बुधवार, 19 अप्रैल 2023

पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बने सुरेंद्र सिंह नाहटा


-उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश के निर्माण की मुहिम को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

गौरव गुप्ता

नोएडा। एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नाहटा को पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। केंद्रीय अध्यक्ष सतपाल सिंह यादव और संगठन मंत्री कर्नल सुधीर कुमार की संस्तुति के साथ सुरेंद्र सिंह नाहटा का इस पद पर मनोनयन किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है।

इस मौके पर सुरेंद्र सिंह नाहटा ने केंद्रीय अध्यक्ष और संगठन मंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए पश्चिम प्रदेश को अलग राज्य बनाने की मुहिम आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि  उन्नति और विकास की दृष्टि से उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांट कर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है। आबादी तथा क्षेत्रफल के हिसाब से उत्तर प्रदेश बड़ा राज्य है। इसकी आबादी लगभग 24 करोड़ से ज्यादा जनसंख्या के साथ दुनिया के पांचवें सबसे बड़े देश के समकक्ष है। इसमें 75 जिले 822 ब्लॉक और 52 हजार ग्राम पंचायत है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ है जो पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों से 700 किमी तक की दूरी पर है। प्रदेश के सभी विभागों के मुख्यालय लखनऊ, कानपुर व इलाहाबाद में हैं, इसके चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रदेश का उच्च न्यायालय इलाहाबाद भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से 850 किमी तक की दूरी पर है। यहां के नागरिकों को मुकदमों की पैरवी के लिए हाईकोर्ट पहुंचने में धन एवं समय अधिक खर्च करना पड़ता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें