मंगलवार, 9 जून 2026

इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा आकांक्षा त्यागी बनीं भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट

 


                            मुकेश गुप्ता

साहिबाबाद । इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा आकांक्षा त्यागी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट के प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर कॉलेज और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

आकांक्षा त्यागी ने इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग) में बी.टेक की पढ़ाई की है। उनका चयन भारतीय नौसेना के नेवल वेपन्स इंस्पेक्टोरेट कैडर में हुआ है, जो नौसेना की एक विशिष्ट तकनीकी शाखा मानी जाती है।

यह शाखा नौसेना को उपलब्ध कराए जाने वाले हथियारों, गोला-बारूद और अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता का निरीक्षण करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाती है। इस प्रतिष्ठित पद पर चयन आकांक्षा की तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का प्रमाण है।

अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए आकांक्षा त्यागी ने कहा कि इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज द्वारा प्रदान की गई गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और संस्थान का प्रेरणादायी वातावरण उनकी सफलता की मजबूत नींव साबित हुआ। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और कॉलेज परिवार को दिया।

इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, आकांक्षा अग्रवाल तथा निदेशक डॉ. डी.के. शर्मा ने आकांक्षा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें