गाजियाबाद 11 अकटूबर 2026। विजयनगर मिलिट्री ग्राउंड स्थित श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव में रविवार को ताड़का वध और सुबाहु वध के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण के पराक्रम का सजीव चित्रण कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंचन के दौरान पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला के प्रसंग के अनुसार, ऋषि विश्वामित्र अपने यज्ञ को राक्षसों के आतंक से बचाने के लिए राजा दशरथ से श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ ले जाने का आग्रह करते हैं। गुरु की आज्ञा पाकर दोनों भाई विश्वामित्र के साथ वन की ओर प्रस्थान करते हैं। मार्ग में ताड़का नामक राक्षसी के आतंक से क्षेत्र के लोग भयभीत रहते हैं। ऋषि विश्वामित्र के निर्देश पर श्रीराम ताड़का का वध कर लोगों को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाते हैं।
इसके बाद यज्ञ की रक्षा के दौरान सुबाहु और मारीच सहित अन्य राक्षस यज्ञ में विघ्न डालने पहुंचते हैं। श्रीराम अपने बाणों से सुबाहु का वध करते हैं और मारीच को दूर समुद्र की ओर फेंक देते हैं। इस तरह ऋषियों का यज्ञ निर्विघ्न संपन्न होता है।
कलाकारों के संवाद, प्रभावशाली अभिनय और युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। रामलीला के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत और धर्म की रक्षा का संदेश दिया गया। मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। लीला से पहले कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता, महासचिव सतीश शर्मा, कोषाध्यक्ष गिरीश मेहता, सहसंयोजक बाबूराम गौतम, देवेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, सहसचिव रवि कौशिक, उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक, विकास त्यागी, मनोज नागर ने मंच पर श्रीगणेश की आरती की। इसके बाद मंचन शुरू हुआ।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें