार, ऑरेंज डेटा माइनिंग टूल पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण तथा कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की प्रासंगिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. शिवा गर्ग ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप अपने ज्ञान एवं कौशल को अद्यतन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) बी.सी. शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल अकादमिक उत्कृष्टता और नवाचार आधारित शिक्षण वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) डी.के. चौहान ने एम.सी.ए. विभाग को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं रोजगार क्षमता को मजबूत करने में सहायक हैं।
समापन अवसर पर प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर शैलेंद्र सिंह चौहान ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञ वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें