सोमवार, 14 जुलाई 2025

सावन में शिव आराधना और रुद्राभिषेक से दूर होगी मानसिक अशांति- महंत विजय गिरी महाराज

 

                         मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । भगवान शिव को समर्पित अत्यंत पवित्र और पावन महीने की शुरुआत 11 जुलाई से हो चुकी है जो कि एक महीना यानि 9 अगस्त तक चलेगा और इस बार सावन के 4 सोमवार व्रत रखें जाएंगे साथ ही भक्तों ने कावड़ यात्रा भी प्रारंभ कर दी है। आपको बता दें कि जहाँ शिवालयों में शिव भक्तो की भारी भीड़ देखने को मिलेगी तो वहीं शिव आराधना हेतु अभिषेक अनुष्ठान आदि भी किये जाएंगे और 14 जुलाई को पड़ने वाले सावन के पहले सोमवार को लेकर भक्तों में उत्साह की स्थिति देखने को मिल रही है।सावन के पहले सोमवार यानि 14 जुलाई के महत्व के विषय में   महेश गुर्जर गिरी जी महाराज ने बताया कि वैसे तो पूरा सावन महीना भगवान शिव की आराधना हेतु श्रेष्ठ है वहीं उनके प्रिय दिवस सोमवार को विधि विधान से किया गया अभिषेक अत्यंत फल दायी होता है।मान्यता अनुसार सावन के महीने में भगवान शिव और पार्वती की पूजा करने से सभी मनोकामना पूरी होती है जबकि सावन वह दिव्य कालखंड है जिसमें संपूर्ण सृष्टि शिवमय हो जाती है और यह महीना केवल एक धार्मिक पर्व नहीं,बल्कि आत्मशुद्धि,आत्मसमर्पण और शिवभक्ति की एक गहन अनुभूति है।इस मास में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है।इस बार पड़ने वाले सोमवार की श्रृंखला में 21,28 जुलाई के बाद 4 अगस्त को पड़ेगा।उन्होंने कहा कि सोमवार को देवाधिदेव महादेव की कृपा प्राप्ति का द्वार माना गया है।सोमवार कि शिव पूजा के महत्व को लेकर विजय गिरी महाराज  ने बताया कि सावन के सोमवार इसलिए प्रभावशाली होते हैं क्योंकि इस ऋतु में सूर्य का प्रभाव कम और चंद्र का प्रभाव अधिक होता है।चंद्रमा मन के स्वामी हैं और यही समय मानसिक शुद्धि,भावनात्मक संतुलन और आत्मिक उन्नति के लिए सर्वोत्तम माना गया है।इस दिन श्रद्धापूर्वक किया गया रुद्राभिषेक मन के विकारों को शांत करता है।ग्रह दोषों में विशेषकर चंद्र,राहु,केतु और शनि से संबंधित पीड़ाओं की शांति के लिए सावन सोमवार को किया गया रुद्राभिषेक अत्यंत लाभकारी होता है।कालसर्प योग,जो अनिश्चितता,भय और जीवन में अवरोध का कारण बनता है उसके निवारण के लिए भी यह महीना अत्यंत श्रेष्ठ है।

सावन के पहले सोमवार को सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में भक्तों का भक्तों का सैलाब उमड़ा

 



                           मुकेश गुप्ता

भक्तों की लगी लंबी-लंबी कतारे, भगवान के दर्शन के लिए भक्तों को करना पड रहा है घंटों इंतजार 

मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य व मार्गदर्शन में हुई व्यवस्थाओं की भक्त कर रहे हैं सराहना 

गाजियाबादः सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में सावन के पहले सोमवार को भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों की लंबी-लंबी कतारें भगवान दूधेश्वर के दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए लगी हुई हैं। मंदिर के पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य में व मार्गदर्शन में जिला-पुलिस व नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं की शिवभक्तों द्वारा सराहना की जा रही है। सावन के पहले सोमवार को भगवान दूधेश्वर के जलाभिषेक के लिए मंदिर में रविवार की रात्रि 10 बजे से ही भक्तों की भीड़ लगने लगी थी। कुछ ही देर में लंबी कतार लग जाने पर महाराजश्री ने रात्रि 12 बजे से ही मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खुलवा दिए। मंदिर में भगवान के दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पजांब, उत्तराखंड, गुजरात, तमिलनाडु आदि से भक्त पहुंचे जिससे भक्तों की कतार घंटाघर तक पहुच गई। भगवान के दर्शन के लिए भक्तों को घंटों इंतजार करना पड रहा है, मगर उनके उत्साह में कोई कमी नहीं है और भगवान दूधेश्वर व हर हर महादेव के जयकारों से मंदिर ही नहीं आसपास का क्षेत्र भी गूंजायमान हो रहा है। प्रातः 3.15 बजे भगवान दूधेश्वर का भव्य श्रृंगार मोहित व उनकी टीम द्वारा किया गया। प्राचीन देवी मंदिर द्वारका पुरी दिल्ली गेट के महंत गिरिशानंद गिरि महाराज ने धूप आरती व दीप आरती की। भगवान को 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया। भगवान का सांय भी विजय मित्तल द्वारा भव्य श्रृंगार किया जाएगा और 108 व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। शंकर गारमेंटस के संजय गर्ग ने परिवार समेत रूद्राभिषेक कराया। भक्त भगवान के दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के बाद महाराजश्री से भेंटकर उनका आशीर्वाद ले रहे हैं। मंदिर के मीडिया प्रभारी एस आर सुथार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर इस मंदिर में जलाभिषेक के लिए इस प्रकार की व्यवस्था कर रहे हैं कि भक्तों को कोई परेशानी नहीं हो रही है और जिला व पुलिस तथा नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं की बेहद सराहना कर रहे हैं। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि सावन का सोमवार भगवान शिव को बहुत ही प्रिय है। सावन के सोमवार को जलाभिषेक करने पर वे भक्तों के सभी कष्ट दूर कर  प्रत्येक मनोकामना पूर्ण करते हैं। इसी कारण सावन के सोमवार को व्रत रखकर भगवान का जलाभिषेक का इतना अधिक महत्व है कि सोमवार को पूरे दिन कभी भी जलाभिषेक करने पर भगवान की कृपा की प्राप्ति होती है। दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में सावन के पहले सोमवार को देर रात्रि तक जलाभिषेक होगा। 

 सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंदिर के मीडिया प्रभारी एस आर सुथार ने बताया कि मंदिर में सावन के पहले सोमवार को भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक रात्रि 12 बजे के बाद से ही शुरू हो जाएगा। सबसे पहले महाराजश्री भगवान दूधेश्वर की पूजा-अर्चना कर उनका अभिषेक करेंगे, उसके बाद मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। रात्रि 3 बजे प्राचीन देवी मंदिर द्वारका पुरी दिल्ली गेट के महंत गिरिशानंद गिरि महाराज धूप आरती-दीप आरती करेंगे। मोहित व विद्या शंकर तिवारी भगवान का श्रृंगार अभिषेक करेंगे। सोमवार की सांय को भी भगवान का भव्य श्रृंगार किया जाएगा और विजय मित्तल द्वारा भगवान को 108 व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। सावन के पहले सोमवार को देश भर के भक्त जलाभिषेक करेंगे, इसी के चलते सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर ही नहीं आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों से भी आने-जाने वालों पर पूरी नजर रखी जाएगी। मंदिर के स्वयं सेवक भी व्यवस्था में सहयोग करेंगे। श्रीमहत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि सावन मास के प्रत्येक सोमवार का विशेष महत्व होता है। इस दिन व्रत रखकर शिवलिंग पर जल, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्रियां अर्पित करना अत्यंत शुभ माना जाता है। महाराजश्री ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को वैसे तो पूरे दिन ही भगवान की पूजा-अर्चना करना व जलाभिषेक करना उत्तम रहेगा, मगर शुभ मुहूर्त में जलाभिषेक करना और भी उत्तम माना गया है। सावन के पहले सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04.11 से 04.52 बजे तक रहेगा। अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11.59 से 12.55 बजे तक रहेगा। इसके साथ ही प्रदोष काल भी जलाभिषेक के लिए बहुत शुभ माना जाता है।

परमार्थ निकेतन में पांच दिवसीय गंगा जी के प्रति जागरूकता और आरती कार्यशाला का आयोजन, गंगाजी केवल नदी नहीं, जीवनदायिनी संस्कृति हैं--स्वामी चिदानन्द सरस्वती

 

*✨परमार्थ निकेतन से प्रथम श्रावण सोमवार की अनेकानेक शुभकामनायें

*✨परमार्थ निकेतन, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नमामि गंगे और अर्थ गंगा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित

भारत के विभिन्न राज्यों से आये पंडितों ने गंगा जी के प्रति जागरूकता एवं आरती कार्यशाला का लिया प्रशिक्षण

                          मुकेश गुप्ता

ऋषिकेश, 14 जुलाई। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर परमार्थ निकेतन में एक विशेष पांच दिवसीय गंगा जी के प्रति जागरूकता एवं आरती कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नमामि गंगे तथा अर्थ गंगा अभियान के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई, जिसका उद्देश्य गंगाजी की आरती की आध्यात्मिक गरिमा को सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय जागरूकता के साथ जोड़ना है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के गंगा तट के पांचों राज्यों से आए पुरोहितों, पंडितों और कर्मकांड करने वाले युवा प्रतिभागियों ने सहभाग किया। उन्हें गंगा आरती की पारंपरिक शैली, वैदिक महत्व, पर्यावरणीय संदेश और सामाजिक प्रभाव के बारे में परमार्थ निकेतन और नमामि गंगे के प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षित किया।

प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को बताया कि गंगा जी की आरती एक दिव्य धार्मिक अनुष्ठान है साथ ही यह भारत की जल-संस्कृति, पारिस्थितिकी और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक भी है। प्रत्येक संध्या जब परमार्थ गंगा तट दीपमालाओं से आलोकित होता है, तब आराधना के साथ जन-जागरूकता, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और सांस्कृतिक अस्मिता का भी प्रतीक है।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि गंगा जी की आरती आस्था व श्रद्धा के साथ सेवा, संस्कृति और स्थायित्व की त्रिवेणी भी है। गंगा आरती एक स्थानीय आर्थिक तंत्र का सशक्त आधार भी है। इसके माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार, संस्कृति आधारित पर्यटन और सतत विकास के अवसर प्राप्त होते हैं। 

स्वामी जी ने कहा कि गंगा जी केवल एक नदी ही नहीं है, वह भारत की जीवंत आत्मा हैं। वह हमारी संस्कृति, सभ्यता और सनातन परंपरा की आधारशिला हैं। गंगा जी की धारा में केवल जल ही नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार और चेतना का प्रवाह है। गंगा आरती इसी चेतना का उत्सव है।

गंगा आरती में जब दीपों की लहरें गंगा की लहरों से मिलती हैं, तो वह संस्कृति और प्रकृति का संगम बन जाती है। यह आरती जल संरक्षण, पर्यावरण रक्षा और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम है।

इस चेतना को जन-जन तक पहुँचाने में पुरोहितों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे न केवल आरती करते हैं, बल्कि समाज को यह संदेश भी देते हैं कि गंगा की रक्षा हमारा धर्म है। जब तक गंगा बहेगी, भारत की आत्मा जीवित रहेगी और जब तक यह आत्मा जीवित है, तब तक हम सबको आस्था और उत्तरदायित्व दोनों का दीपक जलाए रखना है। जब तक गंगा बहेगी, भारत की संस्कृति, चेतना और जीवन प्रवाह अविरल रहेगा।

कार्यशाला में प्रशिक्षण लेने आये पुरोहितों ने परमार्थ निकेतन में गंगाजी के तट पर आयोजित दिव्य व भव्य गंगा आरती में सहभाग कर आरती के प्रशिक्षण के साथ ही जल व पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। स्वामी जी ने उन्हें रूद्राक्ष का पौधा देकर हरित पर्व व त्यौहार मनाने का संदेश दिया तथा एक पौधा अपनी माँ और एक धरती माँ के नाम रोपित करने का संकल्प कराया।

इस कार्यशाला में नमामि गंगे के संचार विशेषज्ञ श्री पूरन चन्द कापड़ी जी, परमार्थ निकेतन से गंगा नन्दिनी जी, वन्दना शर्मा जी, राकेश रोशन जी, उमा जी, आचार्य संदीप शास्त्री जी, आचार्य दिलीप क्षेत्री जी, ऋषिकुमार आयुष, परमार्थ गुरूकुल के ऋषिकुमार का उत्कृष्ट योगदान दिया।

रविवार, 13 जुलाई 2025

कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने किया जनकल्याण शिविर का उद्घाटन, वार्ड 83 पार्षद कविता भाटी के सहयोग से हुआ आयोजन, 347 लोगों ने लिया लाभ


मुकेश गुप्ता
साहिबाबाद/गाजियाबाद । राष्ट्रीय व्यापार मंडल के तत्वावधान में आज साहिबाबाद क्षेत्र में एक विशेष आधार कार्ड एवं नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाया।

यह शिविर साहिबाबाद राष्ट्रीय व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीन भाटी द्वारा उनके साहिबाबाद व्यापार मंडल कार्यालय पर आयोजित कराया गया, जिसमें वार्ड 83 की पार्षद कविता प्रवीन भाटी का विशेष सहयोग रहा। 

शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने रिबन काटकर किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष बालकिशन गुप्ता, महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, एवं राष्ट्रीय व्यापार मंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक भारतीय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

पार्षद कविता भाटी ने कहा कि यह शिविर जनता को उनके द्वार पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे। शिविर में 347 नागरिकों ने आधार कार्ड से संबंधित सेवाओं जैसे नया आधार बनवाना, संशोधन एवं अपडेट का लाभ उठाया।

साथ ही, श्रेया हॉस्पिटल के सहयोग से लगाए गए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में भी बड़ी संख्या में लोगों ने आंखों की जांच करवाई। क्षेत्रवासियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए ऐसे जनसेवा शिविरों की निरंतरता की मांग की। इस अवसर पर नरेश चौहान, विकास चुघ, मनोज गुप्ता,श्याम शर्मा, शैलेंद्र सक्सैना, प्रतीक माथुर, निशा चौहान, रामासर चौधरी, अशोक चौधरी, डॉ. अनिल शर्मा, प्रमोद सिंघल, सौरभ चौधरी, राजपाल कौशिक, राधेश्याम एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन राजस्थान में ‘कबीर कोहिनूर अवार्ड’ से सम्मानित


मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद। अखिल भारतीय कबीर मठ राजस्थान ने गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार ‘भारत गौरव’ जितेन्द्र बच्चन को अपने सर्वोच्च सम्मान ‘कबीर कोहिनूर अवार्ड – 2025’ से सम्मानित किया है। भव्य सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय श्रम तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सत्यनारायण जटिया, विशिष्ट अतिथि स्वामी सम्पूर्णानंद महाराज, बौद्ध धर्म गुरु भंते प्रज्ञासार जी, जैन धर्म गुरु विवेक मुनि महाराज एवं मठ के श्री महंत भारत भूषण डॉ. नानक दास के करकमलों द्वारा यह सम्मान बच्चन को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि श्री जटिया ने कहा कि किसी पत्रकार के साथ कबीर का नाम जुड़ना 'पत्रकारिता' की निष्पक्षता का सबसे बड़ा प्रमाण है। जितेन्द्र बच्चन को हम लगभग 26 वर्ष से जानते हैं। हमेशा निष्पक्ष और खोजपरक खबरों को महत्व देते रहे हैं। कई समाचार पत्रों में बड़े पदों पर रहे लेकिन कभी अहम नहीं आया। आज हमें जितेन्द्र जी को कबीर सर्वोच्च सम्मान ‘कोहिनूर अवार्ड’ से सम्मानित करते हुए गर्व का अनुभव हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कबीर मठ सदगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान बड़ी खाटू जायल, नागौर, राजस्थान में आयोजित दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम में देश की जानी-मानी 100 महानविभूतियों को उनकी उत्कृष्टता के लिए अलग-अलग विषयों में ‘कबीर कोहिनूर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। इससे पहले सतगुरु कबीर साहब की 628वीं जयंती पर बड़ी खाटू में भारत में प्रथम विश्व शांति कबीर कीर्ति स्तंभ का शिलान्यास किया गया।

श्री महंत भारत भूषण डॉ. नानक दास के अुनसार, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संत कबीर की अमर वाणी को समर्पित ‘कबीर कोहिनूर अवार्ड- 2025’ का आयोजन इस बार वीरों की भूमि बड़ी खाटू (राजस्थान) में किया गया। यह सम्मान समारोह उन विशिष्ट अतिथियों को समर्पित रहा, जिन्होंने पत्रकारिता, साहित्य, कला, संगीत, समाजसेवा और शिक्षा के रचनात्मक कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले कबीर कोहिनूर अवार्ड अखिल भारतीय कबीर मठ, सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान राजस्थान द्वारा देश की महानविभूतियों को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाता रहा है। इस बार यह राजस्थान में किया गया। कार्यक्रम में श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी महाराज, हरियाणा के स्वामी सम्पूर्णानंद जी महाराज, स्वामी जितेंद्रनंद महाराज, महंत डॉ. रुपचंद दास जी महाराज, कमिश्नर डॉ. आरडी रेवाला, कई अन्य प्रशासनित अधिकारी व गणमान्य उपस्थित रहे।

सिविल डिफेंस ने वृक्षारोपण कर किया धरा का श्रृंगार

 


मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद। सावन के महीने में वृक्षों से धरा का श्रृंगार करने के लिए सिविल डिफेंस के कलेक्ट्रेट प्रभाग की पोस्ट 8 एवं 9 की ओर से सेक्टर 23 के एम ब्लॉक पार्क में संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया गया।

डिविजनल वार्डन सुधीर कुमार के नेतृत्व में दोनों पोस्ट के पदाधिकारी एवं वार्डनों ने दर्जनों पौधों का रोपण किया गया। इस मौके पर श्री कुमार ने कहा कि आज के बदलते पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि हम अपने आसपास ज्यादा से ज्यादा पौधों को सौंपे, ताकि वातावरण को शुद्ध किया जा सके।

इस मौके पर स्टाफ आफिसर संध्या त्यागी, डिप्टी डिविजनल वार्डन राजकुमार तोमर, आईसीओ अमित श्रीवास्तव पोस्ट 9 के पोस्ट वार्डन रमाकांत सिंह यादव एवं डिप्टी पोस्ट वार्डन संजय खन्ना, पोस्ट 8 के पोस्ट वार्डन प्रदीप बाली तथा डिप्टी पोस्ट वार्डन शिवकुमार शर्मा, पोस्ट 7 की पोस्ट वार्डन रेखा अग्रवाल, स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार राजू, पंकज मल्होत्रा, जितेंद्र, अजय श्रीवास्तव, राहुल, विपिन गोयल, रमा गुप्ता, आलोक शुक्ला, रामकुमार आर्य सहित अन्य कई वार्डन उपस्थित रहे।

वैश्य एकता समिति गाजियाबाद का 86वा परिचय सम्मेलन आयोजित,15रिश्ते हुए तय -प्रेमचंद गुप्ता

 

मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । दुर्गा वाशिंग पाउडर, पारस होटल के पीछे, अम्बेडकर रोड, कालकागढ़ी गाजियाबाद वैश्य एकता समिति गाजियाबाद द्वारा  13 जुलाई 2025 रविवार को दुर्गा वाशिंग पाउडर परिसर, पारस होटल के पीछे, अम्बेडकर रोड, कालकागढ़ी चौक, गाजियाबाद पर विवाह योग्य वैश्य युवक युवतियों एवं समाज के अन्य वर्ग हेतु 86वां मासिक परिचय सम्मेलन समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता (चेयरमैन दुर्गा वाशिंग पाउडर) के सौजन्य से आयोजित किया गया। समिति के अध्यक्ष ने सभी प्रत्याशियों, अभिभावको, परिचयकर्ताओं एवं आयोजन में उपस्थित समाजसेवियों व पत्रकार बंधुओं का अभिनंदन करते हुए शिवरात्रि एवं हरियाली तीज की शुभकामनाएं प्रेषित की एवं बताया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी समिति द्वारा काँवड़ सेवा शिविर मूवी वर्ल्ड के आगे (मेरठ रोड) पर दिनांक 21-22 व 23 जुलाई 2025 को लगाया जाएगा। सभी से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिवभक्तों की सेवा में सहयोग प्रदान करें। समिति द्वारा शिवभक्तों पर फूलों की वर्षा व झांकियों का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होने कहा कि आप सभी के सहयोग के कारण यह सम्मेलन हर माह सफलतापूर्वक आयोजित हो रहा है एवं प्रत्येक माह 55-60 नये रजिस्ट्रेशन फार्म का सहयोग सदैव मिलता रहा है तथा 15-16 रिश्ते भी तय हो जाते हैं, इसके लिए उन्होने सभी का धन्यवाद अर्पित किया। समिति द्वारा विवाह योग्य वैश्य युवक युवती हेतु परिचय सम्मेलन के साथ-साथ ब्राह्मण एवं अन्य वर्ग के युवक एवं युवती हेतु भी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। महासचिव व संयोजक अजय कुमार गोयल ने सभी प्रत्याशियों का मंच के माध्यम से परिवार सहित परिचय कराया। उन्होने बताया कि इस माह परिचय सम्मेलन में 61 नये प्रत्याशियों के पंजीकरण हुए एवं पत्रिका में पूर्व पंजीकृत प्रत्याशियों से सम्पर्क करने पर 15 प्रत्याशियों के वैवाहिक सम्बन्ध तय होने की जानकारी प्राप्त हुई है जो कि समिति के लिए बहुत ही हर्ष का विषय है, उन्होने कहा कि यह कार्य प्रेमचंद गुप्ता जी के मार्गदर्शन व सभी पदाधिकारियों एवं अभिभावकों के सहयोग से सम्भव हो पाया है। समारोह में उपस्थित युवती प्रत्याशियों द्वारा मंच पर परिचय देने के उपरांत उन्हें पुरूस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। पत्रिका के संपादन का कार्य अनुराग अग्रवाल के द्वारा बहुत कम समय में तैयार किया गया जिसके लिए समिति के समस्त पदाधिकारियों की तरफ से उनका विशेष रूप से आभार प्रकट किया गया। सम्मेलन को सफल बनाने में अध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता, अजय कुमार गोयल, अनुराग अग्रवाल, बुद्वगोपाल गोयल, अमित गोयल, रविन्द्र गर्ग, राकेश मित्तल, बी एन अग्रवाल, राजेश गुप्ता, भारती गर्ग, विनोद गुप्ता, हरस्वरूप सिंघल, बी दयाल अग्रवाल, विजय गुप्ता, नीरू अग्रवाल, सतीश गुप्ता, अरविन्द गर्ग, नीतू कंसल, विजेन्द्र गर्ग, लक्ष्मी नारायण सिंघल, अशोक गोयल, गीता अग्रवाल, कल्लूमल गर्ग, मनोज गुप्ता तथा महेन्द्र गुप्ता, राधारमण अग्रवाल, राजीव अग्रवाल आदि पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।

अउआ के रजत जयंती समारोह को लगे पंख, तैयारियों के लिये बनीं समितियां ,डॉ. दरबारी व जीडीए सचिव आर.के.सिंह का हुआ सम्मान


मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय पुराछात्र संघ (अउआ) के 5 अक्टूबर को गाजियाबाद में होने वाले रजत जयंती को भव्य रूप देने के लिये देर शाम कार्यकारिणी की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस मौके पर अउआ की महासचिव डॉ. शिखा दरबारी को लंदन में मिले पुरस्कार और उपाध्यक्ष व जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह को आईएएस के लिये मिले प्रमोशन पर सम्मानित भी किया गया। वही जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह को जीडीए के अधिकारियों ने भी सम्मानित किया।  
अउआ अध्यक्ष पूर्व आईएएस एस.के.सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में डॉ. शिखा दरबारी, राजेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विकास शर्मा, रिटा. पीसीएस जितेन्द्र सिंह,  उपाध्यक्ष डीसी श्रीवास्तव, विश्वविद्यालय के पूर्व सब रजिस्टार वीके सिंह, सहसचिव आलोक सिन्हा, मीडिया प्रभारी अजय औदीच्य, वरिष्ठ सदस्य डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, हरिओम श्रीवास्तव, हरिदयाल यादव, गौरव वार्ष्णेय, गौरव ए. चंद्रा, प्रो. अमित कुमार जायसवाल व आलोक मिश्रा ने हिस्सा लिया। बैठक में अउआ के रजत जयंती समारोह की तैयारियों के लिये अलग-अलग समितियां बनाने और उन्हें जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया। 

कार्यकारिणी सदस्यों ने रजत जयंती समारोह में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से शिक्षाप्राप्त कुछ उन शख्सियतों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया, जिन्होंने देश और दुनिया में अपने कार्यों से विशेष जगह बनाई है। इस समारोह में शिक्षा, न्याय, पत्रकारिता, कला, विज्ञान, गणित, भाषा और प्रशासकीय क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली उन विभूतियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया, जिन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। समारोह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू होगा और मूर्धन्य विद्वानों के सम्बोधन के साथ समाप्त होगा। तैयारियों की समीक्षा के लिये अउआ की अगली बैठक अगस्त में होगी।

शुक्रवार, 11 जुलाई 2025

27 जुलाई को जी डी ए के साथ दौड़ेगा ग़ाज़ियाबाद--अतुल वत्स

 

मुकेश गुप्ता

 'रन फाॅर ग्रीन गाजियाबाद' मैराथन "ग्रीनाथाॅन" का 27 जुलाई को जीडीए करेगा आयोजन

पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता के लिए मैराथन का लिया गया निर्णय:अतुल वत्स, उपाध्यक्ष जी डी ए

सिटी फारेस्ट से होगी मैराथन की शुरुआत , हिंडन नदी के किनारे होगा वृक्षारोपण

मैराथन के विजेता महिला/पुरुषों  को नगद धनराशि  और मेडल ट्राॅफी से किया जाएगा सम्मानित

गाजियाबाद । प्रदेश  सरकार के द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा  में लगातार उठाए जा रहे कदमों के बीच पर्यावरण के प्रति लोगों मे जागरूकता लाने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण 27 जुलाई को मैराथन का आयोजन करेगा। 28 जुलाई को चूंकि  *विश्व  प्रकृति संरक्षण दिवस* है, इसको ध्यान मे रखते हुए एक दिन पहले मैराथन ' *ग्रीनाथाॅन* ' की थींम " *रन फाॅर ग्रीन गाजियाबाद* " रखा गया है। इस मैराथन से प्रत्येक उम्र के लोग जुडे सकें इसके लिए इसे चार अलग श्रेणियों में रखा गया है, अर्थात 21.1 किलो मीटर,10 किलो मीटर, 5 और 3 किलो मीटर फन रन। इस मैराथन की शुरुआत सिटी फारेस्ट से की जाएगी, एलीवेटेड रोड होते हुए मार्ग तय किया गया है। इस दिवस पर हिंडन नदी के किनारे वृक्ष भी लगाए जाएंगे। मैराथन में हिस्सा लेने वालों को टी शर्ट,मैडल तथा सार्टिफिकेट भी उपलब्ध कराए जाएंगे। प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स ने बताया कि पिछले कुछ समय में एनसीआर में वायु प्रदूषण  की समस्या बढ रही हैै। ऐसे में महसूस किया कि समय की सबसे बडी़ आवश्यकता  पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की है,इसी का देखते हुए प्राधिकरण के द्वारा मैराथन के आयोजन का निर्णय लिया गया है,ताकि समाज के हर वर्ग की इसमें भागेदारी सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने जोर दिया कि इस मैराथन में किसी भी संस्था,आरडब्लूए एवं दूसरे  संगठनों के द्वारा भी भागेदारी सुनिश्चित की जा सकती है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि इस मैराथन में विजेताओं को नगद धनराशि से भी सम्मानित किया जाएगा, 21.1 किलो मीटर मैराथन में विजेता महिला एवं  पुरुषों को 21 हजार की धनराषि से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ साथ प्रथम रनर को 11 हजार एवं द्वितीय रनर को 5100 रूपए  एवं 10 किलो मीटर की मैराथन में विजेता महिला एवं पुरुषों   को 11 हजार एवं प्रथम रनर को 5100 और द्वितीय रनर को 3100 एवं 5 किलो मीटर की मैराथन में विजेता महिला एवं पुरुषों  को 5100 तथा प्रथम रनर को 3100 और द्वितीय रनर को 2100 नगद धनराशि  से सम्मानित किया जाएगा।

वैश्य समाज की धर्मशाला का दिनेश कुमार गोयल द्वारा भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया

 


मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । प्रभात सभा द्वारा संचालित गांधी शिशु मन्दिर एवं अग्रवाल धर्मशाला, चरथावल मुजफ्फरनगर में लगभग 100 वर्ष पूर्व निर्मित वैश्य समाज की धरोहर के पुननिर्माण हेतु दिनेश कुमार गोयल सदस्य विधान परिषद उ0प्र0 द्वारा भूमि पूजन एवं शिलान्यास अग्रवाल धर्मशाला चरथावल मुजफफरनगर में किया गया। इसमें दिनेश कुमार गोयल द्वारा कहा कि अग्रवाल धर्मशाला जोकि समस्त वैश्य समाज की धरोहर है इसमें केवल वैश्य ही सर्वसमाज के लोगो के समरोह आदि आयोजित किये जाते है जिससे सभी समाज के लोग लाभान्वित होते है। दिनेश गोयल जी ने इस आयोजन में पधारें समाज के गणमान्य व्यक्ति, माता बहनों का धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर अशोक कंसल पूर्व विधायक, सुधीर कुमार पूर्व आई0ए0एस0 अधिकारी, अनुज गर्ग, अजय कंसल, सुधीर सिंघल, मनीष गर्ग, प्रिन्स, आदेश कुमार गर्ग आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।

यूपीटिफ की मीटिंग आयोजित हुई, तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता, प्रवेश, फीस निर्धारण और अनुमोदन इत्यादि पर चर्चा हुई--डॉ. अतुल जैन

 

मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश की समस्त तकनीकी संस्थानों का संगठन टेक्निकल इंस्टीट्यूशंस फेडरेशन ऑफ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारीयों एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तकनीकी संस्थाओं के प्रबंधकों की एक बैठक गाजियाबाद के एक होटल में आयोजित की गई। 

फेडरेशन के अध्यक्ष देव मूर्ति ने सभी का स्वागत किया, संस्था के महासचिव डॉ.अतुल कुमार जैन ने बैठक का संचालन किया और सभी उपस्थित पदाधिकारीयों और संस्थाओं के अध्यक्ष,सचिव और निदेशकों से उनके द्वारा स्थापित तकनीकी संस्था में आ रही विभिन्न समस्याओं के संबंध में पूछ कर उसके समाधान पर विस्तृत चर्चा के लिए सभी के विचार आमंत्रित किये।

इस वर्ष फार्मेसी के विभिन्न पाठ्यक्रमों में समय से अनुमोदन ना मिलने के कारण उत्पन्न समस्या के बारे में अवगत कराया गया और निर्णय किया गया कि वरिष्ठ संबंधित अधिकारियों से वार्ता करके या मंत्रालय को संपर्क करके समाधान किया जाना चाहिए । पिछले काफी वर्षों के आधार पर तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की संख्या को बढ़ाने के लिए भी सभी ने अपने विचार रखे और यह निर्णय किया गया कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर महोदय से इस विषय में समय सीमा बढ़ाने के लिए और प्रवेश में और सरलीकरण करने के लिए निवेदन करना चाहिए, जिससे संस्थाओं द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का उत्तर प्रदेश के साथ-साथ भारतवर्ष के अन्य राज्यों के इच्छुक छात्र-छात्राओं को उसका लाभ मिल सके और उनको तकनीकी शिक्षा के शिक्षण संस्थानों में प्रवेश मिल सके।

स्कॉलर शिप के संबंध में भी विचार विमर्श हुआ छात्रों और संस्थाओं को समय से इसका भुगतान करने के लिए संबंधित विभाग से आग्रह किया जाएगा। शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए और बेहतर बनाने के लिए संस्थाओं की ओर से प्रस्ताव रखा गया कि फीस निर्धारण के विषय में भी नीति बननी चाहिए फेडरेशन की ओर से संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता करने का निर्णय किया गया।

उपस्थित संस्थाओं के सभी प्रबंधकों ने अवगत कराया कि संस्था स्तर पर रोजगार परक शिक्षा उपलब्ध कराने और गुणवत्ता की शिक्षा देने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं, तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राज्य के निजी क्षेत्र में स्थापित संस्थाओं का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

टेक्निकल इंस्टीट्यूशंस फाउंडेशन ऑफ़ उत्तर प्रदेश के महासचिव डॉ.अतुल कुमार जैन ने बैठक में पधारे हुए सभी सहभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया ।

बैठक में देव मूर्ति, अतुल जैन, राकेश गर्ग, वाई के गुप्ता, सुनील पी गुप्ता, वाई के गुप्ता, आर पी चड्डा,वी एस अग्रवाल, अतुल भारद्वाज, अक्षत गोयल, शाश्वत गोयल, डा. विनोद शर्मा, अखिल अग्रवाल, डा.देवेंद्र नारंग एवं अनिल गुप्ता इत्यादि उपस्थित रहे।

गुरुवार, 10 जुलाई 2025

सुनियोजित करियर निर्माण की ओर एक सशक्त पहल, सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में भव्य करियर दिशा-संधान कार्यक्रम का हुआ आयोजन




मुकेश गुप्ता

गाज़ियाबाद,।करियर में सफलता केवल इच्छा
शक्ति से नहीं, बल्कि सही योजना, मार्गदर्शन और जानकारी से संभव होती है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में आज एक भव्य *करियर दिशा-संधान कार्यक्रम* का आयोजन किया गया, जिसमें ग़ाज़ियाबाद-एनसीआर के विभिन्न विद्यालयों से 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रबंधन समिति की गरिमामयी उपस्थिति में रिबन काटकर हुआ। इस विशेष अवसर पर विशिष्ट अतिथि सीए (डॉ.) जी.एस. ग्रेवाल एवं अन्य माननीय अतिथिगण चितरंजन चटोपाध्याय (मेम्बर काउंसिल ICMAI), सीए विभोर जिंदल एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की भी उपस्थिति रही। विद्यालय के 30 से अधिक  भूतपूर्व विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।  

सिल्वर लाइन प्रेस्टीज़ स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित करियर दिशा-संधान कार्यक्रम में 59 स्टॉल्स पर विभिन्न शैक्षणिक कोर्सेज़ के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। हर आवश्यक जानकारी को ‘कोर्स, कॉलेज/यूनिवर्सिटी और संबन्धित एग्ज़ाम’ इन मुख्य भागों में विभाजित किया गया। इनसे संबन्धित सरकारी व निजी संस्थानों की जानकारी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आदि विषयों की व्यापक जानकारी प्रदान की गई। यह आयोजन पूरी तरह से सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा ही संचालित किया गया, जो इसे विशेष बनाता है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत न केवल विभिन्न निजी विद्यालयों अपितु सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठन ‘सेवाभारती सेवाधाम’ आदि संस्थानों के विद्यार्थी भी लाभान्वित हुए। 

विशिष्ट अतिथि सीए (डॉ.) जी.एस. ग्रेवाल ने शिक्षकों एवं छात्रों के प्रयास और उनके समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

यह करियर दिशा-संधान कार्यक्रम निःसंदेह छात्रों को उनके भविष्य की दिशा निर्धारित करने में अत्यंत लाभप्रद सिद्ध होगा। सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल अपने छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे आयोजनों के माध्यम से सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।

बुधवार, 9 जुलाई 2025

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल का सम्मान किया

 




मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल के सफलतापूर्वक 2 वर्ष पूरे होने पर गाजियाबाद चैप्टर द्वारा अभिनंदन किया गया। इस मौके पर सुभाष गुप्ता, अध्यक्ष संजय अग्रवाल,सचिव हर्ष अग्रवाल ,कोषाध्यक्ष संजय गर्ग,उमेश अग्रवाल,, सतीश शर्मा, राकेश अरनेजा,  
संजय बंसल, अजय पटेल, अमित बंसल लोनी, पुनीत महेश्वरी, विनीत महेश्वरी आदि ने नीरज जी का शाल व फूलों गुल्दशते से अभिनदंन किया 

रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर ने एम जी. गर्ल्स स्कूल मे किया पौधरोपण


मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर द्वारा एम.जी. गर्ल्स स्कूल महरौली में सेवा परियोजना का सफल आयोजन आज दिनांक: 9 जुलाई 2025 को किया गया, जिसमें छात्राओं को पुस्तकें व यूनिफॉर्म वितरित की गई और विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया।

  

 पुस्तक वितरण क्लब अध्यक्ष रोटेरियन वरुण शर्मा तथा यूनिफॉर्म वितरण सचिव रोटेरियन सुरेंद्र अरोड़ा द्वारा प्रायोजित किया गया। रोटेरियन मुकेश अरोड़ा द्वारा उनकी बेटी का जन्मदिन स्कूल के बच्चों के साथ मनाया तथा उनके द्वारा इस उपलक्ष्य में जलपान कराया गया ।

 कार्यक्रम में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन प्रशांत राज शर्मा जी, मुक्ता शर्मा जी, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नामनी रोटेरियन रवि बाली जी, IW चेयरमैन दीपिका बाली जी एवं सहायक गवर्नर रोटेरियन संजय अग्रवाल व अंजू अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

  विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। क्लब के अन्य प्रमुख सदस्यों में रोटेरियन विवेक त्यागी, अशुतोष शास्त्री, कौशल मिश्रा, राकेश शर्मा, बी.एस. पाल, रविंदर चौधरी, अंकुर अग्रवाल, विनीता त्यागी, माधवी मिश्रा, पारुल त्यागी, अंकिता शास्त्री, रितु अरोड़ा, संगीता अरोड़ा, निकिता अग्रवाल, शिखा त्यागी, मुक्ता शर्मा एवं AG अंजू अग्रवाल उपस्थित रहे।

क्लब ने इस आयोजन के माध्यम से शिक्षा और पर्यावरण जैसे दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प दोहराया।


गुरू पूर्णिमा का पर्व अपने जीवन में गुरू के योगदान को याद करने का उत्तम अवसर हैः श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज

 


मुकेश गुप्ता

गुरू पूर्णिमा पर्व पर भगवान सत्यनारायण की कथा कराने से जीवन में सुख-शांति, समृद्धि व खुशहाली आती है

 गाजियाबादः सिद्ध पीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि गुरू पूर्णिमा का पर्व गुरूवार 10 जुलाई को मनाया जाएगा। हम सब मनुष्यों के जीवन निर्माण में गुरुओं की अहम भूमिका होती है। जिन गुरुओं ने हमें गढ़ने में अपना योगदान दिया है, उनके प्रति अपने कृतज्ञता के भाव को ज़ाहिर करने के लिए ही गुरु पूर्णिमा का त्योहार मनाया जाता है। गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति का ऐसा पावन पर्व है, जो ज्ञान, शिक्षण और मार्गदर्शन के प्रतीक गुरु को समर्पित होता है। यह दिन गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मान देने और अपने जीवन में गुरु के योगदान को याद करने का उत्तम अवसर होता है। इस बार का गुरू पूर्णिमा पर्व और भी खास है क्योंकि यह गुरूवार को है। गुरूवार का दिन भगवान विष्णु को समर्पित है, जो समस्त सृष्टि के संचालक, रक्षक, शुभकर्ता व मंगलकर्ता हैं। गुरू पूर्णिमा पर भगवान विष्णु योग निंद्रा में होते हैं। इसी कारण गुरू पूर्णिमा पर्व पर उनके ही स्वरूप भगवान सत्यनारायण की पूजा व कथा का बहुत अधिक महत्व होता है। गुरू पूर्णिमा पर पूजा-अर्चना कराने से भगवान सत्यनारायण की कृपा से सभी कष्ट स संकट दूर होते हैं और जीवन में सुख-शांति, समृद्धि व खुशहाली आती है। गुरू कृपा भी हमेशा बनी रहती है। भगवान विष्णु के योग निंद्रा में होने से सृष्टि का संचालन भगवान शिव के हाथों में होता है तो उनकी कृपा भी गुरू पूर्णिमा पर्व पर प्राप्त होगी। मंदिर के मीडिया प्रभारी एस आर सुथार ने बताया कि गुरूवार 10 जुलाई को गुरू पूर्णिमा पर श्रीमहंत नारायण गिरि से देश.विदेश के हजारों भक्त गुरू दीक्षा लेंगे। इसके लिए भक्तों द्वारा मंदिर कार्यालय में संपर्क भी किया जा रहा है। गुरू पूर्णिमा पर्व पर गुरू पूजन का समय प्रातः 8 बजे रहेगा। भगवान दूधेश्वर, भगवान सत्यनारायण, श्री गुरू दत्तात्रेय भगवान, मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं व सिद्ध संत समाधियों की पूजा.अर्चना की जाएगी। महाराजश्री से गुरू दीक्षा लेने का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा।

उपभोक्ताओं के जी का जंजाल बने स्मार्ट मीटर

 

 कई महीनों से नहीं आए बिल,उपभोक्ता परेशान

 मुंह देख कर मीटर लगा रहे कम्पनी के कर्मचारी

                        मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर ऊर्जा निगम द्वारा प्रदेश भर मे लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के जीं का जंजाल बन गए हैं। सबसे ज्यादा बुरा हाल गाजियाबाद का है यहां विद्युत विभाग के अधिकारियों की साठगांठ से जिस खंड अधिकारी के क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगे है वहाँ छ से सात माह के बाद भी बिल नहीं आए है। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि एक मुश्त बिल कैसे भरा जाएगा। यही मीटर लगाने वाली कम्पनी के कर्मचारियों की तानाशाही व मनमानी इस कदर बढी हुई है जहां चाहा वहां मीटर लगा दिया जहां चाहा नहीं लगाया। विजयनगर ,प्रताप विहार, सिद्धार्थ विहार में तो इतना बुरा हाल हैं कि सिद्धार्थ विहार में बनी ईडब्ल्यूएस, एल आई जी फलैटों मे एक एक ब्लॉक मे 16 फलैट है उनमे कर्मचारियों ने केवल 6 मीटर लगा दिए बाकी 10 फलैटों मे नहीं लगाए। जिनके स्मार्ट मीटर लगे है उनके करीब 6 महीने से बिजली बिल नहीं आए है । उपभोक्ताओं का कहना है कि लोग इकट्ठा बिल कैसे भरेंगे। गरीब की मसीहा सरकार के राज्य मे गरीब परिवार बिजली विभाग का उत्पीडन झेल रहा है।

*प्रताप विहार/सिद्धार्थ विहार के बिजली अधिकारी की साठगांठ से बिजली चोरी हो रही है यहाँ क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों के खम्बों से रात्रि में कबाड़ी, ठेलों पटरी व आवासीय योजना में दुकानें खुलवाकर बिजली चोरी करवा रहे हैं इन बातो का उपखंड अधिकारी, जे ई,लाईन मैंन को पता है वो कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं*।

 *बिलिंग क्लर्क और मीटर रीडर की साठगांठ से लोड बढा कर भरी सर्दियों गर्मियों में हजारों रपये के बिल  भेज दिया गया। लोग कम करने के लिए जब बिजली घर के चक्कर लगाता है उसे धमकाकर भगा दिया जाता है और पीडी कराने पर जोर दिया जा रहा है और तो और सौ पाचं सो स्टांप एग्रीमेंट पर बिजली के कनेक्शन देने का खेल किया जा रहा है। यह दलालों की साठगांठ से कर्मचारी कर रहे हैं जबकि कोई व्यक्ति कनेक्शन लेना चाहे तो उसे मकान की रजिस्ट्री के बिना कनेक्शन नहीं दिया जाता*।

सत्ता बन्धु समाचार पत्र

रविवार, 6 जुलाई 2025

धूमधाम से मनाया गया रोटरी क्लब गाजियाबाद का स्थापना दिवस विपिन गोयल को अध्यक्ष व डॉक्टर प्रशांत मित्तल को सचिव पद की दिलाई शपथ

 





मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद ।  रोटरी क्लब  गाजियाबाद का स्थापना दिवस वोल्गा पैलेस में 4जुलाई शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया l   कार्यक्रम में गवर्नर( मुख्य अतिथि ) डॉक्टर अमिता mohindru उपस्थिति रही तथा पूर्व गवर्नर प्रशांत राज शर्मा, ललित खन्ना ,  priytoshगुप्ता ,  दीपक गुप्ता आदि उपस्थित हुए।   आने वाले गवर्नर अमित गुप्ता एवं रवि बाली उपस्थित रहे । स्थापना दिवस के कार्यक्रम में  नवनिर्वाचित अध्यक्ष विपिन कुमार गोयल व सचिव डॉक्टर प्रशांत मित्तल की घोषणा की व उन्हें  शपथ दिलाई गई l मंच का संचालन सचिन vats   एवं पवन रस्तोगी ने किया
इस दौरान पूर्व प्रधान नवीन गर्ग, प्रीति गर्ग , संगीता गोयल , राखी रस्तोगी एवं रितिका आदि रोटियन ने आगुन्तको का स्वागत और आभार व्यक्त किया।

शुक्रवार, 4 जुलाई 2025

6 जुलाई को देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार माह की योगनिंद्रा में प्रवेश करेंगेः श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज

 

मुकेश गुप्ता

भगवान विष्णु के योग निंद्रा में रहने के कारण चार माह तक कोई भी शुभ कार्य नहीं होगा

गाजियाबादःसिद्धपीठ श्री दूधेश्वर महादेव मंदिर गाजियाबाद के पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि 6 जुलाई को देवशयनी एकादशी है। इस एकादशी का हिंदू धर्म में अत्यंत महत्व है क्योंकि इस दिन से भगवान विष्णु चार माह के लिए योग निंद्रा में चले जाते हैं और इसी कारण चार माह तक कोई भी शुभ कार्य नहीं होता है। देवशयनी एकादशी को  हरिशयनी एकादशी, पद्मा एकादशी और शयन एकादशी भी कहा जाता है। इस दिन से भगवान विष्णु  क्षीरसागर में योगनिद्रा में प्रवेश करते हैं और चातुर्मास का शुभारंभ होता है, जो चार महीने तक चलता है। भगवान विष्णु के चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाने सृष्टि का संचालन प्रतीकात्मक रूप से भगवान शिव, माता पार्वती और अन्य देव शक्तियां संभालती हैं। पद्म पुराण में कहा गया है कि जो भक्त इस एकादशी का व्रत श्रद्धा और नियमपूर्वक करता है, वह पूर्व जन्मों के पापों से मुक्त होकर विष्णुलोक को प्राप्त करता है। यह व्रत मोक्षदायक माना गया है।  पदम् पुराण के अनुसार देवशयनी एकादशी के दिन कमललोचन भगवान विष्णु का कमल के फूलों से पूजन करने से तीनों लोकों के देवताओं का पूजन हो जाता है। इस दिन उपवास करके भगवान विष्णु की प्रतिमा को पंचामृत से स्नान करवाकर पीत वस्त्रों व पीले दुपट्टे एवं पीले पुष्पों से सजाकर श्री हरि कीआरती उतारनी चाहिए। देवशयनी एकादशी केवल उपवास और पूजन का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्मशुद्धि, संयम और आध्यात्मिक साधना का अवसर भी है।

सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र मित्तल मेदी वाले ने अभिनव गोपाल का किया सम्मान


                          मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद। आज सुबह सांसद अतुल गर्ग के प्रतिनिधि राजेंद्र मित्तल मेदी वाले अपने साथियों के साथ अभिनव गोपाल के ऑफिस पहुंचे और इंग्लिश चैनल को तैर कर पार करके कीर्तिमान स्थापित करने पर प्रतीक  चिन्ह देकर सम्मानित किया।

   अभिनव गोपाल 2020 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। मौजूदा समय में वो गाजियाबाद की मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। अभिनव गोपाल प्रशासनिक अधिकारी के साथ-साथ एक बेहतरीन एथलीट भी है। आईएएस अभिनव गोपाल ने हाल ही में इंग्लिश चैनल को तैर कर पार किया है। आईएएस अभिनव गोपाल की टीम में पश्चिम बंगाल से रॉबिन बलदेव, महाराष्ट्र से आयुषी कैलाश अखाड़े, शाश्रुति नाकाडे और आयुष तावड़े, जबकि हरियाणा से इशांत सिंह शामिल रहे। अभिनव की यह पहली उपलब्धि नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई बड़े खिताब हासिल कर चुके हैं। अभिनव गोपाल को आयरनमैन का भी खिताब हासिल है। राजेंद्र मित्तल ने बताया कि अभिनव गोपाल ने जिले का ही नहीं बल्कि देश का नाम भी ऊंचा किया है।

    इस अवसर पर अनुज मित्तल, विकास मित्तल, अंकित गर्ग, पार्षद विनिल दत्त, संजय आदि उपस्थित रहे

मंगलवार, 1 जुलाई 2025

शिक्षाविद रामदुलार यादव ने मनाया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन


मुकेश गुप्ता

   गाजियाबाद । 1 जुलाई 2025 को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  अखिलेश यादव पूर्व मुख्यमंत्री उ0प्र0 का 52वां जन्म दिन समाजवादी पार्टी शिविर कार्यालय, ज्ञानपीठ केन्द्र 1, स्वरुप पार्क जी0 टी0 रोड साहिबाबाद के प्रांगण में धूमधाम से समाजवादी चिन्तक, शिक्षाविद राम दुलार यादव के नेतृत्व में मनाया गया, आयोजन इंजी0 धीरेन्द्र यादव ने किया, इस शुभ अवसर पर फल और मिष्ठान वितरण हुआ, लोगों ने अखिलेश यादव जिंदाबाद के जोरदार नारे लगाते हुए उनके दीर्घायु की कामना की, तथा 2027 में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश बनने की शुभ कामना देते हुए बधाई दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षाविद समाजवादी चिन्तक राम दुलार यादव ने कहा कि  अखिलेश यादव ने उ0 प्र0 का मुख्यमंत्री रहते विकाश का कीर्तमान स्थापित किया था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की हालत बदहाल है, अनाचार, अत्याचार, कमजोर वर्गों का शोषण सामंतवादी, वर्चस्ववादी ताकतें करने में कोई संकोच नहीं कर रही है, लूट, झूठ और पाखंड चरम सीमा पर है, शिक्षा और चिकित्सा की हालत दयनीय है, प्राइमरी स्कूल बंद होने के कगार पर है, हजारों बंद हो चुके है, नेल्सन मंडेला ने कहा है कि “किसी राष्ट्र को ध्वस्त करने के लिए मिशाइल की जरुरत नहीं है, इस काम को उस देश की शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त कर किया जा सकता है” आज यही हो रहा है।  शुभकामना अखिलेश यादव को देते हुए रामदुलार यादव ने आशा वयक्त कि की 2027 में आप मुख्यमंत्री बन उत्तर प्रदेश में शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कार्य करेंगे तथा कमजोर वर्गों पर प्रभुवादी ताकतें अत्याचार न करें, ऐसी व्यवस्था करेंगे।

        बधाई के साथ देने वाले प्रमुख रहे, राम दुलार यादव, हाजी मोहम्मद सलाम, इंजी0 धीरेन्द्र यादव, हरिशंकर यादव, सुरेश कुमार भारद्वाज, शिवम् पाण्डेय, प्रेम चन्द पटेल, पप्पू सिंह, हरिकृष्ण, ओंकार सिंह, अखिलेश शुक्ल, सुभाष यादव, विक्रम सिंह, शम्भू, अजयवीर, सपन मजुमदार, अनूप मौर्य, अमरनाथ, लल्ला सिंह, आकाश, राधेश्याम, मान सिंह, ऋषिकेश, मुकेश आदि।