रिपोर्ट--मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने इस वर्ष किये गये कार्यों और अगले वर्ष की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जीडीए की ओर से आयोजित की गई प्रेसवार्ता में सचिव वीके मिश्र ने बताया कि प्राधिकरण के हिस्से में कई उपलब्धियां आई हैं।
उन्होंने बताया कि हरनन्दीपुरम योजना को प्राधिकरण बोर्ड द्वारा दिनांक 02.09.2025 को अनुमोदन दिया गया था। यह योजना लगभग 521 हे0 में 08 राजस्व ग्रामों की भूमि को किसानों से आपसी सहमति के आधार पर क्रय करते हुए प्रस्तावित की गयी है, जिसके प्रथम चरण में 336 हे० भूमि का क्रय किया जाना है। वर्तमान में लगभग 55 हे0 भूमि का क्रय आपसी सहमति से किया जा चुका है एवं 115 हे0 भूमि पर सहमति प्राप्त की जा चुकी है, जिसके क्रय की प्रक्रिया प्रस्तावित है। उक्त योजना हेतु कंसलटेंट का चयन किया जा चुका है एवं कंसलटेंट द्वारा इन्सेप्शन रिपोर्ट प्रस्तुत की जा चुकी है। साथ ही दिनांक 30.12.2025 को ले-आउट का प्रस्तुतीकरण उपाध्यक्ष महोदय के समक्ष किया गया। इस योजना को आगामी तीन से चार महीनों में धरातल पर उतारा जाना प्रस्तावित है।
मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना
सचिव ने बताया कि मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना की परिकल्पना वर्ष 2004 में लगभग 1300 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित की गयी थी। वर्तमान में इस योजना का क्षेत्रफल 1374 एकड़ है, जिसमें 800 एकड़ भूमि के विषय में कास्तकारों को 06 प्रतिशत विकसित भूखण्ड दिये जाने थे, जिसको तलपट मानचित्र पर दर्शित करते हुए 762 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी ड्रॉ के माध्यम से दिनांक 27.09.2025 व 28.09.2025 को किया गया। इस आवंटन के पश्चात् कृषकों की समस्याओं का निस्तारण किया गया और लगभग रुपये 4000 करोड़ की परिसम्पत्तियां आगामी वर्ष में निस्तारित किया जाना प्रस्तावित है। मधुबन-बापूधाम योजना में विकास कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है, जिसमें लगभग रुपये 250 करोड़ की लागत से निविदा की जानी प्रस्तावित है।
मधुबन-बापूधाम योजना को एन.एच.-58 से जोड़ने हेतु आर.ओ.बी. का निर्माण कार्य
उन्होंने बताया कि मधुबन-बापूधाम को एन.एच.-58 से जोड़ने हेतु रेलवे के ऊपर लगभग रुपये 90 करोड़ की लागत से आर.ओ.बी. का निर्माण कार्य अन्तिम दौर पर है। इस कार्य में अप्रोच रोड एवं आर.ई. वॉल का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लि० द्वारा एवं मुख्य आर.ओ. बी. का निर्माण रेलवे द्वारा किया जा रहा है। यह आर.ओ.बी. मई, 2026 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। इससे मधुबन-बापूधाम के साथ-साथ स्वर्णजयन्तीपुरम, कर्पूरीपुरम, गोविन्दपुरम व अन्य लोगों को सीधे
बुनकर मार्ट / मधुबन कनवेन्शन सेन्टर का निर्माण कार्य
अपर सचिव पी के सिंह ने बताया कि.मधुबन-बापूधाम योजना में लगभग रुपये 155 करोड़ की लागत से बुनकर मार्ट कम एक्सपो सेन्टर का निर्माण कार्य प्रगतिमान है। इस परियोजना में भूतल पर शोरूम, कॉनफ्रेन्स रूम, मीटिंग रूम, ऑडिटोरियम, बुनकर शॉप्स, फूड कोर्ट एवं ओपन थिएटर का प्रावधान किया गया है। प्रथम तल पर कन्वेन्शनल हॉल, मनोरंजन क्षेत्र, मीटिंग रूम, ऑफिस रूम, फूड कोर्ट एवं एक्सपों सेन्टर का प्रावधान किया गया है। द्वितीय तल पर डबल हाईट एस्पो हॉल, बुनकर आवास, ऑफिस रूम व फूड कोर्ट का प्रावधान किया गया है। उक्त परियोजना अन्तिम चरण में है एवं इसके अनुरक्षण एवं प्रबन्धन के लिए ई.ओ.आई. की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
शहर में पार्क एवं सौन्दर्याकरण परियोजनाएं
वेस्ट टू वण्डर पार्क इन्दिरापुरम योजना में लगभग 1450 एकड़ क्षेत्रफल में संस्कृत दर्शन पार्क' के नाम से इस पार्क को विकसित किया जा रहा है।
रामायण थीम पार्क
कोयल एनक्लेव योजना में लगभग 22700 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में रामायण थीम पर आधारित पार्क का विकास कार्य किया जा रहा है। यह पार्क वर्ष 2026 में पूर्ण कर आम जनमानस हेतु उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है। इस पार्क में 15 कलाकृतियां, ऑडियो विजुअल शो, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र व थिएटर आदि रामायण थीम पर प्रस्तावित किये गये हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत ई.डब्ल्यू.एस. भवनों का निर्माण कार्य
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा 3496 ई.डब्ल्यू.एस. भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण करते हुए आवंटन किया जा चुका है, जिसमें मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में 856 भवन, डासना में 432, प्रताप विहार योजना में 1200, नूरनगर में 480 तथा ग्राम-निवाड़ी (मोदीनगर) में 528 भवन सम्मिलित हैं। मधुबन-बापूधाम योजना में उक्त भवनों की रजिस्ट्री किया जाना प्रारम्भ हो चुका है।
उत्सव भवन (वैशाली)
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा वैशाली क्षेत्र में लगभग 1800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में मा० मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में उत्सव भवन का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को विवाह, पारिवारिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए एक किफायती एवं सुव्यवस्थित स्थल उपलब्ध कराना है। यह सुविधा 'फिक्स-यूजर-फी' मॉडल पर संचालित होगी, जिससे आम जन को सुलभ दरों पर सेवाएं मिलेंगी। इस भवन का डिजाइन काउसिंल ऑफ आर्किटेक्चर के साथ संयुक्त रूप से प्रतियोगिता आयोजित कर चयन किया गया है।
पहल पोर्टल से लोगों को हुआ फायदा
सचिव वी के मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कर कमलों द्वारा गाजियाबाद के इन्दिरापुरम में स्थित कैलाश मानसरोवर भवन में आगमन के दौरान पहल पोर्टल का विधिवत् शुभारम्भ किया गया था। तब से लेकर वर्तमान तक डिजिटल क्षेत्र की दुनिया में पहल पोर्टल नये-नये आयाम स्थापित कर रहा है। यह पोर्टल नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया था, जिसके आरम्भ होने से प्राधिकरण के सभी आवंटियों को एक क्लिक में सम्पत्ति से सम्बन्धित समस्त सूचनाएं व कार्यवाही किये जाने की सुविधा प्राप्त हो रही है। यह एक सिंगल विण्डों सिस्टम है, जो पारदर्शी एवं पूर्ण रूप से डिजिटल है, जिसके माध्यम से सम्पत्ति का भुगतान हो, लेजर रिपोर्ट देखना हो या किश्तों का पुनर्निर्धारण करना हो। सब कुछ सम्भव है, इस पोर्टल के माध्यम से 34298 रजिस्ट्रेशन हुए थे। रजिस्ट्री के माध्यम से 4.72 करोड़ प्राप्त हुए।
उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष मे 1653 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे इस बार नवम्बर तक 1582 करोड़ रूपये प्राप्त हुए मार्च 26 तक दो गुना हो जाएगा।
नन्दग्राम योजना में 77 आवासीय भूखण्डों की योजना
उन्होंने बताया कि नन्दग्राम योजना में प्राधिकरण में 77 आवासीय भूखण्डों की योजना तैयार की जा रही है, जिसे नये साल के शुरूआत में ही लॉन्च किये जाने की सम्भावना है। इस योजना में लगभग 60 वर्ग मीटर से लेकर 210 वर्ग मीटर के भूखण्ड सृजित किये गये हैं, जिन्हे आम जनमानस को लॉटरी के माध्यम से आवंटित किये जायेंगे।
प्राधिकरण की अन्य उपलब्धियां व आगामी परियोजनाएं
जीडीए सचिव मिश्रा ने बताया कि तुलसी निकेतन रि-डवलपमेंट, राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, इन्दिरापुरम योजना में कैलाश मानसरोवर भवन का अनुरक्षण व संचालन, राजनगर एक्सटेंशन में जोनल प्लान रोड का निर्माण कार्य, इन्दिरापुरम योजना का नगर निगम को हस्तांतरण, प्राधिकरण को कर्जमुक्त करते हुए दोगुने से अधिक की आय, सिटी फॉरेस्ट का जीर्णोद्धार, मधुबन-बापूधाम योजना में प्राधिकरण के नवीन कार्यालय का निर्माण कार्य, जनभागिदारी हेतु ग्रीनऑथन का आयोजन व वृक्षारोपण इत्यादि । प्रेस वार्ता में सचिव वी के मिश्रा, अपर सचिव पी के सिंह, मुख्य अभियंता आलोक रंजन, सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला आदि उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें