सोमवार, 22 दिसंबर 2025

इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज को महिलाओं के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए सीआईआई सम्मान

 

                     रिपोर्ट-मुकेश गुप्ता

साहिबाबाद। औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 स्थित इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए यह अत्यंत गर्व, सम्मान और गौरव का अवसर है कि संस्थान को वर्ष 2025 के लिए कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) द्वारा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (स्टेम) के क्षेत्र में महिलाओं की उत्कृष्ट सहभागिता को प्रोत्साहित करने हेतु उत्कृष्टता सम्मान से अलंकृत किया गया है। इस उपलब्धि के साथ ही इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज ने संस्थागत श्रेणी में देश के शीर्ष दस शिक्षण संस्थानों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है।

नई दिल्ली स्थित ली मेरिडियन होटल में आयोजित प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं विकास तथा बौद्धिक संपदा पर वैश्विक शिखर सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। इस राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में उन शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी, नेतृत्व और सशक्तिकरण को निरंतर बढ़ावा दिया है।

इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से यह सम्मान स्टेम पुरस्कारों की एकल संपर्क अधिकारी तथा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ एवं छात्र कल्याण की अधिष्ठाता प्रोफेसर (डॉ.) मीनाक्षी शर्मा ने ग्रहण किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान संस्थान की उस प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जिसके अंतर्गत छात्राओं को वैज्ञानिक सोच, तकनीकी दक्षता और नवाचार के लिए निरंतर प्रेरित किया जाता है।

कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संगठन है, जो उद्योग, सरकार और नागरिक समाज के सहयोग से परामर्शात्मक एवं सलाहकार प्रक्रियाओं के माध्यम से भारत के औद्योगिक, तकनीकी एवं सामाजिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में महिलाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े क्षेत्रों में समान अवसर, सुरक्षित वातावरण और नेतृत्व के मंच प्रदान किए जाते रहे हैं। संस्थान की यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। इस सम्मान पर संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चैयरमेन पुनीत अग्रवाल, निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) अनिल कुमार सोलंकी,प्रशिक्षण एवं नियुक्ति निदेशक आकांक्षा अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संस्थान की प्रगतिशील सोच और महिला सशक्तिकरण के प्रति दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान भविष्य में और अधिक छात्राओं को विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा तथा संस्थान शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें