गाजियाबाद। भूजल संरक्षण और वर्षा जल की एक-एक बूंद को सहेजने के उद्देश्य से उत्थान समिति द्वारा नगर निगम गाजियाबाद के सहयोग से उत्थान वाटिका में वर्षा-जल संचयन टैंक की स्थापना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्री अजीत पाल त्यागी तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य वर्षा जल को व्यर्थ बहने से रोककर उसे भूजल पुनर्भरण के लिए उपयोग में लाना तथा आम नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
“जल बचाना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी” — सत्येन्द्र सिंह
उत्थान समिति के चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि भूजल स्तर में लगातार हो रही गिरावट भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। केवल सरकार या प्रशासन के प्रयासों से इसका समाधान संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।
उन्होंने कहा, “बारिश का पानी प्रकृति द्वारा दिया गया अनमोल संसाधन है। यदि हम इसे वैज्ञानिक तरीके से धरती में वापस पहुँचाएं तो भूजल स्तर को बेहतर करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। हमारा प्रयास है कि ‘जल संजीवनी अभियान’ के माध्यम से वर्षा-जल संचयन को एक जन आंदोलन बनाया जाए। पार्कों, संस्थानों, औद्योगिक परिसरों, आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक वर्षा-जल संचयन प्रणालियां विकसित हों।”
सत्येन्द्र सिंह ने नगर निगम गाजियाबाद के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्थान समिति पर्यावरण और जल संरक्षण के क्षेत्र में अपने प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।
“हर घर और संस्थान को वर्षा जल संरक्षण की जिम्मेदारी लेनी होगी'—अजीत पाल त्यागी
मुख्य अतिथि विधायक अजीत पाल त्यागी ने उत्थान समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जल संकट से निपटने के लिए वर्षा-जल संचयन अत्यंत प्रभावी माध्यम है। जल संरक्षण को केवल अभियान के रूप में नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि “समाज में जब स्वयंसेवी संस्थाएं और नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आते हैं, तभी बड़े बदलाव संभव होते हैं। प्रत्येक घर, कॉलोनी, पार्क, संस्थान और औद्योगिक इकाई को अपनी क्षमता के अनुसार वर्षा जल को संरक्षित करने का प्रयास करना चाहिए।”
उन्होंने उत्थान समिति के प्रयास को अन्य सामाजिक संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायक बताते हुए जल संरक्षण के लिए अधिक से अधिक जनभागीदारी का आह्वान किया।
“जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता”—मयंक गोयल
विशिष्ट अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि पर्यावरण और जल संरक्षण सीधे तौर पर समाज के भविष्य से जुड़ा विषय है। विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “जल है तो जीवन है और जल का संरक्षण भविष्य का संरक्षण है। वर्षा की प्रत्येक बूंद को सहेजने की सोच यदि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे तो भूजल संकट जैसी बड़ी चुनौती का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है। उत्थान समिति द्वारा किया जा रहा यह प्रयास समाज को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने की दिशा में सराहनीय कदम है।”
उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से जल संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिंह सिरोही ने पार्क की देखभाल करने वाले मालियों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया एवं सभी को उपहार दिए ।
कार्यक्रम में उत्थान समिति के चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह, डायरेक्टर जनरल अरुण त्यागी, अशोक कुमार , भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर , मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी , पार्षद अमित त्यागी , पार्षद मनोज त्यागी, संदीप त्यागी रसम, पंडित अशोक भारतीय, अंशुल राणा , सहित समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें