गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में महंत स्वामी गिरिशानंद गिरी जी के सानिध्य में विधिवत रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
इस अवसर पर मंदिर एवं गुरुकुल परिसर को तिरंगे और देशभक्ति की भावना से आकर्षक रूप से सजाया गया। गुरुकुल के विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लिया और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में लक्ष्मीकांत पाढ़ी, सचिव वेद विद्यालय; तोयराज उपाध्याय, प्राचार्य; रोहित त्रिपाठी, सामवेद विद्वान; नित्यानंद आचार्य, यजुर्वेदी; किशन शर्मा, ऋग्वेदी; अजय दाधीच, व्याकरण आचार्य तथा दीपक सिंह, आधुनिक आचार्य सहित मंदिर एवं गुरुकुल से जुड़े विद्वान एवं आचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। मंदिर परिसर में गूंजते देशभक्ति के नारों और तिरंगे की छटा ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
धर्म, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का यह संगम स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें