महाराजश्री के साथ श्रीमहंत स्वामी ओम महर्षि महाराज, पंडित महेश चंद वशिष्ठ एवं दास विजय बाबा ने भी मां अम्बे की पूजा-अर्चना की
मंदिर में 21 दिसंबर को अपरान्ह 4 बजे से सायं 7 बजे तक माता की चौकी का आयोजन
फ्लोरिडा, अमेरिका:सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली संत मंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज अमेरिका की धर्म यात्रा के दौरान फ्लोरिडा स्थित 10991-58 स्ट्रीट, पिनेलास पार्क में स्थित प्रसिद्ध अम्बाजी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां अम्बे की विधिवत पूजा-अर्चना की।
महाराजश्री के साथ मंदिर की देखरेख कर रहे महामंडलेश्वर स्वामी श्री विश्वेश्वरानंद गिरी जी महाराज के शिष्य श्रीमहंत स्वामी ओम महर्षि महाराज, पंडित महेश चंद वशिष्ठ एवं दास विजय बाबा ने भी मां अम्बे के चरणों में श्रद्धा निवेदित की।
इस अवसर पर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि अम्बाजी मंदिर अमेरिका का एक प्रसिद्ध एवं श्रद्धा का केंद्र है, जिसका निर्माण महामंडलेश्वर स्वामी श्री विश्वेश्वरानंद गिरी जी महाराज, आचार्य पीठ सूरतगिरी बंगला, हरिद्वार एवं संन्यास आश्रम, विले पार्ले (पश्चिम), मुंबई के आशीर्वाद से हुआ है। यहां महाराजश्री का आश्रम भी स्थित है।
मंदिर की देखरेख श्रीमहंत स्वामी ओम महर्षि महाराज द्वारा की जाती है तथा मंदिर के मुख्य पुजारी जगदीश भाई हैं। मंदिर परिसर में स्थित लाल रंग के आंवले का वृक्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का विषय है। मान्यता है कि यह आंवले का लाल रंग महामंडलेश्वर स्वामी श्री विश्वेश्वरानंद गिरी जी महाराज की दिव्य वाणी और आशीर्वाद का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने पूर्व में कहा था कि सामान्यतः आंवला सफेद, हरा या पीला होता है, किंतु यहां आंवला लाल रंग का होगा—और यह उनकी वाणी का प्रभाव ही है कि वृक्ष पर लाल रंग के आंवले फलते हैं।
मंदिर की मान्यता अत्यंत व्यापक है तथा वर्ष भर यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
मंदिर में 21 दिसंबर को अपरान्ह 4 बजे से सायं 7 बजे तक माता की चौकी का आयोजन किया जाएगा। माता की चौकी का संचालन पंडित महेश चंद वशिष्ठ द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज, श्रीमहंत स्वामी ओम महर्षि महाराज एवं दास विजय बाबा के प्रवचन होंगे। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें