गुरुवार, 25 जून 2026

सहायक पुलिस आयुक्त अमित सक्सेना ने स्वयं रक्तदान कर दिया प्रेरणादायक संदेश, 56 वीर रक्तदाताओं ने किया रक्तदान, 224 जिंदगियों को मिलेगा जीवनदान

 





मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद/ साहिबाबाद। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद एवं जिला रक्तकोष, एमएमजी अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में एस के कलायड होटल साहिबाबाद में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अमित सक्सेना ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया।

इस अवसर पर ACP अमित सक्सेना ने कहा कि "रक्तदान महादान है। रक्त की एक यूनिट से चार लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।" होटल में कार्यरत स्टाफ व  सभी नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया तथा रक्तदान को सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में अपनाने की अपील की।

शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 56 वीर रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। विशेषज्ञों के अनुसार इन 56 यूनिट रक्त से लगभग 224 जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकेगा।

शिविर की सफलता में जिला रक्तकोष, एमएमजी अस्पताल की पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। डॉ. अंशुल चौधरी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में रक्तदान की समस्त प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, गाजियाबाद के निवर्तमान सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता ने बताया कि रेड क्रॉस के सभी सेवा कार्य जिला अधिकारी श्री रविंद्र कुमार मांदड की प्रेरणा  से निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में होटल की HR टीम के अमित एवं अंजली का विशेष सहयोग रहा। वहीं होटल के वाइस प्रेसिडेंट वीर सिंह गोसाई ने रेड क्रॉस की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए डॉ. सुभाष गुप्ता को आश्वस्त किया कि उनके संस्थान में प्रत्येक तीन माह के अंतराल पर नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका संस्थान भविष्य में भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी गाजियाबाद के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में सहयोग प्रदान करेगा तथा अपने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को रक्तदान के प्रति जागरूक करेगा।

शिविर के सफल आयोजन में शिविर संयोजक एम. सी. गौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त विपिन अग्रवाल, राकेश गुप्ता, गीता शर्मा एवं नागेन्द्र नाथ सामल सहित रेड क्रॉस व रक्तकोष की टीम सर्वेश, विनोद कुमार, मोनू चौधरी,मनीष पाल व सुरेंद्र चौधरी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए नियमित रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें