सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

प्रदेश की सभी 11 विधान परिषद सीटें कार्यकर्ताओं के दम पर जीतेगी भाजपा: पंकज चौधरी

 




पश्चिमी उत्तर प्रदेश की स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सीटों पर जीत के लिए भाजपा ने तेज की तैयारी, संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

                           मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद। विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठनात्मक बैठक कर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने पार्टी के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संवाद कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा प्रदेश की सभी 11 विधान परिषद सीटों पर कार्यकर्ताओं के दम पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने चुनाव में जुटे कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एक-एक मतदाता तक पहुंचें और पार्टी के पक्ष में मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही चुनाव में बड़ी जीत का आधार बनेगी।

पंकज चौधरी ने जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ चुनावी अभियान को गति देने तथा मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में विधान परिषद चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करने के लिए आवश्यक रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर गाजियाबाद के प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। बैठक में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, मंत्री केपी मलिक सांसद अरुण गोविल, विधायक सोमेंद्र तोमर,सदर विधायक संजीव शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिला अध्यक्ष चैन पाल सिंह, महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, हरीश ठाकुर, अशोक मोंगा और धर्मेंद्र भारद्वाज, अजीत पाल त्यागी,सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने और संगठन की ताकत के आधार पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें