गाजियाबाद । समाजवादी पार्टी के "जनसेवा ही संकल्प" अभियान के तहत आज वार्ड 88 (राम नगर-गांधी नगर) स्थित राम नगर पार्क में एक विशाल 'समाजवादी निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर ' का बुधवार को सफल आयोजन व उद्घाटन किया गया। यह आयोजन समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय निवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएँ पूरी तरह निःशुल्क प्रदान करना है।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री राकेश यादव उपस्थित रहे। उनके साथ जिलाध्यक्ष फ़ैसल हुसैन, महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव (एडवोकेट), विधानसभा अध्यक्ष शाहनवाज ख़ान, डॉ. राजन कश्यप एवं जिला महासचिव नितिन त्यागी आदि वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से फीता काटकर समाजवादी मेडिकल कैम्प का विधिवत शुभारंभ किया।
शिविर में स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए ब्लड प्रेशर, ईसीजी (ECG), ब्लड शुगर, फेफड़ों की जाँच (PFT) और हीमोग्लोबिन जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जाँचें पूरी तरह मुफ़्त की जा रही हैं। इसके साथ ही, मरीजों के सटीक उपचार एवं परामर्श के लिए जनरल फिजिशियन, दंत विशेषज्ञ (डेंटिस्ट), स्त्री रोग विशेषज्ञ और फिजियोथेरेपिस्ट जैसे अनुभवी एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौके पर मौजूद रहकर अपनी सेवाएँ प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर आयोजक एवं प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग जी ने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव जनसेवा और गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर में पहुँचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें