मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद-05 मई,2026 । गाजियाबाद में अपने कार्यकाल के उपरांत विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल को भावभीनी विदाई दी गई। उनका स्थानांतरण उपाध्यक्ष, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के पद पर किया गया है।
इस अवसर पर सर्वप्रथम जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल को नारियल भेंट कर एवं शाल ओढ़ाकर भावभीनी विदाई दी। तत्पश्चात उन्होंने नवपदस्थ मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर समस्त अपर जिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं पत्रकार बन्धुओं ने भी दोनों अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने अपने कार्यकाल के दौरान अपनी कार्यशैली से जनपद में विशेष पहचान बनाई। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गाजियाबाद की यादें उनके साथ सदैव रहेंगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिले सहयोग को अत्यंत सराहनीय एवं उल्लेखनीय बताया। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का स्वाभाविक हिस्सा है।
इसी अवसर पर नवपदस्थ मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ का भी भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में टीमवर्क से ही कीर्तिमान स्थापित होते हैं और प्रत्येक अधिकारी का कार्य ही उसकी पहचान बनाता है। उन्होंने सभी से शासन की मंशा के अनुरूप टीम भावना के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।
नवपदस्थ मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें जिलाधिकारी के साथ पुनः कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जो उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वे शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जीडीए के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। वहीं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने भी निवर्तमान मुख्य विकास अधिकारी के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समाजसेवियों ने निवर्तमान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नवपदस्थ मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ का गर्मजोशी से स्वागत किया।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें