गाजियाबाद, 24 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद विकास द्वारा शनिवार को हाईटेक इंजीनियरिंग कॉलेज, वेदांता फार्म हाउस के निकट, एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलेज परिसर के पूल साइड क्षेत्र में 82 सजावटी एवं फलदार वृक्षों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि लगाए गए सभी वृक्षों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी कॉलेज के निदेशक एवं क्लब सदस्य रो. आनन्द प्रकाश ने अपने स्तर पर लेने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्लब ने कॉलेज परिसर के बाहर एक हजार वृक्ष लगाने के महाअभियान का भी शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को अधिक हरित बनाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। क्लब पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल आने वाले समय में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन संस्था के निदेशक रो. आनन्द प्रकाश एवं दया गर्ग द्वारा किया गया। रोटरी क्लब अध्यक्ष रो. कैलाश मंगला एवं रो. कल्पना मंगला ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
वृक्षारोपण अभियान में क्लब सचिव रो. नरेश जिंदल, रो. संजय अग्रवाल, रो. कुलदीप कोहली, रो. अनिल गर्ग, रो. सहदेव भारद्वाज, रो. विनीत माहेश्वरी, रो. आलोक गर्ग, रो. संजय गर्ग, रो. मनीषा गर्ग तथा रो. बबिता गर्ग सहित अनेक रोटेरियनों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि "एक पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं, उसकी देखभाल करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।" रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास द्वारा यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में निरंतर जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें