*योजना की धीमी प्रगति एवं लंबित प्रकरणों पर सीडीओ ने की गहरी नाराजगी व्यक्त
गाजियाबाद । मुख्य विकास अधिकारी जनपद गाजियाबाद कुमार सौरभ की अध्यक्षता में जूम के माध्यम से पीएम सूर्यघर योजना की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत विभागवार प्रगति, बैंकिंग डिस्बर्सल, प्रचार-प्रसार, फील्ड स्तर की गतिविधियों एवं विभिन्न विभागों को आवंटित लक्ष्यों की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने योजना की धीमी प्रगति एवं लंबित प्रकरणों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग लक्ष्य पूर्ति हेतु गंभीरता एवं समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में डिस्कॉम अधिकारियों की विशेष समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि डिस्कॉम को दिए गए लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया गया कि क्षेत्रीय फील्ड स्टाफ, लाइनमैन एवं अन्य कर्मचारियों के माध्यम से गांव-गांव एवं वार्ड स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना के अंतर्गत आवेदन कर सकें।
एलडीएम की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अनेक प्रकरणों में ऋण स्वीकृत होने के बावजूद भी बैंकों द्वारा समय से डिस्बर्समेंट नहीं किया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने एलडीएम को निर्देशित किया गया कि दो दिवस के भीतर लंबित डिस्बर्सल प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
साथ ही परियोजना अधिकारी गाजियाबाद जावेद खान को निर्देशित किया गया कि योजना से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स, विशेष रूप से डिस्कॉम अधिकारियों, बैंक अधिकारियों एवं एलडीएम के साथ पृथक-पृथक बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए, जिससे योजना की प्रगति में तेजी लाई जा सके।
बैठक में बीएसए एवं शिक्षा विभाग की भी समीक्षा की गई तथा विद्यालयों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को निर्देशित किया गया कि समस्त ग्राम प्रधानों को योजना के प्रति अधिक से अधिक प्रेरित एवं जागरूक किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को योजना की जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि जब ग्राम प्रधान स्वयं योजना से जुड़ते हैं तो अन्य ग्रामीण भी प्रेरित होकर योजना में आवेदन करते हैं, जिससे योजना का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचता है।
बैठक में समस्त खंड विकास अधिकारियों, संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं अन्य उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पीएम सूर्यघर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाए तथा शासन की मंशानुसार लक्ष्य पूर्ति समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें