शनिवार, 15 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के रंगों से जगमगाया गाजियाबाद विकास प्राधिकरण परिसर,उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से किया आत्ममंथन का आह्वान, जनसेवा को बताया सच्ची राष्ट्रभक्ति

 



मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद, 15 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्राधिकरण परिसर को तिरंगे के रंगों वाली आकर्षक रोशनी से भव्य एवं मनमोहक ढंग से सजाया गया। शाम होते ही तिरंगा लाइटों से जगमगाता पूरा प्राधिकरण परिसर देशभक्ति की अद्भुत छटा बिखेरता नजर आया। परिसर से निकलने वाली तिरंगे की रोशनी ने आसपास के क्षेत्र को भी अपने रंगों में रंग दिया, जिससे पूरा वातावरण केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से सराबोर होकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को अभिव्यक्त कर रहा था। यह आकर्षक प्रकाश सज्जा स्वतंत्रता दिवस समारोह के उत्साह को और अधिक भव्य बना रही थी तथा आसपास के लोगों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।



शासन के निर्देशों के अनुपालन में समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात उपाध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया तथा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा प्राधिकरण परिसर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत दिखाई दिया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन और अपने कर्तव्यों के मूल्यांकन का महत्वपूर्ण अवसर भी है। हमें विचार करना चाहिए कि एक नागरिक और विशेष रूप से एक सरकारी सेवक के रूप में हम राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान किस प्रकार दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश की सेवा केवल सीमा पर तैनात सैनिकों तक सीमित नहीं है। निजी क्षेत्र में कार्य करने वाला प्रत्येक व्यक्ति भी अपने कार्य के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान देता है। लेकिन सरकारी सेवकों की जिम्मेदारी अपेक्षाकृत अधिक होती है, क्योंकि आम नागरिक शासन-व्यवस्था और सरकारी कर्मचारियों के आचरण को देखते हैं और उससे प्रभावित होते हैं।


उपाध्यक्ष  ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से अपना आत्ममूल्यांकन करें। प्रत्येक माह यह समीक्षा की जाए कि प्राधिकरण में आने वाले नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए हमने कितना प्रभावी प्रयास किया। यदि कोई कार्य नियमों के अनुरूप किया जा सकता है, लेकिन किसी कारणवश अभी तक लंबित है, तो यह विचार किया जाए कि नियमों के दायरे में रहते हुए अतिरिक्त प्रयास करके उस कार्य को शीघ्र कैसे पूरा कराया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद नागरिक की समस्या का समाधान करना, उसके अधिकारों के अनुरूप उसका कार्य समयबद्ध ढंग से कराना और उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना ही वास्तविक जनसेवा और सच्ची राष्ट्रभक्ति है। राष्ट्र के प्रति प्रेम केवल भावनाओं और नारों तक सीमित न रहकर हमारे दैनिक कार्यों और आचरण में दिखाई देना चाहिए।

उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण एक सशक्त टीम के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसी भावना के साथ आगे भी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण उत्तर प्रदेश शासन का एक अभिन्न अंग है और प्राधिकरण का प्रत्येक कार्य प्रदेश सरकार की मंशा एवं जनहित की भावना के अनुरूप होना चाहिए। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल योजनाओं का विकास करना नहीं, बल्कि गाजियाबाद को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर शहर के रूप में विकसित करते हुए नागरिकों के जीवन में सुविधा और खुशहाली लाना भी है।

समारोह में प्राधिकरण के सचिव विवेक कुमार मिश्रा, अपर सचिव  प्रदीप कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी राजीव रतन सिंह व श्रीमती कनिका कौशिक, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन सहित प्राधिकरण के समस्त अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक समारोह में सहभागिता करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्राधिकरण परिसर में देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण बना रहा। दिन में तिरंगे के साथ आयोजित गरिमापूर्ण कार्यक्रम और शाम को तिरंगा रोशनी से जगमगाते प्राधिकरण परिसर ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भी भव्य स्वरूप प्रदान किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र के प्रति समर्पण, ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें